MP, CG और राजस्थान में धीमी पड़ी मानसून की रफ्तार, इस तारीख से बदलेगा मौसम

Aman Vaishnav | Jul 17, 2026, 07:01 IST
monsoon update
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में मानसून की रफ्तार धीमी होने से तापमान बढ़ गया है। एमपी के खजुराहो में पारा 38.2 डिग्री और राजस्थान के चूरू में तापमान 40.6 डिग्री तक पहुंच गया है। बारिश की बात करें तो तीनों राज्यों में औसत से कम बारिश दर्ज की गई है।

Weather Update:मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में मानसून की रफ्तार धीमी होने से तापमान बढ़ गया है। एमपी के खजुराहो में पारा 38.2 डिग्री और राजस्थान के चूरू में तापमान 40.6 डिग्री तक पहुंच गया है। बारिश की बात करें तो तीनों राज्यों में औसत से कम बारिश दर्ज की गई है।



मध्यप्रदेश मौसम रिपोर्ट - 17 जुलाई 2026

MP weather: (मध्यप्रदेश का मौसम):मध्यप्रदेश में पिछले कई दिनों से अच्छी बारिश नहीं हुई है। इसकी वजह से दिन और रात, दोनों का तापमान बढ़ गया है। हालात ऐसे हैं कि लोगों को जुलाई में भी अप्रैल-मई जैसी गर्मी महसूस हो रही है।



सबसे ज्यादा गर्मी छतरपुर के खजुराहो में रही, जहां दिन का तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ग्वालियर में पारा 38 डिग्री पहुंच गया। दतिया, सतना और श्योपुर में भी तेज गर्मी रही। वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, रीवा और नर्मदापुरम समेत कई शहरों में लोग उमस और गर्मी से परेशान रहे। रात में भी तापमान ज्यादा रहने से राहत नहीं मिल रही है।



अब तक औसत से कम बारिश

1 जून से 16 जुलाई 2026 तक पूरे मध्यप्रदेश में सामान्य से करीब 13 फीसदी कम बारिश हुई है। पूर्वी मध्यप्रदेश में बारिश की कमी ज्यादा है, जहां सामान्य से 26 फीसदी कम बारिश रिकॉर्ड हुई है। पश्चिमी मध्यप्रदेश में यह कमी करीब 2 फीसदी है।



अगले कुछ दिनों में कहां होगी बारिश?

मौसम विभाग के मुताबिक 17 जुलाई को बालाघाट और डिंडौरी में भारी बारिश हो सकती है।


18 जुलाई को अनूपपुर, सीधी और मऊगंज में तेज बारिश के आसार हैं।


19 जुलाई को सागर, पन्ना और कटनी में भारी बारिश हो सकती है।


20 जुलाई को कटनी और सतना में भी अच्छी बारिश होने की संभावना है।



18 जुलाई से मिल सकती है राहत

भोपाल मौसम केंद्र के प्रभारी वैज्ञानिक अरुण शर्मा के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र अगले दो दिनों में उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ेगा। इसका असर सबसे ज्यादा पूर्वी मध्यप्रदेश में दिखाई देगा, जहां हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पश्चिमी हिस्से में इसका असर कम रहेगा।



हालांकि अगले एक-दो दिन तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन 18 जुलाई से पारा 2 से 3 डिग्री तक गिर सकता है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।



छत्तीसगढ़ मौसम रिपोर्ट - 17 जुलाई 2026

CG weather: (छत्तीसगढ़ का मौसम):छत्तीसगढ़ में गुरुवार, 16 जुलाई को पूरे दिन मौसम का मिजाज बदला रहा। कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि सरगुजा संभाग के कुछ इलाकों में तेज बारिश दर्ज की गई।



राजधानी रायपुर में शाम के वक्त हुई जोरदार बारिश से लोगों को गर्मी और उमस से काफी राहत मिली। मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र अब मजबूत हो गया है, इसलिए आने वाले दिनों में बारिश और बढ़ेगी।



