प्रभारी प्राचार्य ने शिक्षक को बनाया ड्रायवर‌ ! स्कूल में‌ जॉइनिंग के लिए मांगे 25 हजार,‌ कलेक्टर के आदेश के बाद भी जांच पूरी नहीं

Atul Dwivedi | Published:
डिंडौरी के शहपुरा स्थित शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में प्रभारी प्राचार्य पर शिक्षक से निजी गाड़ी चलवाने और जॉइनिंग के नाम पर रिश्वत लेने का आरोप लगा है।
Teach Or Drive? Principal Made Teacher His Driver In Dindori
मध्यप्रदेश के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों का पहले से टोटा है। लगभग 76 हजार अतिथि शिक्षकों के भरोसे स्कूल चल रहे हैं। लेकिन डिंडौरी में शिक्षा व्यवस्था की अलग ही तस्वीर सामने आई है। यहां एक प्रभारी प्राचार्य ने एक शिक्षक को अपना ड्राइवर बना लिया। इतना ही नहीं प्रभारी प्राचार्य पर शिक्षक से जॉइनिंग के नाम पर घूस लेने का भी आरोप है।

कलेक्टर ने 6 नवंबर को जांच के आदेश दिए, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई। मामला शहपुरा के शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का है।



जॉइनिंग के नाम पर रिश्वत का खेल!

द सूत्र को मिली जानकारी के मुताबिक शिक्षक विनोद कुमार साहू का ट्रांसफर जबलपुर से डिंडौरी हुआ था। आरोप है कि स्कूल में जॉइनिंग के लिए उनसे 20 हजार रुपए मांगे गए। यह मांग प्रभारी प्राचार्य वेदप्रकाश साहू और कंप्यूटर ऑपरेटर चंद्रशेखर साहू ने की। दावा है कि कंप्यूटर ऑपरेटर प्राचार्य का भांजा है। आरोप है कि एक दूसरे शिक्षक से भी 5 हजार रुपए मांगे गए। दोनों शिक्षकों से कुल 25 हजार रुपए की रिश्वत लेने का आरोप है। रकम किसी तीसरे शख्स के बैंक खाते में ट्रांसफर करवाई गई।



डिंडौरी में जॉइनिंग के नाम पर 25 हजार की रिश्वत का आरोप

बच्चों को पढ़ाने आया शिक्षक, बना दिया ड्राइवर!

रिश्वत के आरोपों तक ही मामला सीमित नहीं है। शिक्षक विनोद कुमार साहू ने और भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि प्रभारी प्राचार्य उन्हें बच्चों को पढ़ाने से रोकते थे। उनसे अपनी निजी गाड़ी चलवाते थे। अपने पिता के इलाज के लिए शिक्षक को ड्राइवर बनाकर जबलपुर ले जाते थे। स्कूल की अटेंडेंस व्यवस्था भी सवालों के घेरे में है। शिक्षक का आरोप है कि प्रभारी प्राचार्य रात 8 बजे एम शिक्षा मित्र एप पर लॉगआउट करवाते थे। स्कूल में फर्जी हाजिरी लगाने का आरोप भी पीड़ित शिक्षक ने लगाया है।



डिंडौरी में जॉइनिंग के नाम पर 25 हजार की रिश्वत का आरोप

फर्जी प्रमाण पत्र से नौकरी का आरोप, विभाग क्यों मेहरबान?

प्रभारी प्राचार्य वेदप्रकाश साहू की खुद की नियुक्ति भी विवादों में रही है। आरोप है कि उन्होंने एक गैर अनुदान प्राप्त स्कूल का फर्जी अनुभव प्रमाण पत्र लगाया था। इसके जरिए उन्हें 10 अतिरिक्त अंक मिले थे। 26 फरवरी 2005 को तत्कालीन कलेक्टर ने उनकी नियुक्ति रद्द कर दी थी। मामला हाईकोर्ट तक पहुंचा। हाईकोर्ट ने यथास्थिति बनाए रखने के निर्देश दिए। आरोप है कि इसके बावजूद सांठगांठ कर उन्होंने नियुक्ति हासिल कर ली। आखिर नियुक्ति रद्द होने के बाद उनकी वापसी कैसे हुई? किस अधिकारी की अनुमति से यह सब हुआ? विभाग ने इतने सालों तक इस मामले की सुध क्यों नहीं ली?



डिंडौरी में जॉइनिंग के नाम पर 25 हजार की रिश्वत का आरोप

मनमानी का विरोध किया तो थमा दिया नोटिस

विनोद कुमार साहू का आरोप है कि जब उन्होंने प्राचार्य के निजी काम करने से इनकार किया, तो उन्हें परेशान किया जाने लगा। कारण बताओ नोटिस थमा दिया गया। उनके खिलाफ झूठे आरोप लगाए गए। शिक्षक ने इसकी शिकायत कलेक्टर से की। जनसुनवाई में सबूत भी सौंपे। कलेक्टर ने तीन सदस्यीय जांच कमेटी बनाई। लेकिन अब तक कार्रवाई के नाम पर प्राचार्य को सिर्फ प्रभार से हटाया गया है। इसके बाद से वो मेडिकल लीव पर हैं।



जांच अधूरी, कार्रवाई का इंतजार

द सूत्र ने जांच कमेटी के सदस्य और शहपुरा एसडीएम जामदार फरहान इरफान से बात की। उनका कहना है कि जांच पूरी होने में अभी एक सप्ताह और लगेगा। प्रभारी प्राचार्य के बयान दर्ज होना बाकी है। आरोप सही पाए गए तो रिश्वत लेने का केस भी बनेगा। पीड़ित शिक्षक को रकम भी वापस दिलाई जाएगी। द सूत्र ने डिंडौरी कलेक्टर अंजू भदौरिया और जिला शिक्षा अधिकारी सुमन परस्ते से भी संपर्क करने की कोशिश की। कई बार फोन किए। मैसेज भी भेजे। लेकिन दोनों अधिकारियों की ओर से कोई जवाब नहीं मिला।



शहपुरा एसडीएम जामदार फरहान इरफान

प्रशासन से द सूत्र के सीधे सवाल

  • नियुक्ति रद्द होने के बावजूद वेदप्रकाश साहू सिस्टम में वापस कैसे आए?
  • शिक्षक से निजी गाड़ी चलवाने के आरोप पर अब तक ठोस कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
  • रिश्वत की रकम जिस खाते में पहुंचने का आरोप है, उसकी जांच हुई या नहीं?
  • दोषी पाए जाने पर कंप्यूटर ऑपरेटर पर भी कार्रवाई होगी या नहीं ?
  • जांच एक सप्ताह में पूरी होगी या फिर तारीखों का सिलसिला चलता रहेगा?

प्रदेश के सरकारी स्कूल शिक्षक संकट से जूझ रहे हैं। ऐसे में शिक्षक से निजी काम करवाने के आरोप बेहद गंभीर हैं। मामला सिर्फ रिश्वत का नहीं है। यह बच्चों की शिक्षा और सरकारी पद के कथित दुरुपयोग का भी है।

Tags:
  • द सूत्र
  • शिक्षक को ड्राइवर बनाने का मामला
  • डिंडौरी प्रभारी प्राचार्य
  • शिक्षक को बनाया ड्राइवर
  • MP teacher bribe case
  • शहपुरा मॉडल स्कूल
  • मध्यप्रदेश शिक्षा विभाग
  • MP education department corruption
  • डिंडौरी कलेक्टर
  • विनोद कुमार साहू शिक्षक