अर्नब के बाद मुरासु का अटैक, एमपी में 5 नवंबर तक आंधी-बारिश का अलर्ट, CG में भी दिखेगा असर, जानें राजस्थान के हाल

Aman Vaishnav | Nov 02, 2026, 06:56 IST
मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान से आंधी-बारिश और ठंड का अलर्ट, जबकि राजस्थान में साफ आसमान के साथ खिली धूप का असर।
MP CG Cyclone Rain and Cold Weather Alert With Rajasthan Sunny Sky Update
अर्नब तूफान के गुजरने के बाद अब नए चक्रवाती तूफान के चलते मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में मौसम तेजी से बदल गया है। मध्यप्रदेश में 5 नवंबर तक कई जिलों में आंधी-बारिश की चेतावनी जारी की गई है। बंगाल की खाड़ी में गहरा दबाव बनने से छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की आशंका है। राजस्थान में अगले 3 से 4 दिनों तक आसमान बिल्कुल साफ रहेगा ।

मध्यप्रदेश मौसम रिपोर्ट - 02 नवंबर 2026

MP Weather update: (मध्यप्रदेश का मौसम): अर्नब तूफान के असर से मध्यप्रदेश में दिन के समय भी ठंडक बढ़ गई है। महज 4 दिन में ही दिन का तापमान 7 से 8 डिग्री तक गिर गया है। रात के तापमान में भी गिरावट देखने को मिल रही है।



मौसम विभाग के मुताबिक, नए तूफान मुरासु के असर से 5 नवंबर तक प्रदेश में आंधी और बारिश का दौर जारी रह सकता है। सोमवार को जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, कटनी, उमरिया, अनूपपुर, शहडोल, मैहर, सीधी और सिंगरौली में तेज आंधी चलने और बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है।



इससे पहले रविवार को भी प्रदेश के कई जिलों में मौसम बदला रहा। सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडौरी, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, मैहर और पांढुर्णा में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हुई।



नए तूफान का इन जिलों में दिखेगा असर

मौसम विभाग के मुताबिक, नए तूफान का असर जबलपुर, रीवा, शहडोल, नर्मदापुरम और इंदौर संभाग के जिलों में देखने को मिलेगा। वहीं भोपाल, उज्जैन, ग्वालियर, चंबल और सागर संभाग में बादल छाए रह सकते हैं। कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी होने की भी संभावना है।



दिन के तापमान में आई गिरावट

पिछले 48 घंटे में प्रदेश के कई संभागों में दिन का तापमान तेजी से गिरा है। चंबल, रीवा, शहडोल और सागर संभाग में अधिकतम तापमान 5.3 से 7.7 डिग्री तक नीचे आ गया है। वहीं भोपाल, इंदौर, नर्मदापुरम, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर संभाग में पारा 4.9 डिग्री तक लुढ़क गया है।



रात के तापमान में भी 1 से 2 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है। बीती रात दमोह में सबसे कम 14.5 डिग्री तापमान रहा। अमरकंटक में 15.1 डिग्री, भोपाल में 15.2 डिग्री, शाजापुर के गिरवर में 15.4 डिग्री और बालाघाट के मलाजखंड में 15.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।



अब जानिए नवंबर में कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक नवंबर के दूसरे सप्ताह से प्रदेश में ठंड का असर और बढ़ने लगेगा। खासकर ग्वालियर-चंबल संभाग में तापमान तेजी से गिर सकता है। यहां उत्तरी हवाएं सीधे पहुंचती हैं, जिससे ठंड ज्यादा पड़ती है।



ग्वालियर में 57 साल पहले नवंबर के महीने में रात का तापमान 3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। वहीं उज्जैन में 53 साल पहले न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।



भोपाल, इंदौर और जबलपुर में नवंबर के दौरान बारिश होने का ट्रेंड रहा है। इस बार भी महीने की शुरुआत में ही बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। नवंबर के तीसरे और चौथे सप्ताह में मौसम सिस्टम एक्टिव होने से बारिश होने की संभावना है।



छत्तीसगढ़ मौसम रिपोर्ट - 02 नवंबर 2026

CG Weather update: (छत्तीसगढ़ का मौसम): चक्रवाती तूफान अर्नब से हुए नुकसान का अभी आकलन भी नहीं हो पाया है। इसी बीच मौसम विभाग ने बंगाल की खाड़ी में एक और चक्रवाती सिस्टम बनने की चेतावनी जारी की है। इस नए तूफान का नाम मुरासु होगा।



वहीं सक्रिय चक्रवाती सिस्टम के असर से छत्तीसगढ़ के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के मुताबिक 2 नवंबर को दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की भी संभावना है।



इसके बाद 3 और 4 नवंबर को प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। मौसम को देखते हुए प्रशासन ने संबंधित जिलों में सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। इसका मकसद किसी भी संभावित आपदा से निपटने के लिए पहले से तैयारी करना है।



बंगाल की खाड़ी में बन रहा नया चक्रवाती तूफान

दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी और उससे लगे दक्षिण-पश्चिम हिस्से में बना गहरा अवदाब अगले 48 घंटे में भीषण चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद प्रशासन ने सभी तटीय इलाकों में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। समुद्र में काम करने वाले मछुआरों को भी अगले कुछ दिनों तक समुद्र में नहीं जाने और तट से दूर रहने की सख्त हिदायत दी गई है।



राजस्थान मौसम रिपोर्ट - 02 नवंबर 2026

Rajasthan weather update: (राजस्थान का मौसम): राजस्थान में इन दिनों मौसम का मिजाज थोड़ा बदला हुआ है। रविवार को प्रदेश के ज्यादातर शहरों में दिन का तापमान सामान्य से कम रहा। वहीं रात का तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया। बाड़मेर को छोड़कर बाकी सभी शहरों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा।



उत्तर-पश्चिमी राजस्थान के श्रीगंगानगर, बीकानेर, जैसलमेर, फलोदी और बाड़मेर समेत कई जिलों में रात के समय ठंड कम पड़ रही है। यहां न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री ज्यादा दर्ज किया जा रहा है।



प्रदेश में सबसे ठंडा इलाका माउंट आबू रहा। यहां रात का तापमान 12.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के मुताबिक, अगले 3-4 दिन तक प्रदेश में आसमान साफ रहने की संभावना है। इस दौरान दिनभर धूप निकलेगी। कुछ शहरों में दिन का तापमान भी थोड़ा बढ़ सकता है।



बाड़मेर में दिन का तापमान सबसे ज्यादा रहा

रविवार सुबह भरतपुर और कोटा संभाग के कुछ इलाकों में हल्की धुंध देखने को मिली। हालांकि, सूरज निकलने के बाद आसमान साफ हो गया और धूप खिलने लगी। जयपुर, जोधपुर, अजमेर और बीकानेर संभाग में भी दिनभर आसमान साफ रहा। यहां मौसम सुहावना बना रहा।



बाड़मेर में सबसे ज्यादा 35.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। जैसलमेर में 34.8 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 33.8 डिग्री और फतेहपुर (सीकर) में 33 डिग्री तापमान रहा। पिलानी (झुंझुनूं) में 33.1 डिग्री, नागौर और चूरू में 32.8 डिग्री, जबकि श्रीगंगानगर में 32.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।



चूरू, बीकानेर, फलोदी, जोधपुर, उदयपुर, कोटा, जयपुर और अजमेर में दिन का तापमान सामान्य से कम रहा।



शेखावाटी में रात का तापमान बढ़ने लगा

राजस्थान में बारिश थमने और धूप निकलने के बाद कुछ शहरों में रात की ठंड भी कम होने लगी है। शेखावाटी के चूरू, सीकर, झुंझुनूं और फतेहपुर में पहले रात का तापमान सामान्य से नीचे था। अब यहां न्यूनतम तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हुई है।



सीकर में रात का तापमान 15.5 डिग्री, फतेहपुर में 13.9 डिग्री और झुंझुनूं व चूरू में 17.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पिलानी में 17.8 डिग्री, टोंक में 16.4 डिग्री और अजमेर में 16 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा।



Tags:
  • मध्यप्रदेश मौसम रिपोर्ट
  • MP Weather update
  • मध्यप्रदेश का मौसम
  • छत्तीसगढ़ मौसम रिपोर्ट
  • CG Weather update
  • छत्तीसगढ़ का मौसम
  • राजस्थान मौसम रिपोर्ट
  • Rajasthan weather update
  • राजस्थान का मौसम
  • तूफान मुरासु