मोहन कैबिनेट के फैसले: प्रदेश भर में चलेगा जन विश्वास अभियान, पुलिस में हजारों नए पद मंजूर

Amresh Kushwaha | Jul 28, 2026, 13:49 IST
मध्य प्रदेश कैबिनेट की बैठक
मध्य प्रदेश कैबिनेट ने कई अहम फैसले लिए हैं। अब हर शुक्रवार जन विश्वास अभियान चलेगा। भोपाल में महिला हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी होगी। पुलिस में हजारों नए पद मंजूर हुए हैं। आइसर भोपाल में ड्रोन सेंटर भी बनेगा। जानिए कैबिनेट के सभी बड़े फैसले...

समझें क्या है पूरा मामला...

  • मध्य प्रदेश कैबिनेट की बैठक में कई बड़े फैसले हुए हैं।
  • हर शुक्रवार अब पूरे प्रदेश में जन विश्वास अभियान चलेगा।
  • भोपाल में महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2026 होगी।
  • पुलिस विभाग में 9662 नए पदों को मंजूरी मिली है।
  • आइसर भोपाल में एआई आधारित ड्रोन तकनीक सेंटर बनेगा।

Mohan Cabinet: मंगलवार, 28 जुलाई को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक हुई। इस बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। मंत्री राकेश सिंह ने इन फैसलों की जानकारी दी है। बैठक में निवेश, पुलिस भर्ती, खेल और जनहित से जुड़े मुद्दे शामिल रहे। साथ ही एक नए अभियान की भी घोषणा हुई है। यह अभियान अब हर शुक्रवार प्रदेश भर में चलेगा।



जन विश्वास अभियान

मोहन कैबिनेट ने जन विश्वास अभियान शुरू करने का फैसला लिया है। यह अभियान हर शुक्रवार को चलाया जाएगा। इस दिन कोई सरकारी बैठक आयोजित नहीं होगी। इसकी जगह मंत्री, विधायक और अधिकारी जमीनी स्तर पर जाएंगे। मुख्यमंत्री खुद भी इसमें शामिल होंगे।



कलेक्टरों को इस अभियान की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी और आयुष्मान योजना इसमें शामिल हैं। जल जीवन मिशन और आंगनबाड़ी से जुड़े मुद्दे भी देखे जाएंगे। खाद और बीज से जुड़ी समस्याओं पर भी ध्यान दिया जाएगा।



ग्रामीण इलाकों में पंचायत इकाई मानी जाएगी। शहरी क्षेत्रों में वार्ड को इकाई बनाया जाएगा। हर बार अलग-अलग पंचायत और वार्ड चुने जाएंगे। मंत्रियों को पहले अपने प्रभार वाले जिलों में जाना होगा। सरकार का कहना है कि यह अभियान बहुत सादगी से चलेगा। इसमें बड़ा खर्च या तामझाम नहीं होगा। सरकार ने भ्रष्टाचार पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है।





भोपाल हॉकी टूर्नामेंट

मंत्री राकेश सिंह ने बताय है कि भोपाल में महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2026 होने जा रही है। यह टूर्नामेंट अक्टूबर और नवंबर में खेला जाएगा। इसमें एशिया की छह प्रमुख महिला टीमें भाग लेंगी। भारत, चीन, जापान, मलेशिया, दक्षिण कोरिया और थाईलैंड की टीमें शामिल होंगी।



इस टूर्नामेंट में 200 से ज्यादा खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। यह आयोजन नाथू बरखेड़ा के नए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में होगा। इस पर करीब 18 करोड़ रुपए खर्च होंगे। वित्त विभाग ने इस खर्च को मंजूरी दे दी है।



एमपी पुलिस में नई भर्तियां

पुलिस विभाग को लेकर भी बड़ा फैसला हुआ है। पुलिस विभाग में 25 हजार से ज्यादा कर्मचारियों की पदोन्नति हुई है। साथ ही अलग-अलग श्रेणियों में 9662 नए पदों को मंजूरी दी गई है। पिछले साल भी करीब 8500 पद स्वीकृत हुए थे। दोनों साल मिलाकर करीब 18 हजार पद मंजूर हुए हैं। सरकार का लक्ष्य मध्य प्रदेश पुलिस को देश की बेहतर पुलिस बनाना है।



निवेश के नए प्रस्ताव

मध्य प्रदेश को कुछ बड़े निवेश प्रस्ताव भी मिले हैं। श्याम सेन पावर कंपनी लिमिटेड करीब 1000 करोड़ रुपए निवेश करेगी। इससे 1000 से ज्यादा लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है। पारस डिफेंस एंड स्पेस टेक्नोलॉजी भी राज्य में सेमीकंडक्टर परियोजना लगाएगी। इसमें करीब 6200 करोड़ रुपए का निवेश होगा। इससे ढाई हजार से ज्यादा लोगों को रोजगार मिलेगा।



