मध्यप्रदेश स्थापना दिवस: किसानों को ट्रैक्टर-बुलेट तो 102 छात्रों को मिलेंगे एक-एक लाख, इस सिंगर की आवाज से सजेगी शाम...

Aman Vaishnav | Nov 01, 2026, 08:30 IST
मध्य प्रदेश स्थापना दिवस समारोह पर भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में सजेगा मंच, जहां सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ आम जनता के लिए कई प्रदर्शनियां लगेंगी।
Madhya Pradesh Foundation Day celebration setup with cultural stage and grand exhibitions at Lal Parade Ground Bhopal
मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के मौके पर रविवार, 01 नवंबर को भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में राज्य स्तरीय समारोह होगा। मुख्यमंत्री मोहन यादव इस समारोह की शुरुआत करेंगे। इस बार समारोह की थीम विरासत से विकास के पथ की ओर अग्रसर प्रदेश रखी गई है। इसमें प्रदेश की संस्कृति, जनजातीय परंपराओं और विकास कार्यों की झलक देखने को मिलेगी।

साथ ही कृषि में हो रहे नए प्रयोगों और महिला उद्यमियों के काम को भी दिखाया जाएगा।



मोनाली ठाकुर की आवाज से सजेगी शाम

समारोह में सबसे बड़ा आकर्षण फेमस सिंगर मोनाली ठाकुर होंगी। राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीत चुकीं मोनाली मुंबई के अपने साथी कलाकारों के साथ सुगम संगीत पेश करेंगी। उन्हें लुटेरा फिल्म के गाने सवार लूं से खास पहचान मिली है। वहीं दम लगा के हईशा फिल्म का गाना मोह मोह के धागे भी काफी लोकप्रिय हुआ था। उनकी सुरीली आवाज इस शाम को खास बनाएगी।



वंदे मातरम् से होगी शुरुआत, आतिशबाजी से समापन

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस (Madhya Pradesh Foundation Day) कार्यक्रम की शुरुआत 71 बच्चे एक साथ राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम्' गाकर करेंगे। इसके बाद मध्यप्रदेश पुलिस बैंड राष्ट्रगान की प्रस्तुति देगा। समारोह का समापन आतिशबाजी के साथ होगा।



102 मेधावी विद्यार्थियों को मिलेंगे एक-एक लाख रुपए

समारोह में मुख्यमंत्री प्रदेश के 102 होनहार विद्यार्थियों को श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति देंगे। हर विद्यार्थी को एक लाख रुपए की सम्मान राशि और प्रशस्ति-पत्र दिया जाएगा। यह योजना श्रीकृष्ण पाथेय न्यास की ओर से चलाई जा रही है। इसके तहत अलग-अलग जिलों से मेधावी विद्यार्थियों को चुना गया है। खंडवा जिले से सबसे ज्यादा छह विद्यार्थियों का चयन हुआ है। वहीं अशोकनगर, बड़वानी, नर्मदापुरम, सिवनी, सिंगरौली और उमरिया से चार-चार विद्यार्थी चुने गए हैं।



किसानों को मिलेंगे 55 ट्रैक्टर और 55 बुलेट

स्थापना दिवस पर किसानों के लिए भी खास आयोजन होगा। किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व क्विज के 165 विजेताओं को पुरस्कार दिए जाएंगे। इस ऑनलाइन क्विज में प्रदेश के करीब 40 हजार किसानों ने हिस्सा लिया था। विजेताओं को 55 ट्रैक्टर, 55 बुलेट मोटरसाइकिल और 55 ई-स्कूटर मिलेंगे। हर जिले से तीन विजेताओं का चयन किया गया है। भोपाल के विजेताओं को मुख्यमंत्री मोहन यादव (CM Mohan Yadav ) खुद पुरस्कार देंगे। बाकी जिलों में प्रभारी मंत्री विजेताओं को सम्मानित करेंगे।



कृषि से लेकर महिला उद्यमिता तक की लगेगी प्रदर्शनी

रविवार सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री अलग-अलग प्रदर्शनियों और मेलों का उद्घाटन करेंगे। इनमें आधुनिक कृषि प्रदर्शनी, विकास दीर्घा, महिला उद्यमिता मंडप और देशज व्यंजन मेला शामिल हैं। कृषि प्रदर्शनी में उन्नत बीज और जैविक इनपुट्स देखने को मिलेंगे। यहां स्मार्ट सिंचाई और एग्री स्टार्टअप्स के नए प्रयोग भी दिखाए जाएंगे।



राजा भोज के भोपाल की दिखेगी तस्वीर

बता दें कि महाराजा विक्रमादित्य शोध पीठ ने 160 वॉटर कलर पेंटिंग तैयार की हैं। इन सभी चित्रों का विषय राजा भोज का भोपाल रखा गया है। वहीं महिला उद्यमिता मंडप में स्व-सहायता समूहों के बनाए उत्पाद बिक्री के लिए रखे जाएंगे। देशज व्यंजन मेले में लोग अलग-अलग पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद ले सकेंगे। यह मेला रोजाना (1 नवंबर से 3 नवंबर तक) दोपहर 12 बजे से रात 8 बजे तक चलेगा।



आम लोगों को बिना पास मिलेगी एंट्री

समारोह में शामिल होने के लिए आम नागरिकों को किसी पास की जरूरत नहीं होगी। वे सीधे लाल परेड ग्राउंड पहुंचकर कार्यक्रम का हिस्सा बन सकेंगे। साथ ही स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए आयोजन स्थल पर अलग से स्टूडेंट ब्लॉक बनाया जा रहा है। इस ब्लॉक में प्रवेश के लिए विद्यार्थियों को अपने संस्थान का आईडी कार्ड दिखाना होगा।



भोपाल की सड़कों पर दिखा जनजातीय संस्कृति का रंग

स्थापना दिवस से पहले शनिवार को भोपाल में सांस्कृतिक गौरव यात्राएं निकाली गईं। इनमें 400 से ज्यादा लोक और जनजातीय कलाकार शामिल हुए। पहली यात्रा ज्योति टॉकीज से शुरू होकर रातीबड़ तक पहुंची। वहीं दूसरी यात्रा बैरसिया से शुरू हुई और आनंद नगर में खत्म हुई।



Tags:
  • मध्यप्रदेश स्थापना दिवस
  • Madhya Pradesh Foundation Day
  • सिंगर मोनाली ठाकुर
  • मध्यप्रदेश पुलिस
  • श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति
  • किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व क्विज
  • मुख्यमंत्री मोहन यादव
  • CM Mohan Yadav