मध्य भारत में एक्टिव हुआ स्ट्रॉन्ग सिस्टम, MP-CG और राजस्थान में हैवी रेन का अलर्ट
Weather update:मध्य भारत में मानसून का नया दौर शुरू हो गया है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में मूसलाधार बारिश का अलर्ट है। मध्य प्रदेश के 21 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। छत्तीसगढ़ में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
राजस्थान के 31 जिलों में ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया गया है। मानसून ट्रफ और लो प्रेशर एरिया से बारिश का सिस्टम बना है। अगले 48 घंटों तक तीनों राज्यों में तेज बारिश का दौर जारी रहेगा। कई जगहों पर नदियां उफान पर हैं और सड़कें जलमग्न हो गई हैं।
मध्यप्रदेश मौसम रिपोर्ट - 10 अगस्त 2026
MP Weather update: (मध्यप्रदेश का मौसम):सूखे जैसे हालात से जूझ रहे मध्य प्रदेश में अब मौसम ने करवट ली है। प्रदेश में बारिश का स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव हो गया है। मानसून ट्रफ और लो प्रेशर एरिया बनने से रविवार को कई जिलों में तेज बारिश हुई और कुछ जगहों पर बाढ़ जैसे हालात बन गए। सोमवार को भी प्रदेश के 21 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
भोपाल में रातभर से तेज बारिश हो रही है। उज्जैन संभाग के कई इलाकों में भी लगातार पानी गिर रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले 24 घंटे कई जिलों के लिए भारी रह सकते हैं।
इन जिलों में अति भारी बारिश का अलर्ट
मौसम केंद्र (IMD) ने सोमवार को राजगढ़, विदिशा, सीहोर, हरदा और देवास में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यहां 8 इंच तक बारिश होने की संभावना जताई गई है।
इसके अलावा उज्जैन, आगर-मालवा, शाजापुर, खंडवा, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, पांढुर्णा, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, सागर, दमोह, जबलपुर, गुना, शिवपुरी और श्योपुर में भी तेज बारिश का अलर्ट है।
वहीं भोपाल, इंदौर, धार, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खरगोन, झाबुआ, नीमच, मंदसौर, रतलाम, ग्वालियर, दतिया, अशोकनगर, मुरैना, भिंड, कटनी, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश होने के आसार हैं।
दो दिन तक तेज बारिश का दौर
मौसम विशेषज्ञ शैलेंद्र कुमार नायक के मुताबिक लो प्रेशर एरिया बनने के बाद प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां बढ़ गई हैं। तेज बारिश का दौर अभी दो दिन तक जारी रह सकता है।
उन्होंने बताया कि 11 अगस्त के आसपास उत्तर बंगाल की खाड़ी और पश्चिम बंगाल-बांग्लादेश तट के पास नया चक्रवाती सिस्टम बनने की संभावना है। इसके असर से 13 अगस्त के आसपास नया लो प्रेशर एरिया बन सकता है। 12 और 13 अगस्त को हल्की बारिश होने के संकेत हैं।
डिंडौरी में मकान गिरा, मासूम की मौत
इससे पहले रविवार को डिंडौरी में तेज बारिश के कारण एक कच्चा मकान गिर गया। हादसे में मलबे में दबकर 7 साल के राजा की मौत हो गई।
वहीं मंडला में नर्मदा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। नदी का पानी पुल के ऊपर से बहने लगा। किनारे रहने वाले 7 परिवारों को सुरक्षित जगह रैन बसेरा में शिफ्ट किया गया है।
मंडला में नर्मदा खतरे के निशान के करीब
मंडला में रविवार सुबह 9 बजे नर्मदा का जलस्तर 435 मीटर था। शाम 4 बजे तक यह बढ़कर 437.6 मीटर पहुंच गया और वार्निंग लेवल पार कर गया। छोटा पुल यानी रपटा पानी में डूब गया।
उमरिया में संजय गांधी ताप विद्युत केंद्र के जोहिला डैम के 5 गेट खोलकर पानी छोड़ा गया। भोपाल, बालाघाट, ब्यावरा, विदिशा, हरदा, मंडला और नरसिंहपुर में रुक-रुककर बारिश होती रही।
छत्तीसगढ़ मौसम रिपोर्ट - 10 अगस्त 2026
CG Weather Update: (छत्तीसगढ़ का मौसम):छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर जोर पकड़ने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक 10 अगस्त से प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश शुरू हो सकती है। वहीं कुछ जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
रायपुर और मुंगेली जिले में भी कुछ जगहों पर अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ ही कई इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है।
अगले 24 घंटे में ऐसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पूर्वी मध्यप्रदेश और उससे लगे छत्तीसगढ़ इलाके में बना लो प्रेशर एरिया प्रदेश के मौसम को प्रभावित कर रहा है। इसके असर से 10 अगस्त को प्रदेश के ज्यादातर जिलों में बारिश होने के आसार हैं।
उत्तर छत्तीसगढ़ में बारिश का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है। यहां कई जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।
इन जिलों में बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट
