एमपी, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में मानसून मेहरबान, 26 जुलाई तक भारी बारिश की चेतावनी

Aman Vaishnav | Jul 24, 2026, 06:54 IST
MP-CG से राजस्थान तक आफत बना मानसून
मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में मानसून पूरी तरह एक्टिव हो गया है। अलीराजपुर, पन्ना, धार, कोटा और रायपुर समेत कई इलाकों में भारी बारिश और आकाशीय बिजली का अलर्ट जारी किया गया है।

Weather Update: मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में एक बार फिर मानसून की चाल तेज हो गई है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले कुछ दिनों तक तीनों राज्यों में बारिश का दौर रुकने वाला नहीं है।



अगर आप भी कहीं बाहर निकलने का प्लान बना रहे हैं, तो अपने शहर का मौसम अपडेट देखकर ही घर से बाहर निकलें। आइए जानते हैं कि आपके राज्य में मौसम का कैसा हाल रहने वाला है।



मध्यप्रदेश मौसम रिपोर्ट - 24 जुलाई 2026

MP weather: (मध्यप्रदेश का मौसम):मध्यप्रदेश में बारिश का सिलसिला अभी जारी रहने वाला है। मौसम विभाग का कहना है कि मानसून अगले कुछ दिन और एक्टिव रहेगा, इसलिए कई इलाकों में तेज बारिश देखने को मिल सकती है।



अगले कुछ घंटों में अलीराजपुर, रतलाम, मंदसौर, श्योपुर और पन्ना में कहीं-कहीं बहुत तेज बारिश हो सकती है। कुछ जगहों पर 8 इंच से ज्यादा बारिश होने की भी संभावना है। इसके साथ 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और गरज-चमक भी हो सकती है।



सीनियर मौसम वैज्ञानिक अरुण शर्मा के मुताबिक, फिलहाल उज्जैन, इंदौर और ग्वालियर संभाग में बादल छाए हुए हैं। 25 जुलाई तक अच्छी बारिश होने के आसार हैं। इसके बाद ज्यादातर इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।



पिछले 24 घंटे की बात करें तो सीहोर में सबसे ज्यादा बारिश हुई। यहां करीब 153.4 मिमी यानी लगभग 6 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग ने यहां आगे भी अच्छी बारिश की संभावना जताई है।



24 से 25 जुलाई तक

  • अलीराजपुर, रतलाम, मंदसौर, श्योपुर और पन्ना में भारी बारिश का अलर्ट है।
  • वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर, रीवा, सागर, छतरपुर, बालाघाट समेत प्रदेश के ज्यादातर जिलों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।

25 से 26 जुलाई तक

  • धार, रतलाम, सीधी और शहडोल में भारी बारिश की संभावना है।
  • जबकि भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, सीहोर, रायसेन, जबलपुर, सागर, रीवा, बालाघाट सहित कई जिलों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।

छत्तीसगढ़ मौसम रिपोर्ट - 24 जुलाई 2026

CG weather: (छत्तीसगढ़ का मौसम):छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में मानसून पूरी तरह एक्टिव है। इसके साथ बने नए वेदर सिस्टम की वजह से अगले कई दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। खासकर उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में अच्छी बारिश हो सकती है।



पिछले 24 घंटे का हाल

बीते 24 घंटों में प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। हालांकि, कुल मिलाकर बारिश सामान्य से करीब 17 फीसदी कम दर्ज की गई। सबसे ज्यादा तापमान बिलासपुर और पेंड्रारोड में 26.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि सबसे कम तापमान पेंड्रारोड में 21 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।



आज कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग का कहना है कि आज भी प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं और कुछ जगहों पर आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है।



अगर राजधानी रायपुर की बात करें, तो पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहेंगे। बीच-बीच में बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। कुल मिलाकर, लोगों को अगले कुछ दिन बारिश और बदले हुए मौसम के लिए तैयार रहना चाहिए।



राजस्थान मौसम रिपोर्ट - 24 जुलाई2026

Rajsthan weather update: (राजस्थान का मौसम): राजस्थान में मानसून एक बार फिर पूरी तरह एक्टिव हो गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पूर्वी राजस्थान और उससे लगे मध्य प्रदेश के ऊपर बने लो प्रेशर एरिया की वजह से अगले 4 से 5 दिन तक राज्य के ज्यादातर हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहेगा।



मौसम विभाग का कहना है कि इस सिस्टम के साथ मानसून ट्रफ भी सक्रिय है, जिसके चलते कई इलाकों में भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना है।



24 से 26 जुलाई के बीच कोटा, जयपुर, भरतपुर, अजमेर, उदयपुर, जोधपुर और बीकानेर संभाग में अच्छी बारिश होने के आसार हैं। कई जगहों पर तेज बारिश के साथ मौसम पूरी तरह बदला हुआ नजर आएगा।



बारिश के बावजूद राज्य का सबसे ज्यादा तापमान फलोदी में 38.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं हवा में नमी 45 से 100 फीसदी तक रहने की वजह से कई इलाकों में लोगों को उमस का भी सामना करना पड़ रहा है।



कुल मिलाकर, अगले कुछ दिनों तक राजस्थान में बारिश का असर बना रहेगा। ऐसे में लोगों को मौसम का अपडेट देखकर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी जा रही है।



ये खबरें भी पढ़िए...

एमपी, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में मानसून मेहरबान, 26 जुलाई तक भारी बारिश की चेतावनी



कम दिनों में अति-बारिश से तबाही और बढ़ी गर्मी, यो-यो मानसून से कैसे निपटेगा भारत



MP-CG और राजस्थान में मानसूनी आफत: नदियां उफान पर, कई जिलों में रेड-ऑरेंज अलर्ट!



भोपाल में बारिश आते ही मच्छरों ने बढ़ाई टेंशन, इन कॉलोनियों में मंडरा रहा खतरा



Tags:
  • छत्तीसगढ़ का मौसम
  • राजस्थान का मौसम
  • MP weather
  • मध्यप्रदेश का मौसम
  • CG weather
  • Rajsthan weather update