बंगाल चुनाव नतीजों पर बोले सीएम मोहन यादव: कंस की तरह बुलाए घुसपैठिए, अब जनता ने कर दिया पूरा हिसाब
ग्वालियर में आयोजित एक बड़े सम्मेलन में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के तेवर काफी सख्त नजर आएं। उन्होंने पश्चिम बंगाल के चुनाव नतीजों पर अपनी बात रखते हुए ममता बनर्जी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। सीएम ने कहा कि बंगाल में बीजेपी की जीत दरअसल गौ-पालकों और गौ-माता के आशीर्वाद का फल है। उन्होंने इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि जैसे कंस ने अराजकता फैलाने के लिए विदेशियों का सहारा लिया था, वैसे ही ममता दीदी ने घुसपैठियों को बुलाकर देश का माहौल बिगाड़ने की कोशिश की।
घुसपैठियों पर कड़ा प्रहार
मुख्यमंत्री ने बड़े ही सरल शब्दों में कहा कि यह बहुत दुख की बात है कि अपनी सत्ता बचाने के लिए विदेशी लोगों से वोट डलवाए गए। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या कुर्सी इतनी प्यारी है कि देश की सुरक्षा को दांव पर लगा दिया जाए? मोहन यादव ने साफ लहजे में कहा कि हमारे जवान सीमा पर अपनी जान की बाजी लगाते हैं, ऐसे में कोई घुसपैठिया आकर हमारे हक पर डाका डाले, यह देश कभी बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता ने अब हिसाब चुकता कर दिया है।
ग्वालियर और डबरा को मिली सौगात
राजनीति के साथ-साथ सीएम ने विकास की बात भी की। उन्होंने पशुपालकों के लिए ग्वालियर में एक अत्याधुनिक 'वेलनेस सेंटर' और डबरा में नया पशु चिकित्सालय खोलने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि अब हमारी गौ-माता को इलाज के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। इस सेंटर में पशुओं के लिए पौष्टिक आहार भी बनाया जाएगा। सीएम ने किसानों और जवानों को एक समान बताते हुए कहा कि दोनों ही देश की रीढ़ हैं।
लाड़ली बहनों पर दिया जवाब
राहुल गांधी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए डॉ. यादव ने कहा कि विपक्ष कहता था कि लाड़ली बहना योजना बंद हो जाएगी। लेकिन हकीकत यह है कि अब तक प्रत्येक बहन के खाते में लगभग 40 हजार रुपए तक की राशि भेजी जा चुकी है। उन्होंने इसे अपनी सरकार की बड़ी उपलब्धि बताया और कहा कि हम हर महीने रक्षाबंधन मनाते हैं।
सनातन और किसान कल्याण का साल
मुख्यमंत्री ने इस साल को 'किसान कल्याण वर्ष' घोषित करते हुए कहा कि भगवान कृष्ण ने हमें दूध और माखन की ताकत सिखाई थी। उन्होंने जोर देकर कहा कि जिस घर में गाय है, वही असली गोपाल है। सरकार का लक्ष्य किसान, महिला, युवा और गरीब—इन चारों वर्गों का एक साथ विकास करना है, तभी देश आगे बढ़ेगा।
यह खबरें भी पढ़ें...
ग्वालियर एयरपोर्ट से दिल्ली और बेंगलुरु के लिए सीधी फ्लाइट सेवा शुरू, हवाई यात्रियों को मिलेगा फायदा
एसीबी की कार्रवाई, इंजीनियर को रिश्वत लेते किया गिरफ्तार, पेट्रोल पंप की एनओसी के बदले मांगे पैसे
IAS टॉपर्स की गुरु के साथ 1.89 करोड़ की ठगी, जानें कौन हैं शुभ्रा रंजन
कागजों में एमपी के किसानों का कल्याण! 19 साल पुरानी गाड़ियों से ढोए किसान, काजू-बादाम में उड़ाया बजट