एमपी में मातम में बदली दिवाली की खुशियां, कटनी और सिवनी में आग लगने से 12 की मौत, मां की गोद में लिपटा रह गया 2 महीने का मासूम
इस तरह त्योहार की रात कुल 12 लोगों की मौत हो गई। इनमें महिलाएं, पुरुष और 4 मासूम बच्चे शामिल हैं।
सिवनी के छपारा में सराफा व्यापारी के घर हादसा
सिवनी जिले के छपारा इलाके में दिवाली की रात सराफा व्यापारी के घर में अचानक आग लग गई। हादसे के दौरान इस मकान में परिवार के कुल 10 सदस्य मौजूद थे। देखते ही देखते आग की लपटें इतनी तेज हो गईं कि अंदर मौजूद लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
घर के 4 सदस्य किसी तरह जान बचाकर बाहर निकलने में कामयाब रहे, लेकिन 6 लोग अंदर ही फंसे रह गए। इस कारण उनकी मौत हो गई। जान गंवाने वालों में 4 महिलाएं और 2 पुरुष शामिल हैं।
शॉर्ट सर्किट से घर में लगी आग
आग की खबर मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आग पूरे घर को अपनी चपेट में ले चुकी थी। सिवनी के पुलिस अधीक्षक कृष्ण लाल चंदानी ने अस्पताल पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली।
एसपी के मुताबिक शुरुआती जांच में ऐसा लग रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी थी। मौके पर बिजली के जले हुए तार भी मिले हैं। पुलिस का कहना है कि पूरी जांच के बाद ही हादसे की सही वजह सामने आएगी।
कटनी के बरही में दुकान में लगी आग
कटनी जिले के बरही में रात करीब 12 बजे पूरन अग्रवाल की क्राकरी दुकान में अचानक आग भड़क उठी। यह दुकान तीन मंजिला मकान के नीचे थी। कुछ ही देर में आग ऊपर की मंजिलों तक पहुंच गई। इस दर्दनाक हादसे में अग्रवाल परिवार के 6 लोगों की जान चली गई।
मरने वालों में पूरन अग्रवाल, उनकी पत्नी चंद्रकला, बहू पूनम और परिवार के तीन मासूम बच्चे शामिल थे। बच्चों में 14 साल की आर्या, 6 साल की अन्वी और महज 2 महीने का एक छोटा बच्चा शामिल था।
मां की गोद में लिपटा रह गया दो महीने का मासूम
हादसे का सबसे भावुक और दुखद पहलू यह रहा कि दो महीने का मासूम अपनी मां पूनम के साथ तीसरी मंजिल के कमरे में था। जब आग की लपटें कमरे तक पहुंचीं, तो मां अपने कलेजे के टुकड़े को सीने से लगाए रही और दोनों बाहर नहीं निकल पाए।
वहीं चंद्रकला और दोनों बच्चियां घर के दूसरे हिस्से में फंसी रह गईं। सुबह जब रेस्क्यू टीम ने उन्हें बाहर निकाला तब तक वे दम तोड़ चुकी थीं। इस भीषण हादसे के बीच रितेश अग्रवाल और उनकी भाभी किसी तरह घर से बाहर भागे और अपनी जान बचाई।
दमकल की फटी पाइप और प्रशासन पर फूटा गुस्सा
कटनी में बचाव कार्य के दौरान सरकारी सिस्टम की बड़ी लापरवाही सामने आई। रात करीब 12 बजे आग लगी और नगर परिषद बरही की दमकल गाड़ी करीब एक बजे मौके पर पहुंची। वहीं गाड़ी की पाइप फटी हुई निकली। इसके बाद करीब डेढ़ घंटे बाद दूसरी गाड़ी आई, तो उसकी पाइप में भी खराबी थी।
बाद में आग बुझाने के लिए कैमोर और कटनी से दमकल की गाड़ियां बुलानी पड़ीं। राहत और बचाव कार्य में जेसीबी की मदद से दीवार तोड़ी गई। इसके बाद अंदर फंसे लोगों को निकाला गया।
सुबह मौके पर पहुंचे कटनी कलेक्टर आशीष तिवारी (IAS Collector Ashish Tiwari) और कटनी एसपी अभिनय विश्वकर्मा के सामने स्थानीय लोगों ने गुस्सा जताया। लोगों का कहना था कि अगर दमकल की गाड़ियां समय पर सही हालत में पहुंच जातीं, तो शायद परिवार के लोगों को बचाया जा सकता था। बरही अस्पताल में मृतकों के पोस्टमॉर्टम के लिए तीन डॉक्टरों की टीम लगाई गई है।