एमपी के सरकारी स्कूलों में बदला मध्याह्न भोजन का मेन्यू, अब थाली में मिलेगा दाल-बाफला, भुट्टे का कीस और रंगीन चपाती!

Aman Vaishnav | Sootr Creatives | Published:
एमपी के सरकारी स्कूलों में बदला मध्याह्न भोजन का मेन्यू, अब बच्चों को दाल-रोटी के साथ दाल-बाफला, भुट्टे का कीस, हरी-गुलाबी चपाती और मौसमी फल भी मिलेंगे।
MP Government Schools Revamp Mid-Day Meal Menu with Regional Delicacies, Green and Pink Chapatis, and Seasonal Fruits for Better Nutrition
आपसे कहा जाए कि साल भर रोज रोज एक ही जैसा खाना खाएं, तो जाहिर है कि कुछ ही दिनों में आपका मन ऊब जाएगा। अब जरा उन स्कूली बच्चों के बारे में सोचिए जिन्हें हर दिन थाली में वही साधारण दाल, रोटी और सब्जी मिलती है। मध्य प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों की इस परेशानी को सरकार ने समझ लिया है।

राज्य शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने मध्याह्न भोजन यानी पीएम पोषण शक्ति निर्माण योजना (PM Poshan Shakti Nirman Scheme) की नई मार्गदर्शिका जारी की है। इस बदलाव के बाद अब बच्चों की थाली में स्वाद, सेहत और अपने इलाके की खुशबू एक साथ परोसी जाएगी।



अंचल के हिसाब से बदलेगा बच्चों की थाली का स्वाद

सरकार ने फैसला किया है कि सप्ताह में कम से कम एक दिन बच्चों को उनके अपने अंचल का पारंपरिक और पौष्टिक भोजन जरूर दिया जाए। सबसे खास बात यह है कि अब मेन्यू तय करने में सिर्फ अधिकारियों की नहीं चलेगी। अब स्कूल प्रबंधन समिति, माता-पिता और खुद बच्चों से भी उनकी पसंद पूछी जाएगी।



मध्य प्रदेश के अलग-अलग इलाकों के हिसाब से भोजन में इन खास व्यंजनों को जगह मिली है...



मालवा और निमाड़ अंचल: मालवा क्षेत्र के स्कूलों में भुट्टे का कीस, गेहूं की थूली (लापसी), दाल-बाफला, सेव-टमाटर की सब्जी और ज्वार-बाजरे की रोटी परोसी जाएगी। वहीं निमाड़ क्षेत्र में दाल-पानिया, मक्का व ज्वार की भाकरी और मूंग व चना दाल से बने स्थानीय व्यंजन बच्चों को मिलेंगे।



विंध्य (बघेलखंड) और महाकौशल अंचल: विंध्य क्षेत्र में इंद्रहर, फुलौरी की कढ़ी, महेरी, मक्का, रिकमच, ज्वार-बाजरे की रोटी और कोदो-कुटकी से बने व्यंजन मेन्यू का हिस्सा बने हैं। महाकौशल में इंद्रहर, फुलौरी की कढ़ी, कोदो-कुटकी की खीर, स्थानीय सब्जियों की कढ़ी और ज्वार-मक्का की रोटी खिलाई जाएगी।



बुंदेलखंड और ग्वालियर-चंबल अंचल: बुंदेलखंड के बच्चों को महेरी या महरिया, बेसन के चीले, दाल-बाटी या बाफला और ज्वार-बाजरे की रोटी या भाकरी का स्वाद मिलेगा। दूसरी तरफ ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में बाजरे की राबड़ी या महेरी, बेड़ई, बाजरे व ज्वार की रोटी के साथ दाल और मौसमी सब्जियां दी जाएंगी।



भोपाल-नर्मदापुरम और जनजातीय बहुल क्षेत्र: भोपाल और नर्मदापुरम संभाग में दाल-बाफला, पंचमेल दाल, गेहूं की लापसी या थूली और मक्का-गेहूं के स्थानीय व्यंजन शामिल किए गए हैं। झाबुआ, अलीराजपुर, मंडला और डिंडोरी जैसे जनजातीय बहुल क्षेत्रों में बच्चों को महुआ और अलसी के लड्डू, कोदो-कुटकी की खीर व खिचड़ी और वनोपज व मिलेट्स पर आधारित पारंपरिक व्यंजन परोसे जाएंगे।



एनीमिया से लड़ेगी हरी और गुलाबी चपाती

बच्चों में खून की कमी यानी एनीमिया की समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए सरकार ने एक बहुत ही शानदार तरीका निकाला है। अब सामान्य गेहूं के आटे में पालक, मेथी, बथुआ या सहजन की पत्तियां मिलाकर हरी चपाती तैयार की जाएगी। इसके अलावा आटे में गाजर मिलाकर बच्चों के लिए गुलाबी चपाती बनाई जाएगी, जो देखने में आकर्षक और सेहत के लिए बेहद फायदेमंद होगी। सहजन यानी मुनगा की पत्तियों को छाया में सुखाकर उसका पाउडर भी तैयार किया जाएगा। इसे आटे, दाल और खिचड़ी में मिलाकर बच्चों को पोषण दिया जाएगा।



सप्ताह भर की थाली और पोषण के सख्त नियम

नई व्यवस्था में यह पक्का किया गया है कि बच्चों को रोज के खाने में अनाज, दाल और सब्जी ये तीनों चीजें जरूर मिलें। इसके लिए पूरे सप्ताह का एक मॉडल चार्ट तैयार किया गया है।



