थाना प्रभारी ने अपराधी के साथ मनाया जन्मदिन, कंधे पर बैठकर नाचे, वायरल वीडियो से मचा बवाल
NEWS IN SHORT
- जौरा थाना परिसर में टीआई दर्शन लाल शुक्ला का जन्मदिन मनाया गया।
- जश्न के दौरान बाइक चोरी का आरोपी लवकुश शर्मा भी मौजूद था।
- वीडियो में टीआई को माला पहनाकर नाच-गाना हुआ और केक काटा गया।
- एसपी समीर सौरभ ने टीआई को तुरंत प्रभाव से सस्पेंड किया।
- आरोपी लवकुश पर 18 बाइक चोरी करने का गंभीर आरोप है।
News In Short
खाकी जब अपराधियों के साथ महफिल सजाने लगे तो सवाल उठना लाजमी है। मध्य प्रदेश के मुरैना से एक ऐसा ही मामला सामने आया है। यहां अपराधी और पुलिस साथ दिख रहे हैं। मुरैना जिले के टीआई दर्शन लाल शुक्ला के जन्मदिन पर जमकर खुशियां मनाई जा रही थी। इस भीड़ में एक ऐसा चेहरा था जिसने खलबली मचा दी है। वह चेहरा शहर के एक बड़े बाइक चोर का था।
क्या है पूरा मामला?
मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के जौरा थाना परिसर में 28 फरवरीा को थाना प्रभारी का जन्मदिन मनाने का वीडियो सामने आया है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। वायरल वीडियो में थाना प्रभारी दर्शन लाल शुक्ला को मालाएं पहनाई जा रही हैं। केक काटा जा रहा है और नाच-गाना भी हो रहा है। बताया जा रहा है कि रात करीब 9 बजे थाना परिसर में बर्थडे सेलिब्रेशन शुरू हुआ था।
टीआई दर्शन लाल शुक्ला सस्पेंड
यह मामला सामने आते ही एसपी समीर सौरभ ने तुरंत कार्रवाई की है। साथ ही टीआई दर्शन लाल शुक्ला को सस्पेंड कर दिया है। उन्हें पुलिस लाइन में अटैच कर दिया गया है। रिकॉर्ड के अनुसार 12 जून 2025 को सिटी कोतवाली पुलिस ने लवकुश शर्मा को बाइक चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया था। उस पर 13 लाख रुपए की 18 बाइकें चुराने का आरोप था। पुलिस ने उसे एक गिरोह का सक्रिय सदस्य और सरगना बताया था।
12 जनवरी 2026 को लवकुश जमानत पर रिहा हुआ था। लवकुश और उसके साथियों पर मारपीट के आरोप थे। उन्होंने गांव में अवैध बिजली पंप कनेक्शन काटने पहुंचे एई पुष्पेंद्र यादव और बिजलीकर्मियों से मारपीट की थी। यह कार्रवाई टीआई शुक्ला के निर्देश पर ही की गई थी।
थाना प्रभारी ने दी सफाई
वीडियो सामने आने के बाद टीआई दर्शन लाल शुक्ला ने सफाई दी है। कहा कि भीड़ में कौन कब आया, उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी। उनके मुताबिक कंधे पर उठाने वाला शख्स उनका मुखबिर है। इसने कुछ मामलों में उन्हें सूचना दी और मदद की थी। टीआई का कहना है कि उन्हें यह नहीं पता था कि वह व्यक्ति बाइक चोरी के मामलों में आरोपी है।
ये खबरें भी पढ़िए...
ट्रांसपोर्ट इंस्पेक्टर की गुंडागर्दी, बीच हाईवे ट्रक ड्राइवर पर किया जानलेवा प्रहार, सस्पेंड
डिप्टी कलेक्टर करुण डहरिया सस्पेंड : गिरफ्तारी के बाद कार्रवाई, 48 घंटे जेल में रहे तो जा सकती है नौकरी!
एमपी न्यूज:छतरपुर में पुलिस हिरासत में युवक की मौत, तनाव के दो पुलिसकर्मी सस्पेंड
डिप्टी सीएम के बंगले में शिफ्ट होगा पुलिस कमिश्नरी ऑफिस