MP में जनगणना के दूसरे चरण की तैयारी तेज, आज अधिकारियों का प्रशिक्षण, घर-घर जाकर पूछे जाएंगे 40 सवाल
भोपाल में अधिकारियों को दिया जाएगा प्रशिक्षण
जनगणना के दूसरे चरण की तैयारियों को लेकर बुधवार , 25 नवंबर को भोपाल के प्रशासन अकादमी परिसर स्थित स्वर्ण जयंती सभागार में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम सुबह 10:30 बजे शुरू होगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम में कलेक्टर (प्रमुख जनगणना अधिकारी), संभागायुक्त (संभागीय जनगणना अधिकारी), नगर निगम आयुक्त (अतिरिक्त प्रमुख जनगणना अधिकारी) और जिला जनगणना अधिकारी शामिल होंगे। कार्यक्रम में मुख्य सचिव, अपर मुख्य सचिव गृह, भारत सरकार के जनगणना महानिदेशालय, नई दिल्ली के उप महानिदेशक विश्वजीत दास और निदेशक जनगणना सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहेंगे।
देश में पहली बार डिजिटल जनगणना
भारत में जनगणना का आयोजन दुनिया के सबसे बड़े प्रशासनिक और सांख्यिकीय कार्यों में से एक माना जाता है। जनगणना 2027 देश की 16वीं और आजादी के बाद की आठवीं जनगणना होगी। इस बार सबसे बड़ा बदलाव यह है कि देश में पहली बार डिजिटल टूल्स का इस्तेमाल कर जनगणना की जाएगी। मोबाइल ऐप के माध्यम से आंकड़े जुटाए जाएंगे। इसके लिए प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को उनकी जिम्मेदारी के अनुसार अलग-अलग डिजिटल मॉड्यूल उपलब्ध कराए गए हैं।
MP में पूरा हो चुका है जनगणना का पहला चरण
जनगणना के पहले चरण में मकानों की सूची तैयार करने और उनकी गणना का काम किया गया था। इस दौरान प्रत्येक मकान और भवन की स्थिति, उसके उपयोग और वहां उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं से संबंधित जानकारी जुटाई गई थी। मध्य प्रदेश में पहले चरण का काम 1 मई से 30 मई 2026 तक चला था। यह काम 30 दिनों में सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है। अब दूसरे चरण में प्रदेश की जनसंख्या की गणना की जाएगी।
10 जनवरी से खुद दर्ज कर सकेंगे अपनी जानकारी
इस बार जनगणना में लोगों को स्व-गणना (Self-Enumeration) का विकल्प भी मिलेगा। मध्य प्रदेश में यह सुविधा 10 जनवरी से 24 जनवरी 2027 तक उपलब्ध रहेगी। इस दौरान लोग खुद अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद 25 जनवरी से जनगणना का फील्ड वर्क शुरू होगा। गणना करने वाले कर्मचारी घर-घर जाकर लोगों से जानकारी जुटाएंगे। यह काम 28 फरवरी तक चलेगा। इसके बाद 1 मार्च से 5 मार्च तक पुनरीक्षण का दौर चलेगा।
घर-घर जाकर पूछे जाएंगे 40 सवाल
जनगणना के दूसरे चरण में प्रत्येक व्यक्ति से संबंधित जानकारी जुटाई जाएगी। इसके लिए कुल 40 सवाल पूछे जाएंगे। इन सवालों के माध्यम से लोगों की सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक स्थिति के साथ जनसांख्यिकीय, प्रवास और प्रजनन से संबंधित आंकड़े जुटाए जाएंगे। इन जानकारियों का इस्तेमाल भविष्य की सरकारी योजनाओं और नीतियों को तैयार करने में किया जाएगा।
MP में जनगणना का पूरा शेड्यूल
- अधिकारियों का प्रशिक्षण25 नवंबर 2026
- स्व-गणना की सुविधा10 से 24 जनवरी 2027
- घर-घर जाकर जनसंख्या की गणना25 जनवरी से 28 फरवरी 2027
- पुनरीक्षण का काम1 से 5 मार्च 2027
प्रदेश के 55 जिलों में बनाए जाएंगे गणना ब्लॉक
मध्य प्रदेश के 55 जिलों में कुल 989 ग्रामीण और नगरीय चार्ज यानी प्रशासनिक गणना क्षेत्र हैं। पहले चरण में बनाए गए मकान सूचीकरण ब्लॉक (HLB) के आधार पर दूसरे चरण के लिए गणना ब्लॉक (EB) बनाए जाएंगे। प्रत्येक गणना ब्लॉक की जिम्मेदारी एक प्रगणक यानी गणना करने वाले कर्मचारी को सौंपी जाएगी। ये कर्मचारी अपने निर्धारित क्षेत्र में घर-घर जाकर आंकड़े जुटाएंगे। छह प्रगणकों के काम की निगरानी के लिए एक पर्यवेक्षक जिम्मेदार होगा।
करीब 1.89 लाख कर्मचारी संभालेंगे जिम्मेदारी
प्रदेश में जनगणना का काम व्यवस्थित तरीके से पूरा करने के लिए बड़ी संख्या में प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को लगाया जाएगा।
- कुल जिले : 55
- ग्रामीण और नगरीय चार्ज : 989
- प्रगणक : 1 लाख 61 हजार 619
- पर्यवेक्षक : 27 हजार 247
- कुल प्रगणक और पर्यवेक्षक : 1 लाख 88 हजार 866
- जनगणना में पूछे जाने वाले सवाल : 40
मोबाइल ऐप से जुटाए जाएंगे आंकड़े
जनगणना 2027 में आंकड़े जुटाने के लिए मोबाइल ऐप का इस्तेमाल किया जाएगा। प्रगणक अपने निर्धारित क्षेत्र में जाकर लोगों से जानकारी लेंगे और उसे डिजिटल माध्यम से दर्ज करेंगे। प्रगणकों और पर्यवेक्षकों के लिए उनकी भूमिका के अनुसार अलग-अलग डिजिटल मॉड्यूल उपलब्ध कराए गए हैं।
पूरी तरह गोपनीय रहेगी आपकी जानकारी
जनगणना के दौरान लोगों से जुटाई जाने वाली व्यक्तिगत जानकारी पूरी तरह गोपनीय रहेगी। इसके आंकड़ों का इस्तेमाल मुख्य रूप से सरकारी योजनाओं और नीतियों के निर्माण के लिए किया जाता है। जनगणना से प्राप्त समग्र आंकड़ों का उपयोग राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियां, शोधकर्ता, व्यापारी और उद्योगपति भी करते हैं। जनगणना 2027 को सफल बनाने के लिए आम लोगों की भागीदारी, जागरूकता और सहयोग को जरूरी बताया गया है।