सिंचाई और जल योजनाएं

जल संसाधन विभाग से जुड़ी कुछ योजनाओं को भी मंजूरी मिली है। रिहंद माइक्रो परियोजना के लिए अगले पांच साल में 111 करोड़ रुपए खर्च होंगे। मलहारगढ़ दाब युक्त वृहद उद्वहन सिंचाई परियोजना को भी निरंतरता मिली है। इसके लिए 184 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई है। यह योजना 2025 से 2031 तक चलेगी।



ड्रोन तकनीक पर जोर

विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग को लेकर भी अहम फैसला हुआ है। आइसर (Indian Institute of Science Education and Research) भोपाल में ड्रोन तकनीक सेंटर बनेगा। यह एआई (Artificial Intelligence) आधारित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस होगा। इस पर करीब 85 करोड़ 51 हजार रुपए खर्च होंगे। यह सेंटर ट्रेनिंग, रिसर्च और रोजगार सृजन में मदद करेगा। इसी विभाग की अन्य योजनाओं की निरंतरता के लिए 110 करोड़ रुपए मंजूर हुए हैं।



मोहन कैबिनेट के अन्य अहम फैसले

ग्वालियर जिले में विद्युत सुरक्षा निरीक्षालय का नया कार्यालय खुलेगा। इसके लिए नए पदों को भी मंजूरी दी गई है। मंदसौर जिले के नारायणगंज में अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश का नया पद बनेगा। सामान्य प्रशासन विभाग की योजनाओं के लिए 129 करोड़ रुपए मंजूर हुए हैं। महिला बाल विकास और वित्त विभाग की योजनाओं को भी निरंतरता मिली है।



किसानों के लिए समर्थन मूल्य पर बोनस भुगतान योजना जारी रहेगी। बाट और माप से जुड़े नियमों में भी बदलाव होगा। अब बार-बार लाइसेंस रिन्यू कराने की जरूरत नहीं होगी। एक बार रजिस्ट्रेशन कराने के बाद यह नियमित रहेगा। इसे ईज ऑफ डूइंग बिजनेस (Ease of Doing Business) से जोड़कर देखा जा रहा है। लोक निर्माण विभाग में एक अनुकंपा नियुक्ति का मामला भी सामने आया है।



इसके अलावा प्रधानमंत्री ने भी मध्य प्रदेश के जल संरक्षण कार्यों की तारीफ की है। सीधी जिले में बने 1500 तालाबों की उन्होंने सराहना की। नरसिंहपुर में अमृत सरोवरों को संवारने के काम को भी सराहा गया।



FAQ

  1. जन विश्वास अभियान कब से शुरू होगा और क्या है?
    जन विश्वास अभियान हर शुक्रवार को चलाया जाएगा। इस दिन मंत्री, विधायक और अधिकारी गांव और वार्ड स्तर पर जाएंगे। सीएम हेल्पलाइन, आयुष्मान योजना और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं की निगरानी होगी। इसका मकसद योजनाओं को जमीनी स्तर पर बेहतर तरीके से लागू करना है।
  2. भोपाल में महिला हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी कब होगी?
    भोपाल में महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2026 अक्टूबर-नवंबर में होगी। इसमें भारत, चीन, जापान, मलेशिया, दक्षिण कोरिया और थाईलैंड की टीमें खेलेंगी। यह आयोजन नाथू बरखेड़ा के नए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में होगा। इसमें 200 से ज्यादा खिलाड़ी भाग लेंगे।
  3. एमपी पुलिस विभाग में कितने नए पद मंजूर हुए हैं?
    पुलिस विभाग में अलग-अलग श्रेणियों में 9662 नए पद मंजूर हुए हैं। पिछले साल करीब 8500 पद स्वीकृत हुए थे। दोनों साल मिलाकर करीब 18 हजार पद मंजूर हुए हैं। साथ ही 25 हजार से ज्यादा कर्मचारियों की पदोन्नति भी हुई है।

MP News: मोहन कैबिनेट की ये खबरें भी पढ़िए...

मोहन कैबिनेट से 48 लाख परिवारों को मिला बड़ा तोहफा, मुफ्त होगी संपत्तियों की रजिस्ट्री



मोहन कैबिनेट से किसानों को मिली राहत भरी सौगात, 6 जिलों में नए मेडिकल कॉलेज को मिली मंजूरी



मोहन कैबिनेट ने किसानों को दिया बड़ा तोहफा, SC छात्रों को मिलेंगे 10 हजार रुपए, FTRI को मंजूरी



मोहन कैबिनेट बैठक: सिंहस्थ-2028 की तैयारी तेज, किसानों और जल अभियान पर फोकस



Tags:
  • मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
  • MP News
  • मोहन कैबिनेट
  • पुलिस विभाग
  • जल संसाधन विभाग
  • भोपाल हॉकी टूर्नामेंट
  • मंत्री राकेश सिंह
  • मोहन कैबिनेट बैठक
  • जन विश्वास अभियान