सावधान! हॉलमार्क की मुहर लगाकर बेच रहे नकली सोना, कई लोग हो चुके शिकार, खरीदते समय इन 3 बातों का रखें ध्यान...

Aman Vaishnav | Sootr Creatives | Published:
सागर और नीमच में फर्जी हॉलमार्क वाले सोने का बड़ा खुलासा हुआ है, जानें कैसे आप HUID नंबर और BIS ऐप से अपने गहनों की शुद्धता की सही जांच कर सकते हैं।
Fake hallmark gold seized in MP raids; learn how to verify real gold purity using 6-digit HUID code and BIS Care App to avoid fraud
एक तरफ सोना सस्ता हो गया है तो लोग जमकर खरीदारी कर रहे हैं। दूसरी ओर क्या आपको पता भी है कि सस्ते या भरोसे के चक्कर में आप जो सोना घर ला रहे हैं वह असली है या नकली? आजकल बाजार में हॉलमार्क की मुहर लगाकर भी लोगों को ठगा जा रहा है। मध्यप्रदेश के सागर, नीमच और मैहर से ऐसे कई चौंकाने वाले मामले सामने आ चुके हैं।

यहां नकली हॉलमार्क लगाकर लोगों को लाखों रुपए का चूना लगाया गया है। ऐसे में अगर आप भी सोना खरीदने की सोच रहे हैं तो थोड़ा रुकिए। जरा एक बार जान तो लीजिए कि आखिर यह पूरा खेल क्या है और आप खुद को इस ठगी से कैसे बचा सकते हैं।



सागर और नीमच में फर्जी हॉलमार्क वाला सोना

मध्य प्रदेश में नकली और बिना हॉलमार्क वाले सोने के खिलाफ बड़ी कार्रवाई हुई है। सागर में 19 नवंबर को एक ज्वैलरी शोरूम पर लगबग 45 लाख रुपए की कीमत वाली सोने की 36 ज्वैलरी सील की गई है। चौंकाने वाली बात यह थी कि इनमें से 19 आभूषणों पर फर्जी हॉलमार्क लगा हुआ था। वहीं 17 आभूषण बिना हॉलमार्क के ही बेचने के लिए रखे गए थे।



इससे पहले भी सागर में ही एक बैंक की नीलामी के जरिए खरीदा गया 5 लाख रुपए का सोना नकली निकला था। उस पर भी हॉलमार्क लगा हुआ था। इस मामले में उपभोक्ता फोरम ने बैंक को आदेश दिया था कि वह पीड़ित व्यक्ति को पूरी राशि के साथ हर्जाना भी दे।



इसी प्रकार मैहर में भी एक बैंक के मैनेजर ने एक महिला के साथ मिलकर सराफा व्यापारी को 17 लाख रुपए का नकली सोना बेच दिया था। खास बात यह रही कि इस सोने पर भी हॉलमार्क लगा था। व्यापारी ने जांच करने के बाद ही गहने खरीदे थे।



नीमच के इन 3 शोरूम पर बीआईएस की दबिश

सागर और मैहर के बाद अब नीमच में भी 3 ज्वैलर्स के पास फर्जी हॉलमार्क वाले गहने मिले हैं। भारतीय मानक ब्यूरो की टीम ने शुक्रवार को कार्रवाई करते हुए इन ज्वैलर्स से 50 लाख रुपए से ज्यादा की ज्वैलरी जब्त की है। इन दुकानों से कुल 401.81 ग्राम वजन की 50 ज्वैलरी पकड़ी गई है। इसमें से 17 ज्वैलरी पर फर्जी मुहर लगी थी। साथ ही 33 आभूषणों पर हॉलमार्क था ही नहीं। बता दें कि इस पूरे मामले की जानकारीबीआईएस निदेशक मोहम्मद तौसीफ ने दी है।



राम बाबू शंकर लाल (राम ज्वैलर्स): यहां से फर्जी हॉलमार्क वाले 2 सोने के आभूषण (कुल वजन 2.060 ग्राम) मिले। साथ ही बिना हॉलमार्क वाले 2 आभूषण (कुल वजन 5.540 ग्राम) जब्त किए गए हैं।



जेम्स स्क्वायर डायमंड: इस शोरूम से फर्जी हॉलमार्क वाले 11 आभूषण (वजन 72.39 ग्राम) मिले हैं। इसके अलावा बिना हॉलमार्क वाले 21 आभूषण (वजन 193.83 ग्राम) पकड़े गए हैं।



राम गोपाल राम नारायण (आर आर ज्वैलर्स): यहां से फर्जी हॉलमार्क वाली 4 जोड़ी ज्वैलरी (वजन 33.81 ग्राम) और बिना हॉलमार्क वाले 10 आभूषण (वजन 94.18 ग्राम) जब्त किए गए हैं।



अधिकारियों के मुताबिक फर्जी हॉलमार्क का इस्तेमाल करना और अनिवार्य हॉलमार्किंग वाले जिलों में बिना वैध हॉलमार्क के सोना बेचना कानून का उल्लंघन है। इसके तहत भारतीय मानक ब्यूरो अधिनियम के अंतर्गत सख्त सजा का प्रावधान है।



बिना हॉलमार्क और पक्के बिल के क्यों बिकता है सोना?

बता दें कि रतलाम का बाजार सोने की शुद्धता के लिए देशभर में जाना जाता है। वहां सभी व्यापारी बीआईएस नियमों के तहत पंजीकृत हैं। हालांकि नियम के अनुसार 2 ग्राम से कम वजन के सोने के आभूषणों पर हॉलमार्किंग करवाना जरूरी नहीं होता है।



वहीं सर्राफा व्यापारी क्षितिज सोनी का कहना है कि हर ज्वैलरी विक्रेता को बीआईएस से रजिस्ट्रेशन और लाइसेंस मिलता है। साथ ही एक यूनिक आईडी भी दी जाती है। दुकानदार को तय केंद्र पर जाकर गहनों की जांच करवानी होती है। कई दुकानदार टैक्स बचाने के चक्कर में लाइसेंस नहीं लेते और न ही हॉलमार्क लगवाते हैं। दूसरी तरफ कई बार ग्राहक भी पैसे बचाने के लिए बिना पक्के बिल की ज्वैलरी मांगते हैं। इससे इस तरह की गड़बड़ियों को बढ़ावा मिलता है।



असली और नकली हॉलमार्क की पहचान कैसे करें?

जानकारों का कहना है कि साल 2021 से सरकार ने सोने की ज्वैलरी पर हॉलमार्क यूनिक आइडेंटिफिकेशन नंबर अनिवार्य कर दिया है। आप थोड़ी सी सावधानी रखें तो नकली हॉलमार्क को आसानी से पकड़ सकते हैं। ज्वैलर्स ने इसकी पहचान का बेहद आसान तरीका बताया है।



सोना खरीदते समय इन बातों की जांच जरूर करें...

  • तीन निशान देखें: असली हॉलमार्क की पहचान के लिए गहने पर BIS का तिकोना निशान, सोने की शुद्धता (जैसे 22K916) और 6 अंकों का HUID कोड जरूर देखें।
  • BIS Care App का इस्तेमाल करें: अपने मोबाइल में BIS Care App डाउनलोड करें या वेबसाइट http://www.bis.gov.in पर जाएं।
  • HUID नंबर डालें: ऐप पर ज्वैलरी पर लिखा 6 अंकों का एचयूआईडी नंबर डालते ही उस गहने की पूरी कुंडली सामने आ जाती है। इससे पता चल जाता है कि ज्वैलरी किसने बनाई है। उसकी शुद्धता क्या है और व्यापारी का नाम क्या है।
  • डिटेल्स का मिलान करें: यह जरूर देख लें कि ऐप पर दिख रही जानकारी और आपके हाथ में मौजूद आभूषण आपस में मेल खाते हैं या नहीं।

हॉलमार्क नकली निकले तो कहां करें शिकायत?

वहीं अगर आपको लगता है कि आपके गहने पर लगा हॉलमार्क नकली है। दुकानदार ने शुद्धता में कोई गड़बड़ी की है तो आप सीधे भारतीय मानक ब्यूरो की वेबसाइट या BIS Care मोबाइल ऐप के जरिए अपनी शिकायत दर्ज करवा सकते हैं। ग्राहक हमेशा पक्का बिल लेकर ही सोना खरीदें ताकि किसी भी धोखाधड़ी की स्थिति में कानूनी मदद मिल सके।



Tags:
  • Fake Hallmark Gold
  • नकली हॉलमार्क सोना
  • मध्य प्रदेश में नकली हॉलमार्क वाला सोना
  • भारतीय मानक ब्यूरो अधिनियम
  • मध्य प्रदेश में नकली सोने की बिक्री