MP, CG और राजस्थान में मानसून की एंट्री, अगले 4 दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट

Aman Vaishnav | Jul 03, 2026, 07:01 IST
MP, CG और राजस्थान में मानसून की एंट्री
मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह एक्टिव हो गया है। वहीं राजस्थान में मानसून अब धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ रहा है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक कई जिलों में भारी भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है।

Weather Update: मध्यप्रदेश में मानसून अब पूरी तरह से रंग में आ गया है। सूबे के ज्यादातर जिलों में झमाझम बारिश और तेज हवाओं का दौर चल रहा है। छत्तीसगढ़ में भी मानसून ने अपनी रफ्तार पकड़ ली है। बंगाल की खाड़ी में एक कम दबाव का क्षेत्र बना है, जिसके असर से आज यानी 3 जुलाई को पूरे प्रदेश में बारिश होने के आसार हैं। साथ ही राजस्थान में भी मानसून धीरे-धीरे अपनी ताकत दिखा रहा है। 3 जुलाई को राज्य के कई हिस्सों में बारिश और तेज होने वाली है।



मध्यप्रदेश मौसम रिपोर्ट - 03 जुलाई 2026

MP weather: (मध्यप्रदेश का मौसम):मध्यप्रदेश में मानसून अब पूरी तरह एक्टिव हो गया है। प्रदेश के ज्यादातर जिलों में बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक कई इलाकों में जोरदार बारिश का अलर्ट जारी किया है।



मौसम विभाग के मुताबिक, 3 जुलाई की सुबह से 4 जुलाई की सुबह तक हरदा, खंडवा, बैतूल, बुरहानपुर, खरगोन, बड़वानी, धार और देवास जिलों में कहीं-कहीं अति भारी बारिश हो सकती है। वहीं रायसेन, राजगढ़, नर्मदापुरम, रतलाम, उज्जैन, अनूपपुर, डिंडोरी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, सागर और पांढुर्णा में भारी बारिश का अलर्ट है। इसके अलावा भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश और 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।



4 से 5 जुलाई तक प्रदेश का मौसम

इसके बाद 4 जुलाई की सुबह से 5 जुलाई की सुबह तक भी मौसम का यही मिजाज बना रहेगा। इस दौरान खरगोन, बड़वानी, धार, बुरहानपुर, अलीराजपुर और झाबुआ में अति भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। वहीं सीहोर, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, खंडवा, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, देवास, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा में भारी बारिश हो सकती है। भोपाल, विदिशा, रायसेन, ग्वालियर, सागर, जबलपुर, मंडला, बालाघाट, रीवा, सतना, शहडोल समेत कई अन्य जिलों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और बारिश होने का अनुमान है।



मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक अरुण शर्मा का कहना है कि बारिश और तेज हवाओं की वजह से प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में तापमान में गिरावट आएगी। हालांकि कुछ जिलों में तापमान में ज्यादा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा।



छत्तीसगढ़ मौसम रिपोर्ट - 03 जुलाई 2026

CG weather: (छत्तीसगढ़ का मौसम):छत्तीसगढ़ में मानसून अब पूरे प्रदेश में पूरी तरह एक्टिव हो गया है। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र की वजह से आज यानी 3 जुलाई को भी प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बारिश होने की संभावना है।



मौसम विभाग के मुताबिक, अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होगी। वहीं मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसके साथ ही गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है, इसलिए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।



अगले दो दिनों तक का मौसम

मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों तक मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में कई जगहों पर जोरदार बारिश का दौर बना रह सकता है। वहीं बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के असर से अगले पांच दिनों तक पूरे प्रदेश में बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।



बीते 24 घंटों की बात करें तो बस्तर संभाग के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं दुर्ग, बिलासपुर और सरगुजा संभाग के कई क्षेत्रों में भी अच्छी बारिश हुई।



हालांकि इस बार अब तक प्रदेश में मानसून की बारिश सामान्य से करीब 54 फीसदी कम रही है। लेकिन मौसम विभाग को उम्मीद है कि अगले कुछ दिनों में होने वाली अच्छी बारिश से यह कमी काफी हद तक पूरी हो सकती है।



राजस्थान मौसम रिपोर्ट - 03 जुलाई 2026

Rajsthan weather update: (राजस्थान का मौसम) राजस्थान में मानसून अब धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ रहा है। 3 जुलाई को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां और तेज होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, आज कई जिलों में तेज बारिश, गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।



पूर्वी राजस्थान में जयपुर, अजमेर, उदयपुर, टोंक, भीलवाड़ा, राजसमंद, चित्तौड़गढ़, कोटा और भरतपुर संभाग के जिलों में मौसम सबसे ज्यादा सक्रिय रहने का अनुमान है। यहां कई जगहों पर भारी बारिश भी हो सकती है।



वहीं पश्चिमी राजस्थान में भी बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, नागौर, जोधपुर और पाली के कई इलाकों में बारिश और आंधी की संभावना है। हालांकि बाड़मेर और जैसलमेर में मौसम बाकी जिलों के मुकाबले अपेक्षाकृत सूखा रह सकता है।



ये खबर भी पढ़िए...

गर्मी ने छुड़ाए पसीने! पारा पहुंचा 42 डिग्री के पार, तीनों राज्यों में लू का अलर्ट



MP-CG-Rajasthan Weather: तीनों राज्यों में भीषण गर्मी का रेड अलर्ट जारी



MP-CG-Rajasthan: मध्य भारत में गर्मी का कहर! मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट



MP-CG-Rajasthan Weather: अगले 4 दिन झुलसाएगी गर्मी, तीन राज्यों में हीटवेव अलर्ट!



Tags:
  • छत्तीसगढ़ का मौसम
  • राजस्थान का मौसम
  • MP weather
  • मध्यप्रदेश का मौसम
  • CG weather
  • Rajsthan weather update