दिवाली की रात 5 घंटे में जहरीली हुई एमपी की हवा! कई शहरों में AQI 300 के पार, 9 मॉनिटरिंग स्टेशन वेरी पुअर कैटिगरी में पहुंचे
कई शहरों में कुछ ही घंटों में प्रदूषण का स्तर AQI सामान्य स्तर से बहुत ऊपर पहुंच गया। आइए विस्तार से जानते हैं, दिवाली पर मध्य प्रदेश के टॉप शहरों का AQI कैसा रहा...
पांच घंटे में भोपाल का AQI दोगुना बढ़ा
रात 10 बजे से सुबह 3 बजे के बीच महज पांच घंटे में भोपाल की हवा काफी खराब हो गई। टीटी नगर में AQI (एयर क्वालिटी इंडेक्स) 150 से बढ़कर 314 पर पहुंच गया। यानी प्रदूषण दोगुने से भी ज्यादा हो गया। वहीं ईदगाह हिल्स में AQI 140 से बढ़कर 263 दर्ज किया गया। भोपाल के तीनों मॉनिटरिंग स्टेशनों पर प्रदूषण बढ़ा। टीटी नगर और पर्यावरण परिसर की हवा वेरी पुअर (बेहद खराब) श्रेणी में पहुंच गई।
ग्वालियर का AQI हैरान करने वाला
प्रदेश में सबसे ज्यादा प्रदूषण ग्वालियर में दर्ज किया गया। यहां दीनदयाल नगर में रात 10 बजे AQI 354 था, जो सुबह 3 बजे बढ़कर 363 हो गया। महाराज बाड़ा में AQI 310 से बढ़कर 337 और सिटी सेंटर में 270 से बढ़कर 329 पहुंच गया। ग्वालियर के तीनों मॉनिटरिंग स्टेशनों पर हवा की हालत वेरी पुअर (बेहद खराब) रही। दीनदयाल नगर में AQI सिर्फ 9 अंक बढ़ा, लेकिन यहां प्रदूषण का स्तर पहले से ही बहुत ज्यादा था।
इंदौर का AQI, पांच घंटे में बिगड़ी हवा
इंदौर में भी महज पांच घंटे के अंदर प्रदूषण बहुत बढ़ गया। छोटी ग्वालटोली में AQI 281 से बढ़कर 338 पर पहुंच गया। इसके चलते यहां की हवा पुअर से वेरी पुअर श्रेणी में आ गई। वहीं मगोड़ा नगर में AQI 203 से बढ़कर 316 हो गया। यानी इसमें 113 अंकों की बढ़ोतरी हुई। रेजिडेंसी एरिया में भी AQI 206 से बढ़कर 261 दर्ज किया गया।
हालांकि इंदौर के सभी इलाकों में प्रदूषण नहीं बढ़ा। एयरपोर्ट एरिया में AQI 99 से घटकर 98 हो गया। वहीं रीजनल पार्क में रात 10 बजे और सुबह 3 बजे AQI 72 ही रहा।
जबलपुर का AQI भी तेजी से बढ़ा
जबलपुर में भी दिवाली की रात प्रदूषण तेजी से बढ़ा। मरहटल में AQI 219 से बढ़कर 328 पर पहुंच गया। वहीं, सुहागी में यह 228 से बढ़कर 303 दर्ज हुआ। इन दोनों इलाकों में हवा पुअर से वेरी पुअर श्रेणी में पहुंच गई। गुप्तेश्वर में भी AQI 151 से बढ़कर 237 हो गया। यहां हवा मॉडरेट से पुअर श्रेणी में आ गई।
छोटे शहरों में भी बढ़ा प्रदूषण
प्रदूषण का असर सिर्फ बड़े शहरों में ही नहीं दिखा। छोटे शहरों में भी दिवाली के बाद हवा की हालत बिगड़ गई। देवास के भोपाल चौराहा में AQI 133 से बढ़कर 239 पर पहुंच गया। कटनी के गोल बाजार में यह 166 से बढ़कर 229 हो गया। वहीं, उज्जैन के महाश्वेता नगर में AQI 212 से बढ़कर 281 दर्ज किया गया। सिंगरौली में भी AQI 122 से बढ़कर 235 पर पहुंच गया। इन सभी शहरों में हवा मॉडरेट से खराब यानी पुअर श्रेणी में आ गई।
कुछ शहरों में दिवाली के बाद भी हवा रही साफ
जहां प्रदेश के कई शहरों में दिवाली के बाद प्रदूषण बढ़ गया, वहीं कुछ जगहों पर हवा की स्थिति बेहतर रही। दमोह की श्रीवास्तव कॉलोनी में AQI 72 से बढ़कर 82 हो गया। मैहर में AQI 61 और सतना में 70 पर ही रहा। वहीं, पीथमपुर में यह 116 से बढ़कर 139 पहुंच गया। रतलाम में रात 10 बजे और सुबह 3 बजे AQI 139 ही दर्ज हुआ। सागर के सिविल लाइंस में भी दोनों समय AQI 180 पर स्थिर रहा। इन सभी जगहों पर हवा सेहत के लिहाज से संतोषजनक (सैटिस्फैक्टरी) श्रेणी में रही।
ज्यादातर शहरों में PM 2.5 ने बढ़ाया प्रदूषण
रात 3 बजे के आंकड़ों में ज्यादातर प्रदूषित इलाकों में PM 2.5 सबसे बड़ा प्रदूषक रहा। ग्वालियर के तीनों मॉनिटरिंग स्टेशनों पर इसका असर देखने को मिला। भोपाल के पर्यावरण परिसर और टीटी नगर में भी PM 2.5 ही प्रदूषण की मुख्य वजह रहा। वहीं इंदौर के छोटी ग्वालटोली में PM 10 सबसे बड़ा प्रदूषक दर्ज हुआ। यहां AQI 338 तक पहुंच गया। जबलपुर के मरहटल और सुहागी में भी PM 2.5 के कारण AQI 300 के पार चला गया।
पीएम 2.5 क्या है?
PM 2.5 हवा में मौजूद धूल और प्रदूषण के बहुत छोटे कण होते हैं। इनका आकार 2.5 माइक्रोमीटर या इससे भी कम होता है। इतने छोटे होने के कारण ये सांस के जरिए फेफड़ों के अंदर तक पहुंच जाते हैं। कुछ मामलों में ये खून में भी मिल सकते हैं। गाड़ियों और फैक्ट्रियों से निकलने वाला धुआं, कचरा और पराली जलाना इसके बड़े कारण हैं। PM 2.5 का स्तर बढ़ने से सांस और दिल से जुड़ी बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है।
वहीं PM 10 हवा में मौजूद धूल और प्रदूषण के छोटे कण होते हैं। इनका आकार 10 माइक्रोमीटर या इससे कम होता है। इनमें सड़क की धूल, निर्माण कार्य से उड़ने वाले कण, मिट्टी, सीमेंट और फैक्ट्रियों से निकलने वाली धूल शामिल है। सांस लेते समय ये नाक, गले और फेफड़ों तक पहुंच सकते हैं। सड़कों पर उड़ती धूल, निर्माण कार्य और वाहनों की आवाजाही इनके बढ़ने की बड़ी वजह हैं।