मध्य भारत में मानसून ने पकड़ी रफ्तार! MP-CG और राजस्थान में झमाझम बारिश का अलर्ट

Amresh Kushwaha | Jul 29, 2026, 07:13 IST
MP-CG और राजस्थान में झमाझम बारिश का अलर्ट
मध्य भारत में मानसून (Monsoon in Central India) के फिर से रफ्तार पकड़ने से MP, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। जानिए मौसम विभाग का पूरा अपडेट...

Weather Update: मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में मानसून एक बार फिर पूरी तरह मेहरबान है। तीनों राज्यों के कई इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मप्र के पांच जिलों में चार इंच तक बारिश की संभावना जताई गई है।



छत्तीसगढ़ में गहरे अवदाब के चलते लगातार दो दिनों तक तेज बारिश होगी। हालांकि, यहां बिजली गिरने से अब तक पांच लोगों की दुखद मौत हुई। राजस्थान के 22 जिलों में आंधी और बारिश का यलो अलर्ट जारी है। बंगाल की खाड़ी में बना यह मजबूत सिस्टम एक अगस्त तक असर दिखाएगा।



मध्यप्रदेश मौसम रिपोर्ट - 29 जुलाई 2026:

मध्यप्रदेश मौसम अपडेट (MP Weather Updates): मध्य प्रदेश के 5 जिलों बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा, नर्मदापुरम और रायसेन में बुधवार को अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे में इन जिलों में करीब 4 इंच तक बारिश हो सकती है। इसके अलावा 10 जिलों में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। इनमें देवास, सीहोर, हरदा, बैतूल, पांढुर्णा, सागर, नरसिंहपुर, दमोह, जबलपुर और छतरपुर शामिल हैं।



मानसून ट्रफ और चक्रवात से बना मजबूत सिस्टम

मौसम एक्सपर्ट शैलेंद्र कुमार नायक के मुताबिक, इस समय प्रदेश के ऊपर से मानसून ट्रफ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम गुजर रहा है। इसके साथ ही पश्चिमी हिस्से में भी एक चक्रवात बना हुआ है। इन मौसमी सिस्टम की वजह से प्रदेश में बारिश कराने वाला स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव है।



उन्होंने बताया कि यह सिस्टम ओडिशा, दक्षिण झारखंड और उत्तर छत्तीसगढ़ होते हुए आगे बढ़ेगा। इसके असर से मध्य प्रदेश के पूर्वी और मध्य हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना है। इसके बाद यह सिस्टम धीरे-धीरे कमजोर होकर पहले अवदाब और फिर निम्न दाब क्षेत्र में बदल सकता है।



कई जिलों में तेज तो कहीं हल्की बारिश का अनुमान

मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को भोपाल, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, झाबुआ, आलीराजपुर, धार, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, उज्जैन, नीमच, मंदसौर, रतलाम, आगर-मालवा, शाजापुर और आसपास के जिलों में भी बारिश होने की संभावना है।



इसके अलावा ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, कटनी, मंडला, डिंडौरी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, पन्ना, टीकमगढ़ और निवाड़ी में भी कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश हो सकती है।



मंगलवार को कई जिलों में बदला मौसम का मिजाज

इससे पहले मंगलवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश देखने को मिली। राजधानी भोपाल में सुबह से मौसम बदलता रहा। कभी धूप निकली तो कभी बादल छाए रहे और हल्की बारिश भी हुई। वहीं मुरैना में तेज बारिश दर्ज की गई। रात के समय भी कई जिलों में मौसम ने करवट ली और बारिश का दौर जारी रहा।



कम बारिश की भरपाई की उम्मीद बढ़ी

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, अब तक मध्य प्रदेश में औसत 13.6 इंच यानी 345.9 मिमी बारिश हुई है। जबकि इस समय तक प्रदेश में 16.5 इंच यानी 418.4 मिमी बारिश हो जानी चाहिए थी। इस हिसाब से प्रदेश में अभी करीब 2.9 इंच यानी 17 प्रतिशत बारिश कम हुई है।



