CM हेल्पलाइन में जबलपुर का दबदबा, लगातार दूसरे महीने प्रदेश में टॉप, भोपाल समेत 15 जिले B ग्रेड में

Neel Tiwari | Published:
सीएम हेल्पलाइन में जबलपुर के लगातार दूसरी बार नंबर वन बनने पर कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी।
Jabalpur Scores 88.48 Creates New Record In CM Helpline
मध्य प्रदेश में सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में जबलपुर ने एक बार फिर बाजी मार ली है। अक्टूबर की ग्रेडिंग में जिला 88.48 वेटेज अंकों के साथ प्रदेश में पहले नंबर पर रहा। जबलपुर ने लगातार दूसरे महीने यह उपलब्धि हासिल की है। इतना ही नहीं, शिकायतों के निराकरण में जिले ने अब तक का सर्वाधिक वेटेज स्कोर हासिल करने का रिकॉर्ड भी बनाया है।

सितंबर में जबलपुर को 88.46 अंक मिले थे। इस बार दो अंक नहीं, बल्कि 0.02 अंक की बढ़त के साथ जिले ने अपना ही रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया।



13,881 शिकायतें आईं, 12,521 का संतुष्टि के साथ निराकरण

अक्टूबर में जबलपुर जिले को सीएम हेल्पलाइन पर कुल 13,881 शिकायतें मिली थीं। इनमें से 12,521 शिकायतों का आवेदकों की संतुष्टि के साथ निराकरण किया गया। यानी करीब 90 प्रतिशत शिकायतों का समाधान हुआ। शिकायतों के संतुष्टिपूर्ण निराकरण के लिए निर्धारित 60 अंकों में जिले को 52.83 अंक मिले। वहीं, 50 दिन से ज्यादा समय से लंबित शिकायतों के निराकरण में भी जबलपुर ने अच्छा प्रदर्शन किया। इस श्रेणी में 20 में से 15.85 अंक हासिल किए।



भोपाल 52वें नंबर पर, इंदौर भी टॉप-10 में

अक्टूबर की ग्रेडिंग में जबलपुर के बाद दतिया 86.27 अंकों के साथ दूसरे और छिंदवाड़ा 86.11 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा। प्रदेश के बड़े जिलों की स्थिति देखें तो इंदौर 9वें नंबर पर 84.93 अंकों के साथ A ग्रेड में रहा। वहीं, राजधानी भोपाल की स्थिति काफी पीछे रही। भोपाल 77.15 अंकों के साथ 52वें नंबर पर रहा और उसे B ग्रेड मिला। ग्वालियर 53वें और भिंड 54वें स्थान पर रहा। सबसे आखिरी पायदान पर मुरैना जिला रहा, जिसे 75.63 अंक मिले।



40 जिलों को A ग्रेड, 15 जिले B श्रेणी में

अक्टूबर की ग्रेडिंग में प्रदेश के 55 जिलों में से 40 जिले A ग्रेड में शामिल हुए हैं। वहीं, 15 जिलों को B ग्रेड मिला है। B ग्रेड में शामिल जिलों की सूची में इंदौर संभाग के कुछ जिलों के साथ भोपाल, ग्वालियर, भिंड और मुरैना भी शामिल हैं। इससे साफ है कि शिकायतों के निराकरण में जिलों के प्रदर्शन के बीच बड़ा अंतर है। जबलपुर ने जहां 88.48 अंक हासिल किए, वहीं अंतिम स्थान पर रहे मुरैना का स्कोर 75.63 रहा।



कलेक्टर ने अधिकारियों को दी बधाई, आगे भी बेहतर काम की उम्मीद

लगातार दूसरी बार प्रदेश में पहला स्थान मिलने पर कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी है। उन्होंने शिकायतों के निराकरण को प्राथमिकता देने और इसी तरह काम जारी रखने की अपेक्षा जताई है। हालांकि, असली चुनौती इस रैंकिंग को बरकरार रखने की है। क्योंकि सीएम हेल्पलाइन की ग्रेडिंग में सिर्फ शिकायतों का निराकरण ही नहीं, बल्कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि भी अहम भूमिका निभाती है।

Tags:
  • कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा
  • CM Helpline
  • सीएम हेल्पलाइन
  • Jabalpur performance
  • जबलपुर टॉप
  • District ranking
  • CM Helpline Jabalpur
  • Jabalpur district ranking
  • सीएम हेल्पलाइन ग्रेडिंग