मध्य प्रदेश अग्रवाल महासभा की महिला प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रश्मि अग्रवाल ने दिया इस्तीफा, जानिए वजह
भोपाल। मध्य प्रदेश अग्रवाल महासभा में संगठनात्मक विवाद सामने आया है। महासभा की महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रश्मि अग्रवाल ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने वित्तीय अनियमितताओं, संगठन की कार्यप्रणाली, पारदर्शिता और नियमों के पालन को लेकर सवाल उठाते हुए यह फैसला लिया।
जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार डॉ. रश्मि अग्रवाल ने 30 मार्च 2026 को स्वेच्छा से इस्तीफा दिया। उन्होंने अपने पत्र में कहा कि पिछले एक वर्ष के दौरान उन्हें संगठन से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां समय पर उपलब्ध नहीं कराई गईं। साथ ही कई नियुक्तियां संगठन की नियमावली के विपरीत किए जाने की बात भी सामने आई।
संगठन की पारदर्शिता पर उठाए सवाल
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि सूचना के अधिकार के तहत प्राप्त जानकारी से यह स्पष्ट हुआ कि वर्ष 2013–14 के बाद से रजिस्टर कार्य और समिति कार्यालय से संबंधित कई जानकारियां उपलब्ध नहीं कराई गईं। इसके अलावा संगठन में होने वाले चुनावों को लेकर भी पर्याप्त जानकारी साझा नहीं की गई।
उन्होंने आरोप लगाया कि 2022 और 2025 में प्रस्तावित चुनावों के संबंध में भी कोई आधिकारिक सूचना उपलब्ध नहीं कराई गई, जिससे संगठन की पारदर्शिता पर सवाल खड़े होते हैं।
नियमों के उल्लंघन का आरोप
डॉ. अग्रवाल ने अपने इस्तीफे में यह भी उल्लेख किया कि यदि किसी संस्था में तीन वर्षों तक नियमों के अनुसार आवश्यक प्रक्रिया पूरी नहीं होती है, तो उसे स्वतः निष्क्रिय माना जाता है। इन तथ्यों से वे गहराई से आहत हुईं और अंततः पद छोड़ने का निर्णय लिया।
कई पदाधिकारियों ने भी दिया त्यागपत्र
प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि डॉ. रश्मि अग्रवाल के साथ करीब 50 पदाधिकारियों ने भी अपने पदों से इस्तीफा सौंप दिया है।
भविष्य में पारदर्शिता की उम्मीद
डॉ. अग्रवाल ने आशा जताई कि भविष्य में मध्यप्रदेश अग्रवाल महासभासंगठन पारदर्शिता, नियमों के पालन और सदस्यों के विश्वास को प्राथमिकता देते हुए आगे बढ़ेगा।
इस घटनाक्रम के बाद मध्य प्रदेश अग्रवाल महासभा में संगठनात्मक स्थिति को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है। अब देखना होगा कि संगठन की ओर से इस मामले में क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।
ये खबरें भी पढ़ें...
BJP नेता सत्यनारायण सत्तन बोले- पार्टी में अब मेरी प्रासंगिता नहीं, कुछ लोग पार्टी में माई-बाप बन गए
मध्य प्रदेश बनेगा देश का आयुष हब, भोपाल या इंदौर में खुलेगा पहला आयुष विश्वविद्यालय
इंदौर बीजेपी के नेताओं ने CM के सामने नहीं की अधिकारियों की शिकायत , MOS Tax पर भी चुप्पी
MP News: इंदौर की फर्म और रेलवे अफसरों पर केस : नकली पदक मामले में CBI ने दर्ज की FIR