जिन्हें बदलनी थी किसानों की किस्मत, उनके खुद के अस्तित्व पर संकट! किसके काम आई ये महत्वाकांक्षी योजना?
नेशनल एसोसिएशन फॉर फार्मर प्रोड्यूसर ऑर्गनाइजेशन (NAFPO) की स्टेट ऑफ द सेक्टर रिपोर्ट 2025 के मुताबिक, मध्यप्रदेश में कुल 2,330 सक्रिय किसान उत्पादक कंपनियां (FPCs/FPOs) रजिस्टर्ड हैं। द सूत्र ने ऐसे ही 48 FPO की पड़ताल की। हमने जाना कि ये FPO आखिर हैं क्या ? क्या वाकई में FPO किसानों के काम आ रहे हैं ? ये FPO बनाए क्यों गए थे ? इनका काम क्या था ? क्या इनसे जुड़कर किसानों की आय बढ़ी ?
आखिर क्या है ये FPO?
FPO यानी फार्मर प्रोड्यूसर ऑर्गेनाइजेशन। जिसे हिंदी में किसान उत्पादक संगठन कहा जाता है, ये योजना कागजों पर शानदार थी। छोटे किसानों को एकजुट करना था। खेती की लागत घटानी थी। बिचौलियों से छुटकारा दिलाना था। उपज का उचित दाम दिलाना था। किसानों की आमदनी बढ़ानी थी। मकसद नेक था। व्यवस्था आकर्षक थी।
केंद्र और राज्य सरकार की अलग अलग संस्थाओं की मदद से ये एफपीओ बनाए गए। इनमें लघु कृषक कृषि व्यापार संघ (SFAC), राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (NABARD) राज्य सरकार के कृषि विभाग (विशेषकर MPDPIP परियोजना) और मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (MPRSLM) जैसी संस्थाएं शामिल थीं।
FPO सरकारी दफ्तर नहीं हैं। ये किसानों के स्वामित्व वाले संगठन हैं। कई का पंजीयन प्रोड्यूसर कंपनी के रूप में हुआ है। कुछ सहकारी संस्थाओं के रूप में भी संचालित होते हैं। सोचा गया कि किसान अब सिर्फ खेती नहीं करेगा। अपनी कंपनी भी चलाएगा। लेकिन कई जगह कंपनी तो बन गई। कारोबार नहीं चल पाया।
योजना में मुनाफा ही मुनाफा, फिर नुकसान कहां से आया?
किसान अकेले खाद खरीदता है। महंगी मिलती है। बीज खरीदता है। उसमें भी ज्यादा पैसा लगता है। कीटनाशक खरीदता है। जेब और हल्की हो जाती है। सरकार ने इसका इलाज बताया FPO। सैकड़ों किसान मिलकर थोक में सामान खरीदेंगे। खेती की लागत घटेगी। उपज इकट्ठा करेंगे। ग्रेडिंग होगी। पैकेजिंग होगी। सीधे बड़ी कंपनियों को बेचेंगे। बिचौलियों की छुट्टी होगी। बैंकों से कर्ज मिलने में भी सहूलियत होने की उम्मीद थी। लेकिन जिन संगठनों को किसानों का आर्थिक सहारा बनना था, उनमें से कई खुद फंडिंग के लिए परेशान हो गए।
मध्यप्रदेश में FPO की पड़ताल : कहीं कंपनी बंद, कहीं मोबाइल बंद
द सूत्र ने मध्यप्रदेश में बनाए गए 48 किसान उत्पादक संगठनों की पड़ताल की। ये एफपीओ प्रदेश में 2013 से 2015 के बीच खोले गए थे। इनमें से 18 संगठनों से संपर्क करने की जानकारी ही उपलब्ध नहीं थी। बाकी 30 से संपर्क करने की कोशिश की गई। कहीं जवाब मिला कि कंपनी बंद हो गई। कहीं मोबाइल नंबर बंद मिला। कहीं फोन उठाने वाले ने कहा कि नंबर गलत है। गिनती के कुछ संगठन ही काम करते मिले।
1. उदयगिरी क्रॉप प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड, विदिशा
कंपनी बंद हो चुकी है। पूर्व CEO उमेश सूर्यवंशी ने बताया कि किसानों को समूह में काम करने में दिक्कत आती थी। फंडिंग की परेशानी भी थी। उन्होंने सरकार से पैसा नहीं मिलने का आरोप लगाया। यानी किसानों को आर्थिक मजबूती देने निकली कंपनी खुद आर्थिक मदद की मोहताज हो गई।
2. पामरिया दलहन किसान प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड, विदिशा
