विधायक दिनेश गुर्जर के बेटे का रसूख, पुलिस के साथ मिलकर युवकों को पीटने का आरोप
समझें क्या है पूरा मामला...
- भोपाल के मालवीय नगर में बुधवार, 24 जून की रात विवाद हुआ।
- मुरैना विधायक दिनेश गुर्जर के बेटे देवराज और चार युवकों के बीच झगड़ा हुआ।
- पुलिस ने देवराज की शिकायत पर चारों युवकों को गिरफ्तार कर लिया है।
- परिवार का दावा है कि थाने में उनकी बेरहमी से पिटाई हुई।
- एक आरोपी की चोटों का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
भोपाल के मालवीय नगर इलाके में एक एमएलए रेस्ट हाउस (एमपी विधायक रेस्ट हाउस) है। यहां बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात मुरैना विधायक दिनेश गुर्जर के बेटे देवराज और चार युवकों के बीच विवाद हुआ।
क्या है पूरा विवाद
जानकारी के अनुसार देवराज ने पुलिस को बताया कि वे रात करीब साढ़े बारह बजे डिनर के बाद बालकनी में टहल रहे थे। उन्होंने घर के सामने चार युवकों को शराब पीते देखा।
इसके बाद नीचे जाकर देवराज ने उन्हें वहां से जाने को कहा तो युवक गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि उन्होंने घर की सीढ़ियों पर चढ़ने की कोशिश भी की थी।
देवराज का यह भी आरोप है कि चारों युवक शराब के लिए पैसे मांग रहे थे। पैसे न देने पर उन्होंने मारपीट और छीना-झपटी की। इसके अलावा उन्होंने जान से मारने की धमकी भी दी। इस दौरान देवराज के दोस्त हर्ष वर्मा और सौरभ बकोरिया ने बीच-बचाव किया।
पुलिस की कार्रवाई
देवराज की शिकायत पर अरेरा हिल्स पुलिस ने केस दर्ज किया गया। मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी जैसी धाराएं लगाई गईं। पुलिस ने चार युवकों को बुधवार-गुरुवार की रात गिरफ्तार किया। गिरफ्तार युवकों के नाम पंकज यादव, मयंक यादव, रोहन यादव और विक्की बताए गए हैं।
अरेरा हिल्स थाना प्रभारी सुनील शर्मा ने बताया कि आरोपियों को शुक्रवार, 26 जून को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
परिवार का आरोप
वहीं गिरफ्तार युवकों के परिजनों का आरोप गंभीर है। उनका कहना है कि गिरफ्तारी के बावजूद गुरुवार को कोर्ट में पेशी नहीं हुई। परिजनों ने यह भी दावा किया कि थाने में उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। एक आरोपी की चोटों का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
मामा का अलग बयान
आरोपियों के मामा दिनेश यादव ने पूरी घटना का अलग वर्जन बताया है। उनके मुताबिक तीनों भाई एमएलए रेस्ट हाउस की बाउंड्री से लगे इलाके में रहते हैं। तीनों प्राइवेट नौकरी करते हैं और मयंक कैब भी चलाता है।
दिनेश यादव का दावा है कि विवाद रोहन और देवराज की गाड़ी टकराने से शुरू हुआ था। इसके बाद देवराज और उनके साथियों ने रोहन से मारपीट की। जानकारी मिलने पर मयंक, पंकज और विक्की भी वहां पहुंच गए।
परिवार का आरोप है कि इस दौरान कैब में तोड़फोड़ की गई। चारों युवकों से मारपीट हुई। उनका यह भी कहना है कि थाने में पुलिसकर्मियों के साथ देवराज ने भी डंडों से पिटाई की।
पुलिस कमिश्नर की प्रतिक्रिया
वहीं इस मामले में पुलिस कमिश्नर संजय कुमार का बयान भी आया है। उनका कहना है कि अगर परिजनों को पुलिस कार्रवाई पर कोई संदेह या शिकायत है, तो वे आवेदन दें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शिकायत मिलने पर जांच कराई जाएगी।
ये खबरें भी पढ़िए...
इंदौर पुलिस पिटी, अधिकारियों की चुप्पी, मोहसिन अभी भी 500 करोड़ की विवादित जमीन पर
क्राइम न्यूज: युवक को जिंदा जलाया, पिता भी झुलसे, 250 रुपए का था विवाद
एमपी न्यूज: भाजपा विधायक जगन्नाथ सिंह पर फायरिंग कराने के आरोप, बिजली काटी, पत्थरबाजी भी की!
गुना ट्रिपल मर्डर केस, मां के अवैध संबंध से नाराज बेटे ने की 3 हत्याएं