अगले तीन दिन बढ़ेगी बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन दिनों तक पूरे प्रदेश में बारिश की गतिविधियां तेज रहेंगी। कई जिलों में अच्छी बारिश हो सकती है। कुछ जगहों पर तेज बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की भी संभावना है, इसलिए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।



तापमान भी होगा कम

बारिश की वजह से अगले दो दिनों में दिन का तापमान 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।



अब तक 31 फीसदी कम हुई बारिश

1 जून से अब तक छत्तीसगढ़ में सामान्य से करीब 31 फीसदी कम बारिश रिकॉर्ड हुई है। हालांकि मौसम विभाग का मानना है कि अगले कुछ दिनों में अच्छी बारिश होने से यह कमी काफी हद तक पूरी हो सकती है।



चार दिन तक सक्रिय रहेगा मानसून

मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों तक पूरे प्रदेश में मानसून सक्रिय रहेगा। ज्यादातर इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होगी, जबकि कुछ जगहों पर भारी बारिश भी हो सकती है।



साथ ही गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका है। लगातार बारिश से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलेगी, लेकिन जिन इलाकों में भारी बारिश की संभावना है, वहां लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।



राजस्थान मौसम रिपोर्ट - 17 जुलाई 2026

Rajsthan weather update: (राजस्थान का मौसम) राजस्थान में इस बार मानसून की रफ्तार धीमी बनी हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक अब तक प्रदेश में सामान्य से करीब 18 फीसदी कम बारिश हुई है। हालांकि आज शुक्रवार को 19 जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है, जबकि 20 जुलाई को 17 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।



बारिश कम होने की वजह से कई जिलों में गर्मी भी बढ़ गई है। गुरुवार 16 जुलाई को चूरू सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीकानेर में भी पारा 40 डिग्री के पार पहुंच गया। वहीं श्रीगंगानगर में गुरुवार को 17 मिमी बारिश होने के बाद तापमान 40 डिग्री से नीचे आ गया।



फिलहाल क्यों कमजोर है मानसून?

मौसम विभाग के अनुसार मानसून की ट्रफ लाइन अभी सामान्य जगह से खिसककर हिमालय की तरफ चली गई है। इसके चलते राजस्थान में बारिश की गतिविधियां कमजोर बनी हुई हैं। हालांकि बंगाल की खाड़ी में बना मजबूत कम दबाव का क्षेत्र आने वाले दिनों में मौसम को बदल सकता है।



21 जुलाई से फिर बदलेगा मौसम

मौसम विभाग का कहना है कि 21 जुलाई से मानसून एक बार फिर सक्रिय होने लगेगा। सबसे पहले कोटा, भरतपुर और जयपुर संभाग के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश शुरू होगी। इसके बाद 22 और 23 जुलाई से पश्चिमी और मध्य राजस्थान में भी बारिश की रफ्तार बढ़ने की उम्मीद है।



आज इन जिलों में हो सकती है बारिश

17 जुलाई को कोटपुतली-बहरोड़, खैरथल-तिजारा, अलवर, डीग, भरतपुर, दौसा, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर, सिरोही, उदयपुर, सलूंबर, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, प्रतापगढ़, चित्तौड़गढ़, बारां और झालावाड़ में हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को मौसम का अपडेट देखते रहने और खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।



ये खबरें भी पढ़िए...

एमपी सहित कई राज्यों से मानसून के बादल गायब, पहाड़ों में भारी बारिश से मची तबाही



एमपी में मानसून पड़ा धीमा, चपेट में आए 24 जिले, सीएम का गृह संभाग ज्यादा सूखा



अल नीनो के कारण देश के 315 जिलों पर सूखे का खतरा, MP और राजस्थान के जिले भी शामिल



एमपी में अल नीनो का खतरा, किसानों की पैदावार 10% घटने की आशंका, अलर्ट जारी



Tags:
  • छत्तीसगढ़ का मौसम
  • राजस्थान का मौसम
  • MP weather
  • मध्यप्रदेश का मौसम
  • Weather update
  • CG weather
  • Rajsthan weather update