साल 2014 में शुरुआत हुई। साल 2016 में कहानी खत्म। कंपनी के पूर्व अध्यक्ष गोपाल सिंह रघुवंशी के मुताबिक 300 किसानों का समूह बनाया गया था। कृषि सामग्री की दुकान भी खोली गई। फायदा हुआ तो किसान साथ रहे। नुकसान हुआ तो अलग हो गए। सरकारी ग्रांट भी नहीं मिली। दो साल में ही कंपनी बंद हो गई।
3. जागृति दलहन प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड, सागर
नाम जागृति था। किसानों में आर्थिक जागृति लाने का मकसद था। लेकिन कंपनी ही बंद हो गई।
4. मां जालपा क्रॉप प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड, राजगढ़
पूर्व CEO जितेंद्र सिंह राजपूत ने बताया कि कंपनी बंद हो चुकी है।
5. चीचली और दादा दरबार प्रोड्यूसर कंपनी, नरसिंहपुर
दोनों कंपनियों की शुरुआत क्रमशः 2011 और 2012 में हुई थी। द सूत्र ने संपर्क किया। दोनों के नंबर बंद मिले। कंपनियों की मौजूदा स्थिति की पुष्टि नहीं हो सकी।
6. डिंडौरी ट्राइबल फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी, डिंडौरी
आदिवासी किसानों के लिए बनाई गई कंपनी। CEO देवेंद्र पटेल से संपर्क करने की कोशिश हुई। उपलब्ध मोबाइल नंबर उपयोग में नहीं मिला।
7. उन्नत किसान प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड, भोपाल
नाम में उन्नति थी। मकसद भी उन्नति का था। लेकिन संपर्क करने पर जवाब मिला कि नंबर गलत है।
8. किसान एकता समृद्धि प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड, सीहोर
नाम में एकता भी थी। समृद्धि भी थी। मगर संपर्क के लिए उपलब्ध नंबर गलत निकला।
9. जिम्मेदार किसान समृद्धि प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड, देवास
पूर्व मैनेजिंग डायरेक्टर विजय चौधरी ने बताया कि FPO बंद हो गया है।
10. किसान विकास स्वायत्त सहकारिता मर्यादित, कटनी
संपर्क किया गया। नंबर गलत मिला।
11. खुशहाल किसान समृद्धि प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड, आगर मालवा
नाम में खुशहाली थी। समृद्धि का सपना था। इसके CEO मनीष राठौड़ ने बताया कि FPO बंद हो चुका है।
12. बलराम किसान समृद्धि प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड, उज्जैन
संपर्क किया गया। नंबर बंद मिला।
13. आदर्श किसान बीज उत्पादक सहकारिता समिति मर्यादित, जबलपुर
इस संस्था का उपलब्ध नंबर भी बंद मिला।
रतलाम में उम्मीद की एक किरण
ऐसा नहीं है कि हर FPO की कहानी खराब है। द सूत्र की पड़ताल में रतलाम आदिवासी फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड काम करती मिली। सीनियर मैनेजर भेरू लाल राठौड़ ने बताया कि कंपनी की शुरुआत 2012 में हुई थी। शासन से ग्रांट का लाभ भी मिला। हालांकि यहां भी समस्या है। जानकारी का अभाव है। किसानों और FPO के बीच दूरी है। संगठन की पहुंच आसपास के 18 से 20 गांवों तक ही है। यानी कंपनी चल रही है। लेकिन उसका दायरा सीमित है।
किसानों का विकास या अपनों का?
किसान नेता राजेश पुरोहित ने इस पूरी व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि योजना किसानों के विकास के बजाय अपनों के विकास का जरिया बन गई। किसानों को आज भी ऐसी संस्थाओं की पर्याप्त जानकारी नहीं है। मंडी से बीज खरीदा जाता है। उसकी रीपैकेजिंग होती है। फिर किसानों को ही बेचा जाता है। पुरोहित का आरोप है कि कई FPO में परिचितों को काम पर रखा जाता है। खरीद भी खुद करते हैं। बिक्री भी खुद करते हैं। किसान को मंडी से ज्यादा दाम देने का भरोसा दिया जाता है। लेकिन खुद मंडी से सस्ता माल तलाशा जाता है।