बीमार आरक्षक ने मुरैना एसपी समीर सौरभ पर लगाए गंभीर आरोप, बोला- जूठे बर्तन धोता हूं लेकिन इलाज नहीं होने दे रहे

Aman Vaishnav | Apr 11, 2026, 15:16 IST
morena aarakshak sp samir saurabh bangla beemari chhuti video
मुरैना के एसपी बंगले पर तैनात एक आरक्षक ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया है। इसके बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई है। इस वीडियो में आरक्षक ने एसपी समीर सौरभ और उनकी पत्नी वंदना पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं।

समझें क्या है पूरा मामला

मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में पुलिस अधीक्षक समीर सौरभके बंगले पर तैनात आरक्षक रूप सिंह रावत का एक वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो में वे रोते हुए बता रहे हैं कि दोनों किडनियों में पथरी होने के बावजूद उन्हें इलाज के लिए छुट्टी नहीं दी जा रही है।



उनका आरोप है कि SP और उनकी पत्नी उनसे बंगले में झाड़ू-पोछा, बर्तन धुलाई और खाना बनाने का काम करवाते हैं।



वीडियो में रोते हुए बयां की पीड़ा

आरक्षक रूप सिंह रावत ने गुरुवार 09 अप्रैल को अपने फेसबुक अकाउंट पर यह वीडियो शेयर किया। वीडियो में वे बताते हैं कि वे SP समीर सौरभ के बंगले पर किचन का काम देखते हैं।



उन्हें दोनों किडनियों में पथरी है। उन्होंने SP और उनकी पत्नी को इस बारे में बताया और छुट्टी मांगी। लेकिन उन्हें कहा गया कि तुम्हें कुछ नहीं हुआ है। आरक्षक ने बताया कि उनका आवेदन कचरे में फेंक दिया गया।



रूप सिंह ने यह भी कहा कि वीडियो वायरल होने के बाद शायद उन्हें सस्पेंड या बर्खास्त कर दिया जाएगा। लेकिन इसके बावजूद उन्होंने अपनी पीड़ा सार्वजनिक करने का फैसला किया।



दोनों किडनियों में पथरी लेकिन एसपी बोले सब ठीक

रूप सिंह ने बताया कि मैं मुरैना एसपी समीर सौरभ के बंगले में किचन में काम करता हूं। मेरी तबीयत बहुत खराब है। जब मैंने जांच करवाई, तो पता चला कि मेरी दोनों किडनियों में पथरी है। एक किडनी में 3 एमएम की पथरी है। मैंने यह रिपोर्ट एसपी साहब और उनकी पत्नी वंदना मेडम को दिखाई, लेकिन एसपी साहब ने कह दिया कि तुम्हें कुछ नहीं हुआ।



एसपी ने आवेदन कचरे में फेंका

उन्होंने आगे कहा कि मैंने 15 दिन की छुट्टी मांगी, ताकि इलाज करवा सकूं, लेकिन एसपी ने मेरा आवेदन कचरे में फेंक दिया। अब मैं क्या करूं? किससे छुट्टी मांगूं? मुझे वरिष्ठ अधिकारियों से छुट्टी भी नहीं मिल रही। अब ये वीडियो देखकर वरिष्ठ अधिकारी मुझे सस्पेंड या बर्खास्त कर सकते हैं। मैं वहां गिड़गिड़ा रहा हूं, उनके झूठे बर्तन साफ कर रहा हूं, सब कुछ कर रहा हूं, लेकिन बीमारी में भी छुट्टी नहीं मिल रही।





शाकाहारी हैं, लेकिन मांसाहारी खाना बनाने को मजबूर

रूप सिंह रावत का एक और आरोप धार्मिक भावनाओं से जुड़ा हुआ है। उन्होंने बताया कि उनके पूरे परिवार में कोई भी मांसाहार नहीं करता, लेकिन एसपी के बंगले पर उन्हें मांसाहारी खाना बनाने पर मजबूर किया जाता है। खाना बनाने के बाद, जूठी हड्डियां भी उन्हीं से फिंकवाई जाती हैं। हालांकि, ये बात वह वायरल वीडियो में नहीं कहते हुए सुनाई दिए।



हालांकि, अभी तक इस पूरे मामले में एसपी की ओर से कोई बयान सामने नहीं आया है। वहीं, नरसिंहपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र सिंह डाबर से संपर्क किया तो उन्होंने बताया की रक्षित निरीक्षक रविकांत शुक्ला इस मामले में जानकारी देंगे। हालांकि, उनसे रविकांत शुक्ला का कांटेक्ट नंबर मांगे जाने पर उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।



ये खबरें भी पढ़िए...



एमपी में 14 महीने में 149 तेंदुओं की मौत, RTI में चौंकाने वाला खुलासा



मध्यप्रदेश न्यूज: बोरवेल में फंसे तीन साल के भागीरथ की मौत, 24 घंटे के रेस्क्यू के बाद भी नहीं बच पाया



सड़क हादसा: बेटे को खोने के बाद माता-पिता बोले-उनकी पीड़ा किसी और की कहानी न बने



एमपी न्यूज: कटनी में ट्रेन के टॉयलेट में मिला नवजात, ठंड से कांप रहा था लावारिस मासूम



Tags:
  • एमपी न्यूज
  • मध्यप्रदेश न्यूज
  • मध्य प्रदेश
  • मुरैना
  • पुलिस अधीक्षक समीर सौरभ
  • आरक्षक