MP और छत्तीसगढ़ में कल से होगी भारी बारिश, राजस्थान में पड़ेगी गर्मी

Amresh Kushwaha | Sept 22, 2026, 06:58 IST
MP और छत्तीसगढ़ में 24 सितंबर से भारी बारिश का अलर्ट
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 23 सितंबर से भारी बारिश का नया दौर शुरू हो रहा है। वहीं, राजस्थान से मानसून की विदाई के साथ पारा 40 डिग्री पार पहुंच गया है।

Weather update:मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में मानसून जाते-जाते फिर से जमकर बरसने वाला है। बुधवार, 23 सितंबर से दोनों राज्यों में भारी बारिश का नया दौर शुरू होगा। बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम से कई जिलों में अलर्ट जारी है।



दूसरी तरफ राजस्थान से मानसून की विदाई का दूसरा चरण शुरू हो गया है। बीकानेर समेत कई हिस्सों से बादल पूरी तरह छंट चुके हैं। पश्चिमी राजस्थान में तेज धूप और गर्मी से पारा 40 डिग्री पार पहुंच गया है।



मध्यप्रदेश मौसम रिपोर्ट - 22 सितबंर 2026

MP Weather update: (मध्यप्रदेश का मौसम):मध्य प्रदेश में 23 सितंबर से बारिश का नया दौर शुरू होने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक 24 और 25 सितंबर को बारिश कराने वाला सिस्टम ज्यादा मजबूत रहेगा। इन दो दिनों में प्रदेश के 17 जिलों में भारी से अति भारी बारिश हो सकती है। भोपाल और नर्मदापुरम संभाग में भी इसका असर देखने को मिलेगा।



मौसम विभाग के अनुसार निम्न दबाव का क्षेत्र बनने से प्रदेश में तेज बारिश के आसार हैं। 23 सितंबर से कई जिलों में बारिश शुरू हो सकती है। इसके बाद 24 और 25 सितंबर को सिस्टम की गतिविधियां बढ़ेंगी।



सबसे ज्यादा असर प्रदेश के पूर्वी हिस्से में दिखाई देगा। जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग के जिलों में तेज बारिश होने का अनुमान है। भोपाल और नर्मदापुरम संभाग के लिए भी अलर्ट जारी किया गया है।



मानसून की विदाई से पहले तेज बारिश

दक्षिण-पश्चिम मानसून सितंबर के आखिरी सप्ताह से विदा होना शुरू कर सकता है। हालांकि विदाई से पहले प्रदेश में अच्छी बारिश होने की संभावना है। इससे बारिश की मौजूदा कमी कुछ हद तक दूर हो सकती है।



प्रदेश में अब तक औसतन 33.7 इंच बारिश दर्ज हुई है। सामान्य तौर पर इस समय तक 36.3 इंच बारिश होनी चाहिए। यानी प्रदेश में सामान्य से 2.6 इंच कम पानी गिरा है। कुल मिलाकर बारिश का आंकड़ा औसत से छह प्रतिशत पीछे है।



भोपाल और नर्मदापुरम में बरसे बादल

रविवार रात भोपाल के कई इलाकों में तेज बारिश हुई। सोमवार को भी शहर और आसपास के क्षेत्रों में हल्की बारिश दर्ज की गई। शाम के समय बादल छाए रहे। रात में कोलार इलाके में हल्की बारिश हुई।



नर्मदापुरम में तेज हवा के बाद करीब 45 मिनट तक बारिश हुई। फेफरताल इलाके में 33 केवी बिजली लाइन पर पेड़ गिर गया। इससे शहर के करीब 40 प्रतिशत हिस्से में बिजली बंद हो गई।



रसूलिया, आशुतोष नगर और हरदा रोड स्थित महाराणा प्रताप मार्केट में लगे गणेश पंडालों को भी हवा और बारिश से नुकसान पहुंचा।



पूर्वी मध्य प्रदेश में दो प्रतिशत कम बारिश

मध्य प्रदेश में अब तक 856.8 मिलीमीटर बारिश हुई है। इस समय तक सामान्य बारिश का आंकड़ा 922.6 मिलीमीटर रहता है। प्रदेश के पूर्वी हिस्से में औसत से दो प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है।



जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग के कई जिलों में बारिश का आंकड़ा सामान्य से नीचे है। बालाघाट, छिंदवाड़ा, डिंडौरी, दमोह, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, पांढुर्णा, मंडला, रीवा, सागर और सिवनी में पांच से 23 प्रतिशत तक कम पानी गिरा है।



हालांकि पिछले एक सप्ताह में हुई बारिश से स्थिति में सुधार आया है। सोमवार को पूर्वी हिस्से में बारिश की कमी घटकर दो प्रतिशत रह गई।



छत्तीसगढ़ मौसम रिपोर्ट - 22 सितंबर 2026

CG Weather update: (छत्तीसगढ़ का मौसम):छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर अभी थमने वाला नहीं है। मौसम विभाग के रायपुर केंद्र की 20 सितंबर की रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 24 घंटे में कई जगह हल्की से मध्यम बारिश हुई। एक-दो स्थानों पर भारी बारिश भी दर्ज की गई।



