खण्डेलवाल बोले, मध्यप्रदेश में जले साढ़े तीन करोड़ दीये, विश्व रिकॉर्ड बना

Sanjay Dhiman | Sept 18, 2026, 23:47 IST
mp-deep-prajwalan-world-record
मध्यप्रदेश में भाजपा के सेवा संकल्प अभियान के तहत 3.55 करोड़ दीप जलाए गए। उज्जैन में 33.5 लाख दीयों ने वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में जगह बनाई।

मध्यप्रदेश भाजपा ने सेवा संकल्प अभियान शुरू किया है। यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में प्रारंभ किया है। 17 सितंबर को प्रदेशभर में एक साथ 3.55 करोड़ दीप जलाए गए। उज्जैन के महाकाल लोक में 33.5 लाख दीयों ने विश्व रिकॉर्ड बनाया। साथ ही रक्तदान शिविर, चित्रकला प्रतियोगिता और नुक्कड़ नाटक भी आयोजित हो रहे हैं।



दीयों से बना विश्व रिकॉर्ड

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने भोपाल में मीडिया को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर की शाम पूरे प्रदेश में दीप जलाए गए। यह कार्यक्रम शाम 6 से 7 बजे तक चला।



प्रदेश के 118 प्रमुख स्थानों समेत करीब 650 अन्य जगहों पर भी दीप जले। सभी जगहों की फोटो और वीडियो रिकॉर्ड की गई है।



खण्डेलवाल ने बताया कि उज्जैन के महाकाल लोक में शिप्रा नदी के किनारे यह आयोजन हुआ। यहां भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी मौजूद रहे। करीब 33.5 लाख दीप जलाकर वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में जगह बनाई गई।



अन्य शहरों में भी भव्य आयोजन

प्रदेश के कई धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों पर भी बड़ी संख्या में दीप जले। इंदौर के राजवाड़ा में करीब 1.51 लाख दीप जलाए गए। मैहर के मां शारदा लोक में 1.50 लाख दीप जले।



जबलपुर के गौरीघाट में करीब 1.25 लाख दीप जलाए गए। निवाड़ी के ओरछा राम राजा लोक में सबसे ज्यादा, करीब 5 लाख दीप जले। खण्डेलवाल ने कहा कि यह पूरे मध्यप्रदेश के लिए गर्व की बात है।



रक्तदान शिविरों में जुटा खून

'सेवा मेरा योगदान' कार्यक्रम के तहत प्रदेशभर में 292 रक्तदान शिविर लगाए गए हैं। यह शिविर तीन दिन तक चलेंगे। पहले ही दिन 15 हजार यूनिट रक्तदान हो चुका है।



खण्डेलवाल के मुताबिक अगले दो दिनों में भी लोग बड़ी संख्या में रक्तदान करेंगे। अभियान का लक्ष्य 25 हजार से ज्यादा यूनिट रक्त जुटाना है।



स्कूलों में चित्रकला, गलियों में नाटक

'नमो चित्र सेवा' कार्यक्रम 19 सितंबर से शुरू होगा। इसमें प्रदेश के 50 हजार से ज्यादा स्कूल हिस्सा लेंगे। बच्चे 'विकसित भारत 2047' विषय पर चित्रकला और भाषण प्रतियोगिता में भाग लेंगे।



इस प्रतियोगिता में 12.50 लाख से ज्यादा बच्चे शामिल होंगे। 21 सितंबर को पुरस्कार बांटे जाएंगे और चित्र प्रदर्शनी लगेगी। यह कार्यक्रम 5 अक्टूबर तक चलता रहेगा।



इसके अलावा 'नमो सेवा-अनकही कहानियां' अभियान के तहत 11 हजार जगहों पर नुक्कड़ नाटक होंगे। यह 19 सितंबर से 7 अक्टूबर तक चलेंगे। स्थानीय कलाकार अपनी भाषा में मोदी की सेवा यात्रा की कहानियां लोगों तक पहुंचाएंगे।



शुक्रवार को भोपाल स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में भी एक नुक्कड़ नाटक हुआ। इसी के साथ यह अभियान प्रदेशभर में जोर पकड़ता जा रहा है।



यह खबरें भी पढ़ें...



राहुल गांधी के छात्रों की गूंज में इंदौर पुलिस ने कोचिंग/होस्टल संचालकों से मांगे शपथपत्र



राहुल के छात्रों की गूंज आयोजन से पहले कांग्रेस के सामने कई चुनौतियां ! भद्द न पिट जाए ?



नितिन नवीन के रोड शो में उज्जैन महापौर को रथ से उतारा, कांग्रेस बोली- दलितों का अपमान करती है BJP



उज्जैन में युवा धर्म संसद: RSS प्रमुख मोहन भागवत बोले- धर्म जीवन का अनुशासन है



Tags:
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
  • उज्जैन के महाकाल लोक
  • बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल
  • मध्यप्रदेश भाजपा
  • रक्तदान शिविर