  • सोमवार: रोटी या हरी चपाती के साथ मौसमी सब्जी और मिक्स दाल दी जाएगी।
  • मंगलवार: दाल-चावल या दाल ढोकली के साथ मौसमी सब्जी मिलेगी, जिसमें विटामिन-सी के लिए टमाटर, नींबू या आम की खटाई डाली जाएगी।
  • बुधवार: इस दिन अंचल के खास पारंपरिक व्यंजन जैसे दाल-बाफला, इंद्रहर, महेरी या राबड़ी और स्थानीय मिलेट्स खिलाए जाएंगे।
  • गुरुवार: कैल्शियम और प्रोटीन के लिए दूध और दही से बने व्यंजन जैसे कढ़ी पकौड़ा, बूंदी कढ़ी या सहजन कढ़ी के साथ चावल या रोटी दी जाएगी।
  • शुक्रवार: सब्जी पुलाव, वन-पॉट खिचड़ी या नमकीन दलिया खिचड़ी के साथ सप्ताह में एक दिन मौसमी फल जैसे केला, अमरूद, आंवला, बेर, सीताफल, जामुन, पपीता या आम दिया जाएगा।
  • शनिवार: आलू, मेथी या हरा पराठा या फिर पूरी के साथ चना या सोया बड़ी की सब्जी परोसी जाएगी।

साल भर सप्ताह में कम से कम दो बार पालक और बथुआ जैसी हरी पत्तेदार सब्जियां खिलाना अनिवार्य है। हालांकि बारिश के मौसम में संक्रमण के खतरे को देखते हुए इन्हें मेन्यू से बाहर रखा जाएगा। साथ ही सप्ताह में कम से कम चार बार सस्ती और स्थानीय मौसमी सब्जियों का इस्तेमाल किया जाएगा। मौसमी फलों के इंतजाम के लिए स्कूलों की पोषण वाटिका, उद्यानिकी विभाग और स्थानीय लोगों की मदद ली जाएगी।



हर बच्चे के लिए कैलोरी और प्रोटीन की मात्रा तय

बच्चों की उम्र के हिसाब से उनके शरीर को कितनी ऊर्जा चाहिए इसका भी पूरा हिसाब रखा गया है। कक्षा 1 से 5 तक के हर बच्चे को रोज कम से कम 450 कैलोरी और 12 ग्राम प्रोटीन देना अनिवार्य किया गया है। वहीं कक्षा 6 से 8 तक के बच्चों को रोजाना कम से कम 700 कैलोरी और 20 ग्राम प्रोटीन देना जरूरी होगा।



खाना पकाने का तरीका, स्वच्छता और रेसिपी बुक

भोजन बनाते समय उसके पोषक तत्व नष्ट न हों इसके लिए रसोइयों को खास निर्देश दिए गए हैं। सब्जियों को काटने से पहले अच्छी तरह धोया जाएगा। पकाते समय बर्तन को ढककर रखा जाएगा। सब्जियों को जरूरत से ज्यादा पकाने पर रोक लगाई गई है ताकि उनके विटामिन और खनिज बचे रहें। दाल और चावल पकाने से 20 से 30 मिनट पहले भिगोए जाएंगे, जबकि लौकी और कद्दू जैसी सब्जियों को सीधे प्रेशर कुकर में पकाया जाएगा।



न्यूट्रिशनिस्ट करेंगे जांच और बनेगी रेसिपी बुक

प्रदेश के सभी स्कूलों में खाने का स्वाद और गुणवत्ता एक जैसी रहे, इसके लिए पोषण विशेषज्ञों की मदद से एक रेसिपी बुक तैयार की जा रही है। इसमें हर व्यंजन को बनाने का तरीका, प्रति बच्चे के हिसाब से सामग्री की मात्रा और पकाने का सही समय लिखा रहेगा। इसके अलावा होम साइंस कॉलेजों के विशेषज्ञ समय-समय पर स्कूलों में जाकर भोजन में कैलोरी, प्रोटीन और पोषण के स्तर की जांच करेंगे।



महंगाई और त्योहार के हिसाब से बदलाव की छूट

सरकार ने यह भी ध्यान रखा है कि बाजार में महंगाई बढ़ने से बच्चों का खाना प्रभावित न हो। अगर तुअर दाल या काबुली चना महंगा हो जाता है, तो रसोइये उसकी जगह बराबर पोषण देने वाले सस्ते विकल्प जैसे बल्लर या सेम, बरबटी, हरा चना, मूंग दाल और सोया बड़ी का इस्तेमाल कर सकेंगे।



इसी तरह स्थानीय त्योहारों या खास मौकों पर भी मेन्यू बदला जा सकेगा। अगर दही उपलब्ध न हो, तो कढ़ी में कबीट, आम या इमली की खटाई डाली जा सकती है। खीर की जगह गुड़ से बना मीठा दलिया भी परोसा जा सकता है।



गौरतलब है कि अभी मध्य प्रदेश के सरकारी स्कूलों में दो तरह से भोजन की व्यवस्था चलती है। शहरी इलाकों में अक्षय पात्र फाउंडेशन की रसोई से खाना बनकर स्कूलों में जाता है, जबकि ग्रामीण इलाकों में स्कूल परिसर में ही खाना पकाया जाता है। अब तक बच्चों को बेहद सामान्य भोजन ही मिल रहा था, लेकिन इस नई पहल से बच्चों की सेहत और स्वाद दोनों में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।



Tags:
  • PM Poshan Shakti Nirman Scheme
  • पीएम पोषण शक्ति निर्माण योजना
  • Midday Meal Scheme
  • मध्याह्न भोजन योजना
  • सरकारी स्कूलों में बदला मध्याह्न भोजन का मेन्यू
  • पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग