मोहन कैबिनेट के बड़े फैसले, MPPSC, रोजगार, किसान, बिजली और सहकारी बैंकों को लेकर हुए कई बड़े ऐलान
सहकारी बैंकों को आर्थिक मदद देने और गांवों में रहने वाले लोगों को राहत पहुंचाने के लिए भी सरकार ने बड़े कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में सोमवार (23 नवंबर) को हुई कैबिनेट बैठक में इन प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक के बाद मंत्री चेतन्य कश्यप ने सरकार के फैसलों की जानकारी दी। आइए जानते हैं कि कैबिनेट के इन फैसलों से आम लोगों को क्या फायदा होगा।
भोपाल में इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का पहला चरण शुरू
मंत्री ने बताया कि भोपाल में एक हजार करोड़ रुपए से अधिक की लागत से अंतर्राष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाया जा रहा है। इसके पहले चरण का लोकार्पण हो चुका है। प्रदेश के इतिहास में पहली बार महिला एशियन हॉकी चैंपियनशिप का आयोजन भी भोपाल में हो रहा है। इसमें भारत, चीन, जापान, मलेशिया, थाईलैंड और दक्षिण कोरिया की टीमें हिस्सा ले रही हैं।
2027 में दो बार होंगी MPPSC की परीक्षाएं
मध्य प्रदेश सरकार ने वर्ष 2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाने का फैसला किया है। इस दौरान युवाओं के लिए विशेष गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। साथ ही 2027 में MPPSC की परीक्षाएं साल में दो बार कराई जाएंगी। इसका कैलेंडर जारी किया जा चुका है।
ग्वालियर में बनेगा टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन
इसके अलावा ग्वालियर में टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन बनाने की दिशा में काम आगे बढ़ रहा है। जुलाई में शुरू हुई चर्चाओं के बाद पहले चरण में 25 उद्योगपतियों को जमीन के आशय पत्र (LOI) दिए जा चुके हैं। इसके अलावा करीब 40 और उद्यमियों ने आवेदन किए हैं। सरकार ने योजना के दूसरे चरण को भी मंजूरी दे दी है।
कूनो में जन्मे चार शावक, चीतों की संख्या हुई 62
मंत्री ने बैठक में बताया कि मध्य प्रदेश के कूनो में चार नए चीता शावकों का जन्म हुआ है। इसके साथ ही चीतों की कुल संख्या 62 हो गई है। इनमें से 43 चीते भारतीय धरती पर जन्मे हैं। यह प्रदेश में चीता संरक्षण के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
26 लाख से ज्यादा घरों की रजिस्ट्री पूरी
स्वामित्व योजना के तहत मध्य प्रदेश के ग्रामीण आवासीय क्षेत्रों में 26 लाख से अधिक रजिस्ट्रियां पूरी की जा चुकी हैं। इन रजिस्ट्रियों का पूरा स्टाम्प शुल्क और रजिस्ट्री खर्च राज्य सरकार उठा रही है। इससे ग्रामीण परिवारों को आर्थिक राहत मिल रही है।
सात जनजातीय उत्पादों को GI टैग दिलाने की तैयारी
प्रदेश के सात जनजातीय उत्पादों के लिए GI Tag का आवेदन किया गया है। इनमें भील जनजाति की माला, बोलनी, पिथौरा चित्रशैली, झाबुआ की आदिवासी गुड़िया और गोंड जनजाति के पारंपरिक वाद्य यंत्र, चिकारा, मुखौटा और काष्ठ शिल्प शामिल हैं।
इसके अलावा मांडू, कान्हा किसली और पेंच में ट्राइबल कैफेटेरिया विकसित किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य जनजातीय संस्कृति और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना है।
7 से 11 दिसंबर तक चलेगा विधानसभा का शीतकालीन सत्र
मंत्री ने बैठक में बताया मध्य प्रदेश विधानसभा का शीतकालीन सत्र 7 दिसंबर से शुरू होकर 11 दिसंबर तक चलेगा। इससे पहले 2 दिसंबर को विकसित मध्य प्रदेश 2047 के लक्ष्य को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों का नीति चिंतन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। वहीं 21 और 22 दिसंबर को सभी मंत्रियों और विधायकों का चिंतन शिविर प्रस्तावित है।
खनिज से 30 हजार करोड़ रुपए कमाने का लक्ष्य
प्रदेश सरकार ने खनिज रॉयल्टी से होने वाली आय बढ़ाने का लक्ष्य तय किया है। वर्तमान में खनिज रॉयल्टी से 12 हजार 170 करोड़ रुपए की आय होती है। इसे बढ़ाकर 30 हजार करोड़ रुपए तक पहुंचाने की योजना है।
इसके लिए खनिज निगम लिमिटेड को प्रदेश को तीन हिस्सों में बांटकर सर्वे करने की जिम्मेदारी दी गई है। इस काम पर हर साल लगभग 70 से 80 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
46 हजार 500 घरों तक पहुंचेगी बिजली
राज्य सरकार ने गांवों में बिजली पहुंचाने के लिए 193 करोड़ रुपए की योजना मंजूर की है। इसके तहत ऐसी 1,834 बसाहटों में बिजली पहुंचाई जाएगी, जहां 20 से अधिक घर हैं और अब तक बिजली की सुविधा नहीं पहुंची है।
इस योजना से करीब 46 हजार 500 घरों को फायदा होगा। यह काम केंद्र और राज्य सरकार की भागीदारी से RDSS योजना के तहत किया जाएगा। वहीं जिन बसाहटों में 20 से कम घर हैं, वहां बिजली पहुंचाने का पूरा खर्च राज्य सरकार उठाएगी।
पैक्स समितियों का कार्यकाल एक साल बढ़ा
प्रदेश में नई और पुरानी प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (PACS) के पुनर्गठन और परिसीमन में समय लग रहा है। इसे देखते हुए सरकार ने इन समितियों का कार्यकाल एक साल बढ़ाने का फैसला किया है।
साथ ही पैक्स समितियों के चुनाव पूरे होने के बाद जिला सहकारी बैंकों के चुनाव कराने के लिए सहकारिता विभाग को अधिकृत किया गया है।
नौ जिला सहकारी बैंकों को मिलेगी आर्थिक मदद
सरकार ने जिला सहकारी बैंकों को मजबूत बनाने के लिए अतिरिक्त आर्थिक सहायता देने का निर्णय लिया है। वर्ष 2024-25 में छह बैंकों को 50-50 करोड़ रुपए दिए गए थे। इनमें बेहतर प्रदर्शन करने वाले पांच बैंकों को अब 25-25 करोड़ रुपए अतिरिक्त दिए जाएंगे। इन बैंकों में रीवा, सतना, दतिया, शिवपुरी और जबलपुर शामिल हैं।
इसके अलावा रायसेन, मुरैना, सागर और सीधी के चार जिला सहकारी बैंकों को 50-50 करोड़ रुपए की अंशपूंजी दी जाएगी।
ओंकारेश्वर के एकात्म धाम प्रोजेक्ट को मंजूरी
सरकार ने सिंहस्थ से पहले ओंकारेश्वर में एकात्म धाम परियोजना का काम जारी रखने को मंजूरी दी है। इस परियोजना की लागत लगभग 2 हजार 424 करोड़ रुपए है। इसके साथ ही सरकार ने गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना को भी जारी रखने का फैसला किया है। इस योजना के तहत छह लीटर से अधिक दूध देने वाली देसी नस्ल की गायों के लिए ब्लॉक स्तर पर एक-एक लाख रुपए का पुरस्कार दिया जाता है। सरकार ने इस योजना को आगे भी जारी रखने की स्वीकृति दी है।