CM मोहन यादव का अचानक बदला प्लान: सिंगापुर-दक्षिण कोरिया का दौरा स्थगित, निवेशकों से मुलाकात टली; जानें क्यों लिया बड़ा फैसला
विधानसभा सत्र की तैयारियों के चलते बदला कार्यक्रम
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार, 20 नवंबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर विदेश यात्रा स्थगित करने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 7 से 11 दिसंबर तक विधानसभा का शीतकालीन सत्र चलेगा। इसकी तैयारियों को प्राथमिकता देते हुए नवंबर के आखिर में प्रस्तावित औद्योगिक निवेश से जुड़ी विदेश यात्रा फिलहाल टाल दी गई है।
इस फैसले से पहले मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ बैठक की थी। इसमें विधानसभा सत्र की तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में सदन में पेश किए जाने वाले संभावित विधेयकों और दूसरे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। इसके बाद विदेश यात्रा स्थगित करने का फैसला लिया गया।
सिंगापुर में डेढ़ और दक्षिण कोरिया में ढाई दिन का था कार्यक्रम
मुख्यमंत्री का विदेश दौरा पांच दिनों का प्रस्तावित था। उन्हें 23 नवंबर की रात भोपाल से दिल्ली होते हुए विदेश यात्रा पर रवाना होना था। 24 नवंबर से शुरू होने वाले कार्यक्रम में सिंगापुर के लिए करीब डेढ़ दिन और दक्षिण कोरिया के लिए ढाई दिन रखे गए थे।
इस दौरान मुख्यमंत्री की दोनों देशों के उद्योगपतियों, निवेशकों और औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों से मुलाकात होनी थी। इन बैठकों में मध्य प्रदेश में निवेश की संभावनाओं, उद्योग लगाने के अवसरों और औद्योगिक विकास से जुड़े मुद्दों पर बातचीत की तैयारी थी।
ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के लिए निवेशकों को देना था न्योता
विदेश यात्रा का एक अहम मकसद भोपाल में फरवरी 2027 के लिए प्रस्तावित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (GIS) में विदेशी निवेशकों को आमंत्रित करना था।
प्रदेश सरकार इस आयोजन के जरिए देश-विदेश की कंपनियों को मध्य प्रदेश में निवेश के लिए आकर्षित करना चाहती है। इसके लिए औद्योगिक संगठनों और बड़ी कंपनियों के प्रतिनिधियों से संपर्क किया जा रहा है।
सिंगापुर और दक्षिण कोरिया के दौरे में भी निवेशकों को प्रदेश में उद्योग लगाने की संभावनाओं और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी देने की योजना थी।
GIS के उद्घाटन के लिए पीएम मोदी को बुलाने की तैयारी
प्रदेश सरकार ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट की तैयारियों में भी जुटी हुई है। इस आयोजन का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कराने का प्रस्ताव है।
हालांकि, समिट की तारीख और विस्तृत कार्यक्रम को लेकर अभी अंतिम जानकारी सामने नहीं आई है। सरकार का फोकस निवेश बढ़ाने और प्रदेश में नए उद्योगों के लिए संभावनाएं तैयार करने पर है।
फिलहाल मुख्यमंत्री की सिंगापुर और दक्षिण कोरिया यात्रा की नई तारीख घोषित नहीं हुई है। विदेश में निवेशकों से मुलाकात और औद्योगिक कार्यक्रमों को लेकर आगे फैसला लिया जाएगा।