Modi Cabinet : शिवराज को कृषि, सिंधिया दूरसंचार मंत्री बने, खटीक को सामाजिक न्याय

Jitendra Shrivastava | Jun 10, 2024, 20:03 IST
THESOOTR
मोदी कैबिनेट में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के साथ पंचायती राज और ग्रामीण विकास मंत्रालय भी संभालेंगे। पहली बार केंद्रीय मंत्री के रूप में शिवराज सिंह को पीएम मोदी ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है...

Modi Cabinet : नरेंद्र मोदी सरकार के मंत्रियों के विभागों का बंटवारा कर दिया गया है। रक्षा मंत्रालय राजनाथ सिंह के पास, गृह अमित शाह, विदेश एस जयशंकर और वित्त मंत्रालय निर्मला सीतारमण के पास ही रहेगा। इसके अलावा शिवराज सिंह चौहान को कृषि मंत्रालय के अलावा एक अतिरिक्त जिम्मेदारी भी दी गई है। ज्योतिरादित्य सिंधिया को दूरसंचार मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंपी गई है।



शिवराज सिंह को कृषि मंत्रालय


केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही पंचायती राज और ग्रामीण विकास मंत्रालय भी संभालेंगे। पहली बार केंद्रीय मंत्री के रूप में शपथ लेने के 23 घंटे बाद शिवराज सिंह को पीएम मोदी ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। शिवराज सिंह चौहान मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल में मंत्री रहे नरेन्द्र सिंह तोमर वाली भूमिका में आ गए हैं। नरेंद्र सिंह तोमर के पास भी कृषि विभाग के साथ ही पंचायती राज और ग्रामीण विकास की जिम्मेदारी थी। अब ये दोनों ही विभाग शिवराज सिंह चौहान को सौंपे गए हैं।



ज्योतिरादित्य को दूरसंचार मंत्रालय


केंद्रीय कैबिनेट मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को दूरसंचार मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल में उनके पास सिविल एविएशन मंत्रालय था। जो इस बार राम मोहन नायडू को दिया गया है।



वीरेन्द्र कुमार को सामाजिक न्याय


केंद्रीय कैबिनेट मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार खटीक को सामाजिक न्याय विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल में भी उनके पास इसी विभाग की जिम्मेदारी थी।



सावित्री ठाकुर को महिला एवं बाल विकास


केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर को महिला एवं बाल विकास विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उईके को जनजातीय मामलो की जिम्मेदारी सौंपी गई है।



तोखन साहू को शहरी विकास राज्य मंत्री


छत्तीसगढ़ से केंद्रीय राज्य मंत्री बनाए गए बिलासपुर सांसद तोखन साहू को हाउसिंग एवं अर्बन अफेयर्स का राज्य मंत्री बनाया गया।



Tags:
  • शिवराज सिंह चौहान
  • ज्योतिरादित्य सिंधिया
  • Modi cabinet
  • दूरसंचार मंत्रालय
  • कृषि एवं किसान कल्याण