एमपी के डीजीपी कैलाश मकवाना की विदाई परेड के लिए गया पुलिस बल लौटाया, जानें क्या है कारण
नए डीजीपी को लेकर एक महीने से अटकलों का दौर चल रहा था। यूपीएससी में बैठक भी हुई और तीन सीनियर आईपीएस के नाम का पैनल भी बन गया। इसमें वरुण कपूर, उपेंद्र जैन और प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव के नाम थे। लेकिन लिफाफा बंद ही रहा। इसके बाद खबरें आईं कि मकवाना को ही सेवावृद्धि दी जा रही है।
विदाई परेड का बल 14 नवंबर को बुलाया
डीजीपी की विदाई पर बड़े स्तर पर परेड का आयोजन किया जाता है। इसके लिए प्रदेशभर से पुलिस बल बुलाया जाता है। इसी सिलसिले में 14 नवंबर को सभी जिलों और विभाग प्रमुखों को पत्र भेजकर पुलिस बल भोपाल भेजने के निर्देश दिए गए थे।
परेड से पहले पुलिस जवानों को रिहर्सल कराई जाती है। इसके बाद डीजीपी के कार्यकाल के आखिरी दिन विदाई परेड का आयोजन होता है।
यह बल 24 नवंबर को लौटा दिया
डीजीपी की विदाई परेड के लिए बुलाए गए पुलिस बल को 24 नवंबर को वापस अपने मूल पदस्थापना स्थल पर लौटने के आदेश दे दिए गए थे। इसके अगले दिन यानी 25 नवंबर को सभी जवान वापस पहुंच गए। इससे संकेत मिले हैं कि 30 नवंबर को डीजीपी कैलाश मकवाना की विदाई परेड नहीं होगी। ऐसे में उनका कार्यकाल बढ़ने की संभावना और मजबूत हो गई है।
लेकिन तीन या छह माह, इस पर संशय जारी
अभी यह साफ नहीं है कि मकवाना का कार्यकाल तीन महीने बढ़ाया जाएगा या छह महीने। हालांकि, उनका कार्यकाल बढ़ने पर वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी वरुण कपूर डीजीपी बनने की दौड़ से बाहर हो जाएंगे। ऐसे में तीन वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों का नया पैनल तैयार किया जाएगा। इसमें कपूर की जगह पंकज श्रीवास्तव का नाम शामिल हो सकता है
प्रदेश में DGP की नियुक्ति कैसे होती है? जानिए पूरी प्रक्रिया
सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के मुताबिक, डीजीपी की नियुक्ति चार चरणों में होती है।
- पहला चरण: मौजूदा डीजीपी के रिटायरमेंट से कम से कम तीन महीने पहले राज्य सरकार पात्र आईपीएस अधिकारियों के नाम यूपीएससी को भेजती है।
- दूसरा चरण: यूपीएससी अधिकारियों के सर्विस रिकॉर्ड, वरिष्ठता और नेतृत्व क्षमता की जांच करती है।
- तीसरा चरण: स्क्रीनिंग के बाद यूपीएससी की समिति तीन अधिकारियों के नाम का पैनल तैयार करती है।
- चौथा चरण: राज्य सरकार पैनल में शामिल तीन अधिकारियों में से किसी एक को प्रदेश का डीजीपी नियुक्त करती है।
खास बात: सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत कार्यवाहक (Acting) डीजीपी की नियुक्ति पर रोक है।