मानसून के आखिरी दिनों में भारी बारिश का अटैक, MP-CG में स्कूल बंद, राजस्थान में भी अलर्ट

Amresh Kushwaha | Sept 26, 2026, 07:01 IST
आज होगी तूफानी बारिश
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में मानसून विदाई से पहले उग्र हो गया है। MP के 18 जिलों और CG में भारी बारिश के चलते स्कूल बंद कर दिए गए हैं। राजस्थान में भी 29 सितंबर तक बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

Weather update:मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। मध्य प्रदेश के 18 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। सतना और मैहर में एहतियातन स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है।



छत्तीसगढ़ में भारी बारिश के कारण सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं। जगदलपुर में 246 मिलीमीटर से ज्यादा रिकॉर्ड तोड़ बारिश दर्ज की गई है। उधर राजस्थान में नए वेदर सिस्टम से 29 सितंबर तक बारिश के आसार हैं। मध्य भारत में मानसून जाते-जाते एक बार फिर पूरी तरह से सक्रिय हो गया है।



मध्यप्रदेश मौसम रिपोर्ट - 26 सितबंर 2026

MP Weather update: (मध्यप्रदेश का मौसम):मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में अगले 48 घंटे बारिश का असर बना रहेगा। जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग के कई जिलों में तेज बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक शनिवार को जबलपुर-रीवा समेत 18 जिलों में भारी या अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।



चार जिलों में ऑरेंज अलर्ट, मूसलधार बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर और सतना में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में तेज बारिश को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। भारी बारिश की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं।



सतना और मैहर में स्कूलों की छुट्टी घोषित

भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए सतना जिले में शनिवार को नर्सरी से कक्षा 8वीं तक के स्कूल बंद रहेंगे। वहीं मैहर जिले में नर्सरी से कक्षा 12वीं तक के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।



इन जिलों में भारी बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में भिंड, दतिया, पन्ना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, दमोह, कटनी, मैहर, उमरिया, शहडोल, जबलपुर, मंडला और डिंडौरी में भारी बारिश हो सकती है।



कई जिलों में हल्की बारिश के आसार

इसके अलावा भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, अशोकनगर, मुरैना, श्योपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, बालाघाट, पांढुर्णा, अनूपपुर, सागर और पन्ना में बूंदाबांदी होने का अनुमान है।



पूर्वी MP में बारिश का असर अभी बना रहेगा

मौसम विशेषज्ञ शैलेंद्र कुमार नायक के मुताबिक सितंबर के आखिरी सप्ताह में मध्य प्रदेश का मौसम फिर एक्टिव हुआ है। गहरे अवदाब की ताकत भले ही धीरे-धीरे कम हो रही है, लेकिन इसकी उत्तर-उत्तर पश्चिम दिशा में बढ़ती चाल और इससे मिलने वाली नमी के कारण पूर्वी मध्य प्रदेश में बारिश जारी रहने की संभावना है।



नदी-नालों और निचले इलाकों में सावधानी बरतने की सलाह

मौसम विशेषज्ञों ने अगले 48 घंटे को महत्वपूर्ण बताया है। प्रशासन, किसान और आम लोगों को मौसम की स्थानीय चेतावनियों पर नजर रखने की सलाह दी गई है। साथ ही नदी-नालों, पुल-पुलियों और निचले इलाकों में बेवजह जाने से बचने को कहा गया है।



मानसून की विदाई में अब सिर्फ 5 दिन बाकी

मध्य प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून का समय 1 जून से 30 सितंबर तक रहता है। यानी अब मानसून की विदाई में करीब पांच दिन बाकी हैं। आने वाले दिनों में प्रदेश से मानसून लौटने की शुरुआत हो सकती है। राजस्थान के कई जिलों से मानसून पहले ही विदा हो चुका है।



छत्तीसगढ़ मौसम रिपोर्ट - 26 सितंबर 2026

CG Weather update: (छत्तीसगढ़ का मौसम):छत्तीसगढ़ में बारिश का सिलसिला अभी भी जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में पिछले 24 घंटे के दौरान अच्छी बारिश हुई है। कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश रिकॉर्ड की गई है। मौसम विभाग ने 25 सितंबर को मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई है।



जगदलपुर में 246.3 मिमी बारिश दर्ज

बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो जगदलपुर में सबसे ज्यादा 246.3 मिलीमीटर बारिश हुई है। इसके अलावा राजनांदगांव में 87 मिलीमीटर, लालपुर रायपुर में 77.3 मिलीमीटर, माना एयरपोर्ट में 69.4 मिलीमीटर और दुर्ग में 49.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।



मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ में बारिश का असर सबसे ज्यादा देखने को मिला है।



26 सितंबर को तेज हवा और बिजली गिरने की चेतावनी

मौसम विभाग ने 26 सितंबर को भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का अनुमान जताया है। कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है।



इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।



बारिश के चलते 26 सितंबर को सभी स्कूल बंद

लगातार बारिश और बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए छत्तीसगढ़ सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर 26 सितंबर को प्रदेश के सभी सरकारी, निजी और अनुदान प्राप्त स्कूलों में छुट्टी रहेगी।



यह फैसला भारी बारिश से जलभराव, नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर और आवागमन में परेशानी को देखते हुए लिया गया है। अभिभावकों से बच्चों को घर पर रखने और जरूरी होने पर ही बाहर निकलने की अपील की गई है।



कलेक्टरों को अलर्ट रहने के निर्देश

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बारिश और बाढ़ जैसी स्थिति को देखते हुए सभी जिलों के कलेक्टरों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जरूरतमंद लोगों तक तुरंत मदद पहुंचाने और राहत-बचाव कार्यों के लिए तैयार रहने को कहा है।



निचले इलाकों, नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। खतरे की स्थिति में लोगों को समय रहते सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था करने को कहा गया है।



लोगों से सावधानी बरतने की अपील

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि बारिश के दौरान जलभराव वाले रास्तों, पुल-पुलियों, तेज बहाव वाले इलाकों और उफनते नदी-नालों से दूरी बनाए रखें।



राहत दलों को भोजन, पेयजल, दवाइयों और जरूरी सुविधाओं के साथ तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर लोगों को तुरंत सहायता मिल सके।



राजस्थान मौसम रिपोर्ट - 26 सितंबर 2026

Rajsthan weather update: (राजस्थान का मौसम): बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात अर्नब का असर अब राजस्थान में भी दिख सकता है। मौसम विभाग के अनुसार 29 सितंबर तक इस सिस्टम के साथ पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय रहेगा। इसके चलते जयपुर और भरतपुर संभाग के कई इलाकों में बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने 27 सितंबर को प्रदेश के 10 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।



पिछले 24 घंटे में मौसम रहा शुष्क, तापमान में आई गिरावट

पिछले 24 घंटे में राजस्थान में मौसम सामान्य रूप से शुष्क रहा। पूर्वी राजस्थान के साथ पश्चिमी जिलों में भी तापमान में गिरावट दर्ज की गई। हालांकि पश्चिमी राजस्थान के कई इलाकों में पारा अभी भी 40 डिग्री से ऊपर बना हुआ है, जिससे गर्मी का असर जारी है।



पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में 5 डिग्री तक गिरा तापमान

शुक्रवार को पूर्वी राजस्थान के अलवर, भरतपुर, धौलपुर और करौली इलाकों में तापमान में बड़ी गिरावट देखने को मिली। अलवर में अधिकतम तापमान 5 डिग्री गिरकर 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।



वहीं अजमेर में अधिकतम तापमान 35.2, भीलवाड़ा में 35, चूरू में 37.4, करौली में 28.9, प्रतापगढ़ में 32.7, टोंक में 32.7, सीकर में 35.2, कोटा में 32.3 और गंगानगर में 37.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।



जयपुर में बादल और बारिश के आसार

जयपुर में शुक्रवार को दिनभर आसमान साफ रहा और धूप खिली रही। हालांकि हवा चलने से गर्मी का असर कुछ कम महसूस हुआ। यहां अधिकतम तापमान में करीब 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने जयपुर में 29 सितंबर तक बादल छाने और बारिश होने की संभावना जताई है।



जोधपुर में अभी भी तेज गर्मी का असर

जोधपुर में सितंबर के आखिरी दिनों में भी गर्मी से राहत नहीं मिली है। शुक्रवार को यहां अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य तापमान से 5.5 डिग्री ज्यादा रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 25.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक है।



कोटा में उमस और गर्मी से लोग परेशान

कोटा में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 32.3 डिग्री सेल्सियस रहा। इस मानसून सीजन में कोटा में औसत से कम बारिश दर्ज की गई है। शुक्रवार को तेज धूप के कारण उमस और गर्मी से लोग परेशान रहे। इस सीजन में अब तक कोटा में 439.1 एमएम बारिश हुई है।



उदयपुर में पांच दिन में 4.4 डिग्री बढ़ा तापमान

उदयपुर में पिछले पांच दिनों में गर्मी फिर बढ़ी है। शहर का अधिकतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ गया है। शुक्रवार को उदयपुर में अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस रहा।



ये खबरें भी पढ़िए...



MP में बढ़ेगी गर्मी की मार! दिन में 2°C और रात में 2.4°C तक बढ़ेगा तापमान



इस बार नहीं पड़ेगी कड़ाके की ठंड! डेंजर जोन में आया भारत, अल नीनो का दिखेगा रौद्र रूप



भारत में सूखे का खतरा, सदी का सबसे खतरनाक अल-नीनो दस्तक देने को तैयार!



ढाई महीने बाद भी एमपी में मानसून की चाल पड़ी सुस्त, सामान्य से 11% कम बारिश



Tags:
  • भारी बारिश