प्रदेश में इस मानसून सीजन में अब तक सामान्य से छह प्रतिशत कम बारिश हुई है। पिछले 24 घंटे में जगदलपुर में 43.6 मिलीमीटर और पेंड्रा रोड में 38 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।



23 और 24 सितंबर को ज्यादा बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक 21 और 22 सितंबर को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान कुछ जगह गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।



प्रदेश में 23 और 24 सितंबर को बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान तेज गरज-चमक के साथ बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा।



मौसम विभाग ने 25 सितंबर को भी एक-दो स्थानों पर बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।



क्यों बदल रहा छत्तीसगढ़ का मौसम

प्रदेश में बारिश बढ़ने की मुख्य वजह बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र है। मौसम विभाग के अनुसार यह सिस्टम 21 सितंबर को अवदाब में बदल सकता है। इसके बाद 22 सितंबर को इसके गहरे अवदाब में बदलने की संभावना है।



यह सिस्टम पश्चिम और उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर आगे बढ़ सकता है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में नमी आएगी और बारिश की गतिविधियां तेज होंगी।



रायपुर में भी बरस सकते हैं बादल

राजधानी रायपुर में भी बादल छाए रहने और बारिश होने की संभावना है। शहर में एक-दो बार गरज-चमक के साथ हल्की बौछारें पड़ सकती हैं।



रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। माना एयरपोर्ट पर अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।



आने वाले दिनों में बारिश बढ़ने से तापमान में कुछ गिरावट आ सकती है। भारी बारिश वाले इलाकों में जलभराव और बिजली गिरने का खतरा रहेगा। ऐसे में खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहना बेहतर होगा।



राजस्थान मौसम रिपोर्ट - 22 सितंबर 2026

Rajsthan weather update: (राजस्थान का मौसम): राजस्थान से मानसून की विदाई का दूसरा चरण सोमवार से शुरू हो गया। बीकानेर संभाग के सभी इलाकों से मानसून लौट गया है। जयपुर संभाग के कुछ हिस्सों से भी मानसून की विदाई हो चुकी है। सोमवार को पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहा। तेज धूप के कारण लोगों को गर्मी और उमस महसूस हुई।



मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को राजस्थान में कहीं भी बारिश का अलर्ट नहीं है। अगले चार दिनों तक प्रदेश में मौसम साफ रहने का अनुमान है। अगले दो से तीन दिन में कुछ और इलाकों से मानसून विदा हो सकता है।



पश्चिमी राजस्थान में तेज हुई गर्मी

मानसून की विदाई के साथ पश्चिमी राजस्थान में गर्मी बढ़ने लगी है। जोधपुर और बीकानेर संभाग के अधिकतर जिलों में दिन का तापमान 36 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।



सोमवार को प्रदेश में सबसे ज्यादा गर्मी जैसलमेर में रही। यहां अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जैसलमेर में लगातार दूसरे दिन पारा 40 डिग्री से ऊपर रहा। बाड़मेर में भी तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।



इन इलाकों से लौट चुका मानसून

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार दूसरे चरण में पूरे बीकानेर संभाग से मानसून विदा हो गया है। इसके अलावा झुंझुनूं जिले और सीकर व नागौर के कुछ हिस्सों से भी मानसून लौट चुका है।



राजस्थान के साथ पंजाब के अधिकतर हिस्सों और हरियाणा के करीब आधे हिस्से से भी मानसून की विदाई हो गई है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों में राजस्थान के कुछ और इलाकों से मानसून के लौटने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।



इस बार कमजोर रहा मानसून सीजन

राजस्थान में इस साल मानसून का सीजन कमजोर रहा। कई इलाकों में उम्मीद के मुताबिक बारिश नहीं हुई। अब मानसून की विदाई आगे बढ़ने से बारिश की संभावना भी कम होती जा रही है। आने वाले चार दिनों तक मौसम साफ रहने के साथ तापमान बढ़ने के आसार हैं।



ये खबरें भी पढ़िए...



MP में बढ़ेगी गर्मी की मार! दिन में 2°C और रात में 2.4°C तक बढ़ेगा तापमान



इस बार नहीं पड़ेगी कड़ाके की ठंड! डेंजर जोन में आया भारत, अल नीनो का दिखेगा रौद्र रूप



भारत में सूखे का खतरा, सदी का सबसे खतरनाक अल-नीनो दस्तक देने को तैयार!



ढाई महीने बाद भी एमपी में मानसून की चाल पड़ी सुस्त, सामान्य से 11% कम बारिश



Tags:
  • छत्तीसगढ़ का मौसम
  • राजस्थान का मौसम
  • मौसम रिपोर्ट
  • मध्यप्रदेश का मौसम
  • MP Weather update
  • Weather update
  • CG Weather Update
  • Rajsthan weather update