लौटते मानसून ने फिर बदला रंग, राजस्थान में आंधी-बारिश का अलर्ट, जानें MP-CG के मौसम का हाल
मध्यप्रदेश मौसम रिपोर्ट - 28 सितबंर 2026
MP Weather update: (मध्यप्रदेश का मौसम): मध्यप्रदेश में अब मानसून की विदाई का दौर शुरू होने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के लिए मौसम की परिस्थितियां अनुकूल होने लगी हैं। वहीं प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में लंबे समय से बारिश का दौर थमा हुआ है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक पूर्वी मध्यप्रदेश में इस बार सामान्य से 5% ज्यादा बारिश हुई है। यहां 1 जून से 27 सितंबर तक औसतन 1083.4 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि सामान्य बारिश 1036 मिमी होती है।
इसके उलट पश्चिमी मध्यप्रदेश में बारिश सामान्य से 11% कम रही। यहां अब तक 773.2 मिमी बारिश हुई है, जबकि सामान्य आंकड़ा 871.4 मिमी है।
प्रदेश के इन जिलों में कम बारिश
प्रदेश के कुछ जिलों में इस बार बारिश की कमी देखने को मिली है। इंदौर, धार, झाबुआ, रतलाम, हरदा, नर्मदापुरम और बैतूल में सामान्य से कम बारिश हुई है।
वहीं, सतना, मऊगंज, निवाड़ी, शहडोल, उमरिया और सिंगरौली में सामान्य से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है।
मानसून की वापसी के लिए मौसम अनुकूल
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की रेखा अब आगे बढ़ रही है। ऐसे में मध्यप्रदेश में भी मानसून की विदाई का सिलसिला जल्द शुरू हो सकता है।
1 जून से 27 सितंबर 2026 तक प्रदेश में कुल बारिश सामान्य से 4% कम रही है। इस दौरान प्रदेश में औसतन 907.9 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि सामान्य बारिश 942.9 मिमी होती है।
छत्तीसगढ़ मौसम रिपोर्ट - 28 सितंबर 2026
CG Weather update: (छत्तीसगढ़ का मौसम): छत्तीसगढ़ में मानसून अभी पूरी तरह शांत नहीं हुआ है। पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के दक्षिण और मध्य हिस्सों के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में मानसून एक्टिव है और इस सीजन में अब तक सामान्य से करीब 6% ज्यादा बारिश हो चुकी है।
अगले 24 घंटे में भी कई जगह बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की भी संभावना है। यानी आने वाले एक दिन में भी कई जिलों में मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ सकता है।
इन जिलों में हुई बारिश
पिछले 24 घंटे के दौरान दुर्ग, रायपुर, राजनांदगांव, खैरागढ़, धमतरी और बिलासपुर समेत कई जिलों में बारिश हुई।
इसके अलावा बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर में भी बारिश दर्ज की गई।
बालोद सबसे गर्म, पेंड्रा रोड सबसे ठंडा
प्रदेश में दिन के तापमान की बात करें तो बालोद में सबसे ज्यादा 29.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।
दो मौसम सिस्टम का असर
मौसम विभाग के मुताबिक, एक तरफ दक्षिण-पश्चिम मानसून की अक्षीय रेखा जम्मू-कश्मीर से लेकर बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है। वहीं, उत्तर-पश्चिम मध्यप्रदेश और उसके आसपास के इलाकों में ऊपरी हवा का साइक्लोनिक सिस्टम भी एक्टिव है।
इन दोनों मौसम प्रणालियों के असर से छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर अभी जारी रहने की संभावना है।
बिजली गिरने और तेज हवा का भी अलर्ट
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका जताई है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
ऐसे में खराब मौसम के दौरान लोगों को सावधानी बरतने और खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है।
राजस्थान मौसम रिपोर्ट - 28 सितंबर 2026
Rajasthan weather update: ( राजस्थान का मौसम): राजस्थान में मानसून की विदाई का दौर शुरू हो चुका है, लेकिन सितंबर के आखिरी दिनों में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की रेखा उदयपुर तक पहुंच गई है।
इसी बीच उत्तर-पश्चिम भारत में बने मौसमी सिस्टम के असर से 28 और 29 सितंबर को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग ने 28 सितंबर को राजस्थान के 17 जिलों में बारिश, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं का येलो अलर्ट जारी किया है।
वहीं सीकर और आसपास के इलाकों में ऑरेंज अलर्ट है। यहां हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज गरज-चमक और हवाएं चलने की संभावना है।
28 सितंबर को इन जिलों में बारिश के आसार
पूर्वी राजस्थान के अलवर, भरतपुर, दौसा, डीग, धौलपुर, जयपुर, झुंझुनूं, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटपूतली-बहरोड़ और सीकर में बारिश हो सकती है। इन इलाकों में गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
वहीं पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर, चूरू, डीडवाना-कुचामन, हनुमानगढ़, नागौर और श्रीगंगानगर में भी गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट है।
27 सितंबर को भी कई जगह बदला मौसम
इससे पहले 27 सितंबर को भी राजस्थान के कई हिस्सों में बारिश हुई। जयपुर, अजमेर और भरतपुर संभाग में कुछ जगह गरज-चमक और बिजली के साथ बारिश हुई।
वहीं बीकानेर, दौसा, चूरू, डीडवाना-कुचामन, हनुमानगढ़, नागौर और श्रीगंगानगर के कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ ओले और बौछारें भी पड़ीं।
मौसम विभाग के मुताबिक, ज्यादातर जगहों पर 0 से 30 मिलीमीटर तक बारिश दर्ज की गई। बारिश के बाद कई इलाकों में तापमान 5 से 10 डिग्री तक नीचे आ गया, जिससे लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली।
हालांकि जोधपुर, बाड़मेर और जैसलमेर समेत पश्चिमी राजस्थान के ज्यादातर हिस्सों में मौसम सूखा रहा।
ये खबरें भी पढ़िए...
MP में बढ़ेगी गर्मी की मार! दिन में 2°C और रात में 2.4°C तक बढ़ेगा तापमान
भारत पर मंडराया सुपर अल-नीनो का खतरा, भीषण गर्मी और सूखे को लेकर 180 वैज्ञानिकों ने चेताया
इस बार नहीं पड़ेगी कड़ाके की ठंड! डेंजर जोन में आया भारत, अल नीनो का दिखेगा रौद्र रूप
भारत में सूखे का खतरा, सदी का सबसे खतरनाक अल-नीनो दस्तक देने को तैयार!