वहीं पूर्वी मध्य प्रदेश में 18 प्रतिशत और पश्चिमी हिस्से में 17 प्रतिशत बारिश की कमी दर्ज की गई है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में लगातार बारिश होने से बारिश का यह अंतर कम हो सकता है और स्थिति में सुधार आ सकता है।



1 अगस्त तक रहेगा नए सिस्टम का असर

मौसम एक्सपर्ट शैलेंद्र कुमार नायक ने बताया कि वर्तमान में सक्रिय सिस्टम का असर 1 अगस्त तक रहने की संभावना है। इस दौरान प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश के साथ अति भारी बारिश भी हो सकती है। लोगों को मौसम विभाग की चेतावनियों पर नजर रखने की सलाह दी गई है।



छत्तीसगढ़ मौसम रिपोर्ट - 29 जुलाई2026:

छत्तीसगढ़ मौसम अपडेट (CG Weather Update):छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर पूरी ताकत के साथ सक्रिय हो गया है। पिछले 24 घंटे में पूरे प्रदेश में औसतन 25 मिमी बारिश दर्ज की गई है। यह सामान्य बारिश के मुकाबले 125 प्रतिशत है। प्रदेश के लगभग सभी हिस्सों में अच्छी बारिश होने से मौसम का मिजाज बदल गया है। यही वजह है कि सीजनल बारिश अब फिर सामान्य स्थिति की ओर लौटने लगी है।



बारिश की कमी अब घटकर 18 फीसदी रह गई

1 जून से 28 जुलाई तक प्रदेश में कुल 437.2 मिमी बारिश हो चुकी है। वहीं इस अवधि में औसत बारिश 531.8 मिमी होनी चाहिए थी। इस हिसाब से अब प्रदेश में बारिश की कमी सिर्फ 18 फीसदी रह गई है।



मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और पश्चिम बंगाल-उत्तरी ओडिशा तट के आसपास बने गहरे अवदाब के असर से अगले दो दिनों तक छत्तीसगढ़ के ज्यादातर हिस्सों में बारिश जारी रहने की संभावना है। इस दौरान कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश भी हो सकती है।



आकाशीय बिजली ने ली 5 लोगों की जान, 11 झुलसे

प्रदेश में बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं भी सामने आई हैं। एमसीबी जिले के विकासखंड खड़गवां में बिजली गिरने की दो अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं पांच अन्य लोग बुरी तरह झुलस गए।



पहली घटना शिवपुर गांव में हुई, जहां बिजली की चपेट में आने से दो लोगों की जान चली गई। वहीं दूसरी घटना मंगोरा गांव में हुई, जहां एक अन्य व्यक्ति की मौत हो गई।



सूरजपुर और जीपीएम में भी बिजली गिरने से मौत

सूरजपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम नमदगीरी में आकाशीय बिजली गिरने से विनय देवांगन (35) की मौत हो गई। वहीं गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिले में धान की रोपाई कर रही श्याम बाई लोधाम (32) की बिजली गिरने से मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना में छह अन्य महिलाएं घायल भी हुई हैं।



प्रदेश के सभी बारिश केंद्रों पर दर्ज हुई बारिश

पिछले 24 घंटे में प्रदेश के लगभग सभी हिस्सों में बारिश रिकॉर्ड की गई है। मौसम विभाग प्रदेश के 312 केंद्रों पर बारिश का आंकड़ा दर्ज करता है। इनमें से 262 केंद्रों पर 20 मिमी से लेकर 21 से 50 मिमी तक बारिश हुई है।



वहीं 50 सेंटरों पर भारी बारिश रिकॉर्ड की गई है। मौसम विभाग का कहना है कि जब कोई मजबूत मौसम सिस्टम सक्रिय होता है तो उसका असर प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों तक पहुंचता है।



राजस्थान मौसम रिपोर्ट - 29 जुलाई2026:

राजस्थान मौसम अपडेट (Rajasthan Weather Update):राजस्थान में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। इसके साथ ही प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग ने बुधवार को राज्य के 22 जिलों में आंधी और बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है।



कई जिलों में 1 से 4 इंच तक बरसा पानी

मंगलवार को झालावाड़, भरतपुर, जयपुर, सवाई माधोपुर, टोंक, चित्तौड़गढ़ और भीलवाड़ा समेत कई जिलों में अच्छी बारिश हुई। इन इलाकों में 1 से 4 इंच तक पानी गिरा। सबसे ज्यादा बारिश टोंक जिले में दर्ज की गई।



उत्तरी राजस्थान में गर्मी बढ़ी, शाम को बदला मौसम

उत्तरी राजस्थान में मंगलवार को मौसम साफ रहा, जिससे गर्मी का असर बढ़ गया। श्रीगंगानगर में दिन का तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। हालांकि शाम होते-होते यहां भी मौसम बदला और बारिश का दौर शुरू हो गया।



2 अगस्त तक जारी रहेगा बारिश का दौर

मौसम विभाग ने राजस्थान में 2 अगस्त तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई है। वहीं उदयपुर और कोटा संभाग के इलाकों में 30 और 31 जुलाई को कहीं-कहीं भारी से अतिभारी बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है।



टोंक में 101 MM बारिश, कई जिलों में तेज बरसात

पिछले 24 घंटे के दौरान टोंक में सबसे ज्यादा 101 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं झालावाड़ के झालरापाटन में 87 मिमी पानी गिरा। इसके अलावा भरतपुर, सीकर, भीलवाड़ा, अलवर, चित्तौड़गढ़, नागौर, करौली, कोटा, राजसमंद और सवाई माधोपुर में भी तेज बारिश हुई।



धौलपुर में बारिश से मकानों को नुकसान

धौलपुर में तेज बारिश के कारण बसेड़ी और सैंपऊ इलाके में कुछ मकानों को नुकसान पहुंचा है। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस दौरान किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं मिली है।



बारिश से कई शहरों में गिरा तापमान

बारिश के असर से प्रदेश के कई जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। चित्तौड़गढ़, सीकर, पिलानी, जयपुर, अलवर, चूरू, करौली और दौसा में तापमान 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आया है। इससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली है।



बंगाल की खाड़ी के सिस्टम से बढ़ी बारिश की रफ्तार

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बना सिस्टम यानी डीप डिप्रेशन अभी पश्चिम बंगाल और ओडिशा तट पर मौजूद है। मानसून ट्रफ अपनी सामान्य स्थिति से होते हुए इसी सिस्टम तक पहुंच रही है।



अगले तीन दिन प्रदेश में बारिश का असर रहेगा

मौसम विभाग के अनुसार, इस सिस्टम के प्रभाव से राजस्थान में मानसून एक्टिव फेज में आ गया है। अगले तीन दिनों तक पूरे प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। वहीं उदयपुर और कोटा संभाग के कुछ इलाकों में भारी से अतिभारी बारिश हो सकती है।



      ये खबर भी पढ़िए...

      गर्मी ने छुड़ाए पसीने! पारा पहुंचा 42 डिग्री के पार, तीनों राज्यों में लू का अलर्ट



      MP-CG-Rajasthan Weather: तीनों राज्यों में भीषण गर्मी का रेड अलर्ट जारी



      MP-CG-Rajasthan: मध्य भारत में गर्मी का कहर! मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट



      MP-CG-Rajasthan Weather: अगले 4 दिन झुलसाएगी गर्मी, तीन राज्यों में हीटवेव अलर्ट!



      Tags:
      • मौसम रिपोर्ट
      • MP Weather update
      • Weather update
      • मौसम अपडेट
      • मध्यप्रदेश मौसम अपडेट
      • Rajasthan weather update
      • राजस्थान मौसम अपडेट
      • CG Weather Update
      • छत्तीसगढ़ मौसम अपडेट