MP, CG और राजस्थान में मौसम ने बदली करवट, आंधी-बारिश से थमा गर्मी का सितम

Aman Vaishnav | Jun 14, 2026, 07:09 IST
मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान का मौसम
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में मानसून की दस्तक और पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम बदल गया है। तीनों राज्यों में तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

Weather Update: देश के कई राज्यों में इस समय मौसम का मिजाज बदला-बदला नजर आ रहा है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान के लोगों को अब भीषण गर्मी से राहत मिलने लगी है।



मौसम विभाग के अनुसार मानसून लगातार आगे बढ़ रहा है और अलग-अलग सिस्टम एक्टिव होने की वजह से अगले कुछ दिनों तक इन राज्यों में आंधी, गरज-चमक और झमाझम बारिश का दौर जारी रहेगा। आइए जानते हैं आपके राज्य में मौसम का क्या हाल रहने वाला है।



मध्यप्रदेश मौसम रिपोर्ट - 14 जून 2026

MP weather: (मध्यप्रदेश का मौसम)मध्य प्रदेश में अगले दो दिन मौसम का मिजाज बदला-बदला रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक मानसून लगातार आगे बढ़ रहा है, जिसका असर प्रदेश के कई इलाकों में देखने को मिलेगा। 14 और 15 जून को कई जिलों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है।



भोपाल, नर्मदापुरम, ग्वालियर, चंबल, सागर, रीवा, शहडोल, जबलपुर और इंदौर संभाग के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने कुछ इलाकों में बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट भी जारी किया है। वहीं सीहोर, ग्वालियर, भिंड, जबलपुर, दमोह और सागर जिलों में हवाओं की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।



राजधानी भोपाल समेत विदिशा, रायसेन, राजगढ़, हरदा, देवास, शाजापुर, गुना, शिवपुरी, दतिया, मुरैना, छिंदवाड़ा, बालाघाट, मंडला, डिंडोरी, कटनी, उमरिया, सतना, अनूपपुर और शहडोल जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश के आसार हैं।



मौसम विभाग का कहना है कि मानसून की उत्तरी सीमा लगातार आगे बढ़ रही है और हालात इसके अनुकूल बने हुए हैं। इसलिए अगले दो दिनों तक तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी नहीं होगी और ज्यादातर जिलों में मौसम सुहाना बना रहेगा।



पिछले 24 घंटों के दौरान चंबल और जबलपुर संभाग के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा भोपाल, नर्मदापुरम, ग्वालियर, शहडोल, सागर, इंदौर और रीवा संभाग के कुछ इलाकों में भी बारिश हुई।



छत्तीसगढ़ मौसम रिपोर्ट - 14 जून 2026

CG weather: (छत्तीसगढ़ का मौसम)छत्तीसगढ़ में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई इलाकों में बारिश हुई, साथ ही गरज-चमक और बिजली गिरने की घटनाएं भी सामने आई हैं।



मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले पांच दिनों तक प्रदेश में मौसम ऐसा ही बना रह सकता है। कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। इसके अलावा तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है।



मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में अगले दो से तीन दिनों के भीतर दक्षिण-पश्चिम मानसून की एंट्री हो सकती है। इसके लिए मौसम की परिस्थितियां फिलहाल अनुकूल बनी हुई हैं।



मौसम विभाग की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार 13 से 17 जून तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इस दौरान लोगों को खराब मौसम और आकाशीय बिजली को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है।



राजस्थान मौसम रिपोर्ट - 12 जून 2026

Rajsthan weather update: (राजस्थान का मौसम) राजस्थान के कई इलाकों में मौसम ने करवट ली है। पिछले 24 घंटों के दौरान हुई बारिश और तेज हवाओं से लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली है। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश में फिलहाल बारिश और आंधी का दौर जारी रहने की संभावना है।



जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार हरियाणा और आसपास के क्षेत्र में एक परिसंचरण तंत्र बना हुआ है। वहीं बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से नमी वाली हवाएं भी आ रही हैं। इसी वजह से बीते 24 घंटों में बीकानेर, जयपुर और भरतपुर संभाग के कई इलाकों में तेज गरज-चमक, आंधी और बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा 50 मिमी बारिश सीकर के दांतारामगढ़ में हुई।



मौसम विभाग का कहना है कि आज भी बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर, जोधपुर और कोटा संभाग के कई इलाकों में तेज गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।



विभाग के अनुसार अगले चार से पांच दिनों तक भी प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम ऐसा ही बना रह सकता है। बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा और जोधपुर संभाग में तेज हवाओं और बारिश की गतिविधियां जारी रहने के आसार हैं।



ये खबर भी पढ़िए...

गर्मी ने छुड़ाए पसीने! पारा पहुंचा 42 डिग्री के पार, तीनों राज्यों में लू का अलर्ट



MP-CG-Rajasthan Weather: तीनों राज्यों में भीषण गर्मी का रेड अलर्ट जारी



MP-CG-Rajasthan: मध्य भारत में गर्मी का कहर! मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट



MP-CG-Rajasthan Weather: अगले 4 दिन झुलसाएगी गर्मी, तीन राज्यों में हीटवेव अलर्ट!



Tags:
  • छत्तीसगढ़ का मौसम
  • राजस्थान का मौसम
  • MP weather
  • मध्यप्रदेश का मौसम
  • Weather update
  • CG weather
  • Rajsthan weather update