ईएसबी को झटका: नर्सिंग ऑफिसर-सिस्टर ट्यूटर भर्ती में GNM और मेल नर्स को राहत

Sanjay Sharma | Apr 28, 2026, 23:16 IST
Photograph: (THESOOTR)
JABALPUR. हाईकोर्ट के आदेश पर ईएसबी को नर्सिंग ऑफिसर भर्ती का पोर्टल दोबारा खोलना पड़ा। जीएनएम डिप्लोमाधारी अब 29 अप्रैल से 3 मई तक आवेदन कर सकेंगे। रूलबुक विवाद में राहत।

News in Short

  • हाईकोर्ट के आदेश पर ईएसबी को 6 दिन के लिए खोला है पोर्टल।
  • जीएनएम डिप्लोमाधारी 29 अप्रैल से 3 मई तक आवेदन कर सकेंगे।
  • पहले सिर्फ बीएससी नर्सिंग महिला अभ्यर्थी ही पात्र थीं।
  • रूलबुक ने मेल नर्स और जीएनएम को बाहर कर दिया था बाहर।
  • 800 पदों पर निकली भर्ती के लिए दूसरी बार खुला है पोर्टल।

News in Detail

नर्सिंग ऑफिसर और सिस्टर ट्यूटर भर्ती के नियमों में पेंच डालना फिर ईएसबी को भारी पड़ा है। जबलपुर हाईकोर्ट के आदेश पर कर्मचारी चयन मंडल को भर्ती परीक्षा के आवेदकों के लिए दोबारा पोर्टल खोलना पड़ा है।



अब जीएनएम डिप्लोमाधारी अभ्यर्थी भी 29 अप्रैल से 3 मई के बीच आवेदन जमा कर सकेंगे। ईएसबी की रूलबुक के नियमों ने इन अभ्यर्थियों को भर्ती से दूर कर दिया था। भर्ती के मनमाने नियमों को लेकर मामला हाईकोर्ट पहुंचा था। जहां से याचिकाकर्ताओं को राहत मिली है।



जीएनएम डिप्लोमाधारी आवेदन करने से वंचित

मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल ने स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के लिए नर्सिंग ऑफिसर और सिस्टर ट्यूटर की भर्ती शुरू की है। इसके लिए 6 अप्रैल से आवेदन जमा कराए जा रहे थे और आखिरी तारीख 20 अप्रैल थी। ईएसबी की रूलबुक ने इस भर्ती परीक्षा के नियमों में भी पेचीदगी खड़ी कर दी थी।



नर्सिंग ऑफिसर और सिस्टर ट्यूटर के पदों पर बीएससी नर्सिंग करने वाली महिला अभ्यर्थियों को ही पात्रता रखी गई थी। इस वजह से जीएनएम डिप्लोमाधारी आवेदन करने से वंचित रह गए थे। वहीं इन पदों पर जेंडर आधारित पाबंदी ने पुरुष नर्सिंग डिप्लोमाधारियों से भी अवसर छीन लिया था।



अभ्यर्थियों को राहत, ईएसबी की फजीहत

नर्सिंग ऑफिसर और सिस्टर ट्यूटर के 800 पदों पर आई भर्ती को लेकर नर्सिंग डिप्लोमाधारी परेशान थे। वजह थी ईएसबी की रूलबुक। रूलबुक में ईएसबी द्वारा मनमानी व्याख्या कर मेल नर्सिंग छात्रों के साथ ही जीएनएम डिप्लोमाधारियों को भी वंचित कर दिया था। जिसके खिलाफ इन अभ्यर्थियों ने हाईकोर्ट जबलपुर में याचिका पेश की थी।



हाईकोर्ट में अधिवक्ता दिनेश सिंह चौहान ने जीएनएम और मेल नर्सिंग छात्रों का पक्ष रखते हुए ईएसबी की रूलबुक की खामियां उजागर कीं। जिसके आधार पर हाईकोर्ट ने अभ्यर्थियों को राहत देते हुए आवेदन के लिए ईएसबी को पोर्टल खोलने का आदेश दिया है।



आवेदन करने मिला 6 दिन का समय

ईएसबी ने वेबसाइट पर भर्ती के आवेदन के लिए पोर्टल खोलने की सूचना अपलोड कर दी है। नर्सिंग ऑफिसर एवं सिस्टर ट्यूटर के पदों पर अब याचिकाकर्ता हाईकोर्ट से मिली अंतरिम राहत के आधार पर आवेदन कर पाएंगे। इसके लिए याचिकाकर्ताओं को 29 अप्रैल से 3 मई 2026 के बीच 6 दिन का समय मिलेगा। इस परीक्षा के लिए पूर्व में 20 अप्रैल आवेदन की आखिरी तारीख थी। वहीं परीक्षा के लिए 15 मई 2026 तय की गई है।



नोटिफिकेशन के बाद से ही विवादों में भर्ती

नर्सिग ऑफिसर एवं सिस्टर ट्यूटर के पदों पर भर्ती नोटिफिकेशन जारी होने के बाद से ही विवादों में घिरी है। दोनों पदों पर पूरी तरह महिलाओं को प्राथमिकता देने के आरोप भी ईएसबी और लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग पर लग चुके हैं।



पुरुषों को इस नर्सिंग भर्ती से दूर रखने पर भी सवाल उठाए गए हैं। वहीं नर्सिंग के लिए पूर्व में संचालित जीएनएम डिप्लोमाधारी छात्र- छात्राओं को भी पात्रता से बाहर रखा गया था। इसी वजह से मामला हाईकोर्ट पहुंचा था। आवेदकों ने भर्ती के विज्ञापन और ईएसबी की रूलबुक के नियमों को चुनौती दी थी।



सेवा भर्ती- पदोन्नति के खिलाफ रूलबुक

अधिवक्ता दिनेश सिंह चौहान के अनुसार नई भर्ती मध्य प्रदेश चिकित्सा शिक्षा (अराजपत्रित) सेवा भर्ती एवं पदोन्नति नियम 2023 के विरुद्ध है। नियमों में स्पष्ट प्रावधान होने के बावजूद विज्ञापन में नई पात्रता शर्तें जोड़ी गई हैं। नर्सिंग ऑफिसर पद के लिए जीएनएम पर्याप्त योग्यता है। वहीं भर्ती विज्ञापन में जीएनएम डिप्लोधारियों के लिए भी बीएससी नर्सिंग की अनिवार्यता रखी गई।



ये खबरें भी पढ़ें...



वन विभाग में घोटाला : DFO-SDO बचे, रेंजर सहित तीन नपे, वन विभाग की कैम्पा योजना में लाखों का फर्जीवाड़ा



बधाई हो! किसान बने गेमर्स, मोबाइल पर अंगूठा घिस रहे, पर स्लॉट बना मिस्टर इंडिया



भोपाल-इंदौर में फर्जी केवाईसी से की धोखाधड़ी, 58 करोड़ की हेराफेरी उजागर



300 करोड़ के घाटे में डूबे एमपी के पोषण आहार प्लांट, सप्लायरों ने रोका राशन







Tags:
  • जबलपुर हाईकोर्ट
  • नर्सिंग भर्ती
  • नर्सिंग ऑफिसर
  • लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग