कांग्रेस में नकुल नाथ के पोस्टर से सियासी बवाल: जीतू पटवारी, उमंग सिंघार और दिग्विजय की तस्वीरें गायब, गुटबाजी पर उठे सवाल

Amresh Kushwaha | Published:
भोपाल में नकुल नाथ के दिवाली मिलन समारोह से पहले लगे पोस्टरों ने सियासी चर्चा छेड़ दी है।
Posters put up in Bhopal ahead of Nakul Nath’s Diwali get-together have sparked political discussion.
मध्य प्रदेश कांग्रेस में एक बार फिर गुटबाजी को लेकर सियासी चर्चा तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के बेटे और छिंदवाड़ा के पूर्व सांसद नकुल नाथ के दिवाली मिलन समारोह से पहले भोपाल में लगे पोस्टरों ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। इन पोस्टरों पर लिखा है, मध्य प्रदेश की मजबूरी है, नकुल नाथ जरूरी है।

खास बात यह है कि इनमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की तस्वीरें नहीं हैं। इससे पार्टी के अंदर गुटबाजी को लेकर सवाल उठ रहे हैं।



भोपाल में नकुल नाथ के दिवाली मिलन समारोह से पहले लगे पोस्टर

कांग्रेस मुख्यालय पर लगे पोस्टर, बड़े नेताओं को नहीं मिली जगह

भोपाल के शिवाजी नगर स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय की दीवारों सहित शहर के कई इलाकों में नकुल नाथ के समर्थन में Poster लगाए गए हैं। इनमें पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव और पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा समेत दूसरे नेताओं की तस्वीरें हैं, लेकिन प्रदेश कांग्रेस के कई प्रमुख चेहरे नजर नहीं आ रहे हैं।



पोस्टरों में नकुल नाथ को लेकर लिखे गए नारे को भी राजनीतिक नजरिए से देखा जा रहा है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या नकुल नाथ के समर्थक प्रदेश की राजनीति में उनकी भूमिका बढ़ाने का संदेश देना चाहते हैं। हालांकि, इस बारे में नकुल नाथ या उनके समर्थकों की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।



कमलनाथ नहीं आएंगे, नकुल नाथ ने खुद देखी आमंत्रितों की सूची

नकुल नाथ का दिवाली मिलन समारोह शनिवार, 14 नवंबर को भोपाल के श्यामला हिल्स स्थित कमलनाथ के बंगले में आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में कमलनाथ शामिल नहीं होंगे।



नकुल नाथ के करीबियों के अनुसार, कार्यक्रम में बुलाए जाने वाले लोगों की Guest List की निगरानी नकुल नाथ ने खुद की है। प्रदेशभर के कांग्रेस विधायकों, पदाधिकारियों, नेताओं और समर्थकों को व्यक्तिगत निमंत्रण भेजे गए हैं।



इसी समारोह में 18 नवंबर को आने वाले कमलनाथ के जन्मदिन का उत्सव भी मनाया जाएगा।



पोस्टर विवाद पर जीतू पटवारी ने नहीं दिया जवाब

नकुल नाथ के पोस्टरों से प्रदेश कांग्रेस के बड़े नेताओं की तस्वीरें गायब होने पर राजनीतिक चर्चा शुरू हो गई है। इस मामले में जब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी से मीडिया ने सवाल किया गया तो उन्होंने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।



वहीं, नकुल नाथ के करीबियों का भी इस विवाद पर अभी तक कोई जवाब सामने नहीं आया है।



सज्जन सिंह वर्मा बोले- छोटे कार्यकर्ता से हुई गलती

पोस्टर विवाद पर पूर्व मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सज्जन सिंह वर्मा ने सफाई दी है। उन्होंने कहा कि अशोक नगर के एक छोटे कार्यकर्ता ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में दो छोटे पोस्टर लगाए थे। उसे पूरी समझ नहीं थी, इसलिए गलती हो गई।



वर्मा ने कहा कि कांग्रेस एक बड़ी पार्टी है और इसे इतना बड़ा मुद्दा नहीं बनाया जाना चाहिए। उन्होंने पार्टी में किसी तरह की फूट से इनकार करते हुए कांग्रेस के एकजुट होने की बात कही।



नगर निगम ने हटाए पोस्टर, कांग्रेस नेता की कर्मचारियों से बहस

इधर, भोपाल नगर निगम ने नकुल नाथ समर्थकों के लगाए पोस्टर हटाने की कार्रवाई की। VIP रोड सहित शहर के कई इलाकों में दिनभर पोस्टर हटाए गए हैं।



इस दौरान कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला की नगर निगम कर्मचारियों से बहस हो गई थी। शुक्ला ने कर्मचारियों से कहा कि इतनी मनमानी मत करो, तुम्हारी ही सरकार हमेशा नहीं रहेगी।



पोस्टर हटाने पर कांग्रेस नेता भड़के

पोस्टर से कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति पर फिर चर्चा

नकुल नाथ के दिवाली मिलन से पहले सामने आए इस विवाद ने मध्य प्रदेश कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति को चर्चा में ला दिया है। एक तरफ समर्थकों ने पोस्टरों के जरिए नकुल नाथ को प्रमुखता दी है, तो दूसरी तरफ प्रदेश अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री जैसे बड़े नेताओं की तस्वीरें नहीं होने से सवाल खड़े हुए हैं।



हालांकि, कांग्रेस नेता इसे कार्यकर्ता की गलती बता रहे हैं। ऐसे में अब Political Circle में चर्चा है कि यह सिर्फ पोस्टर लगाने की चूक है या इसके जरिए नकुल नाथ के समर्थक कोई राजनीतिक संदेश देना चाहते हैं।

Tags:
  • पूर्व सांसद नकुल नाथ
  • पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ
  • प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी
  • नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार
  • पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह
  • नकुल नाथ का दिवाली मिलन समारोह
  • भोपाल नगर निगम
  • पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा
  • कांग्रेस