मौसम विभाग ने सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, रायगढ़, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर समेत कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
इन इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। कुछ जगहों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। मौसम विभाग ने लोगों को बिजली गिरने और तेज हवा के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।
बारिश बढ़ाने वाले सिस्टम एक्टिव
मौसम विभाग के मुताबिक 9 अगस्त को दोपहर करीब 2:30 बजे उत्तर-पूर्वी मध्यप्रदेश और इससे लगे छत्तीसगढ़ के ऊपर निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ था। इसके साथ चक्रवाती परिसंचरण भी सक्रिय है।
इसके अलावा मानसून ट्रफ भी इस सिस्टम को सपोर्ट कर रही है। इन मौसमी सिस्टम के कारण प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ रही हैं। अगले दो दिनों तक कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने के संकेत हैं।
रायपुर में बादल छाए रहने के आसार
राजधानी रायपुर में 10 अगस्त को दिनभर बादल छाए रह सकते हैं। मौसम विभाग के मुताबिक यहां एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
राजस्थान मौसम रिपोर्ट - 10 अगस्त 2026
Rajsthan weather update: (राजस्थान का मौसम): राजस्थान में मानसून एक बार फिर पूरी तरह एक्टिव हो गया है। मौसम विभाग ने आज से प्रदेश के दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में तेज बारिश का दौर शुरू होने की संभावना जताई है। इसे देखते हुए 7 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 24 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग का कहना है कि 13 अगस्त तक प्रदेश में बारिश का दौर जारी रह सकता है। हालांकि, 14 अगस्त से बारिश की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आने की संभावना है।
इससे पहले रविवार को भी कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई। जयपुर का कानोता बांध छलक गया। सड़कों पर पानी बहता नजर आया। हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर के कई इलाकों में तेज बारिश हुई। बारां जिले के शाहबाद में करीब 2 इंच पानी बरसा, जबकि बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ में सड़कों पर पानी नदी की तरह बहता दिखाई दिया।
शाहबाद में 48 MM बारिश दर्ज
पिछले 24 घंटे में जयपुर, भरतपुर, कोटा और बीकानेर संभाग के कई हिस्सों में अच्छी बारिश हुई।
हनुमानगढ़ के भादरा में 31 MM, बारां के शाहबाद में 48 MM, जोधपुर के भोपालगढ़ में 30 MM, सिरोही के माउंट आबू में 25 MM, श्रीगंगानगर के अनूपगढ़ में 24 MM और बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ में 37 MM बारिश रिकॉर्ड की गई।
अजमेर, दौसा, टोंक और उदयपुर समेत कई जिलों में दिनभर बादल छाए रहे। बीच-बीच में बूंदाबांदी और हल्की बारिश से मौसम सुहावना बना रहा।
बारिश से तापमान में गिरावट
प्रदेश में बारिश का असर तापमान पर भी देखने को मिला। नागौर, बीकानेर, जोधपुर, कोटा और प्रतापगढ़ में तापमान करीब 2 डिग्री तक नीचे आया।
रविवार को प्रदेश के किसी भी शहर में तापमान 40 डिग्री के पार नहीं गया। सबसे ज्यादा तापमान बाड़मेर में 39.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इसके अलावा जैसलमेर में 38.3 डिग्री, चूरू में 35 डिग्री, जालोर में 34.7 डिग्री, दौसा में 35 डिग्री, जोधपुर में 33.7 डिग्री और बीकानेर में 34 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।
इन सिस्टम से बढ़ी बारिश की गतिविधियां
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और इससे लगे छत्तीसगढ़ इलाके में लो प्रेशर सिस्टम बना हुआ है। यह सिस्टम धीरे-धीरे उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है।
उन्होंने बताया कि मानसून ट्रफ अब अपनी सामान्य स्थिति में लौट आई है। यह बीकानेर, ग्वालियर, उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ होते हुए बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है।
इसके अलावा उत्तर-पूर्वी राजस्थान और आसपास के इलाकों में साइक्लोनिक सर्कुलेशन भी सक्रिय है। इन सिस्टम के कारण राजस्थान के दक्षिणी और पूर्वी हिस्सों में 10 और 11 अगस्त को कई जगह मध्यम से तेज बारिश और कुछ इलाकों में भारी से अति भारी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक बारिश का असर 13 अगस्त तक रहेगा। इसके बाद 14 अगस्त से पश्चिमी राजस्थान में मौसम धीरे-धीरे साफ होने लगेगा, जबकि 15 अगस्त से पूर्वी राजस्थान में भी बारिश की गतिविधियां कम हो जाएंगी।
ये खबरें भी पढ़िए...
अगस्त का मौसम: झमाझम बारिश या सिर्फ उमस का दौर? जानें पूरे महीने का वेदर रिपोर्ट
MP, CG और राजस्थान में बदलेंगे मौसम के मिजाज, इन जिलों में भारी बारिश के आसार
मौसम लाइव अपडेट: केरल-कर्नाटक में बारिश का कहर, लैंडस्लाइड से 11 मौतें; कई लापता
MP-CG और राजस्थान का मानसून अपडेट, जानें कहां होगी भारी बारिश और कहां रहेगा सूखा?