एमपी में 1 लाख से ज्यादा सरकारी पद खाली, फिर भी भर्ती पर फंसा पेंच, क्या 2027-28 में बढ़ेगा नौकरी का इंतजार?
साथ ही सभी विभागों से नए सिरे से सही आंकड़े मांगे हैं, ताकि यह तय हो सके कि साल 2027 और 2028 में असल में कितने पदों पर भर्ती निकाली जाएगी।
खाली पदों के आंकड़ों में क्यों आई खामी?
दरअसल साल 2026 में हुए प्रमोशन और पिछले कुछ सालों में हुए रिटायरमेंट के बाद मध्य प्रदेश के सरकारी महकमों में एक लाख से अधिक पद रिक्त हो गए हैं। हाल ही में सामान्य प्रशासन विभाग ने मुख्य सचिव की बैठक में यह आंकड़ा रखा है। इस दौरान इसमें कई बड़ी खामियां सामने आईं।
दरअसल कई विभागों ने कुल स्वीकृत पदों में से काम कर रहे कर्मचारियों की संख्या घटाकर खाली पदों का आंकड़ा बता दिया था। इसमें प्रमोशन के बाद निचले स्तर पर खाली हुए पदों को भी जोड़ दिया गया। इतना ही नहीं, कई विभागों ने यह भी नहीं बताया कि नियमित पदों पर कितने कर्मचारी संविदा या आउटसोर्स के जरिए काम कर रहे हैं।
अब आगे क्या होगा?
- मुख्य सचिव की बैठक के बाद जीएडी ने सभी विभागों को नया सर्कुलर जारी किया है।
- विभागों से जल्द से जल्द यह बताने को कहा गया है कि साल 2027 और 2028 में कितने पदों पर भर्ती की जा सकती है।
- सभी विभागों से ठोस और सही आंकड़े मिलने के बाद ही जीएडी एक प्रस्ताव तैयार कर वित्त विभाग से मंजूरी लेगा।
- इसके बाद ही मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) और कर्मचारी चयन मंडल (ESB) को खाली पदों की जानकारी भेजी जाएगी। इसके आधार पर दोनों एजेंसियां अपना भर्ती कैलेंडर तैयार करेंगी।
किस विभाग में कितने पद खाली?
राज्य के प्रमुख विभागों में खाली पदों की स्थिति चौंकाने वाली है। सबसे ज्यादा पद शिक्षा और पुलिस विभाग में खाली पड़े हैं।
स्कूल शिक्षा विभाग : यहां सबसे ज्यादा 65 हजार पद खाली हैं। इस विभाग में प्रमोशन नहीं हो पाए हैं। इसलिए 2027 में सिर्फ 15 हजार पदों पर भर्ती होने की संभावना बन रही है। स्कूल शिक्षा विभाग ने इसके लिए जीएडी से अनुमति भी मांगी है।
पुलिस विभाग : पुलिस महकमे में कुल 45 हजार पद खाली बताए गए हैं। इनमें से 15 हजार पद सिर्फ कांस्टेबल के हैं।
स्वास्थ्य विभाग : स्वास्थ्य सेवाओं की बात करें तो यहां विशेषज्ञ डॉक्टरों समेत कुल 6 हजार 310 पद खाली पड़े हैं।
उच्च शिक्षा विभाग : इस विभाग में कुल 2 हजार 103 पद मंजूर हैं। इनमें से केवल 420 पदों पर ही नियमित शिक्षकों की भर्ती हुई है।
एमपीपीएससी के परीक्षा कैलेंडर पर संकट
विभागों की सुस्ती का सीधा असर भर्ती परीक्षाओं के कैलेंडर पर पड़ रहा है। जानकारी के मुताबिक नियमित राज्य सेवा परीक्षा 2027 (State Service Exam 2027) के लिए नवंबर के आखिरी हफ्ते तक खाली पदों की जानकारी सार्वजनिक होनी थी। ऐसा होने पर ही जनवरी 2027 में प्रारंभिक परीक्षा, जून में मुख्य परीक्षा और नवंबर 2027 में इंटरव्यू कराए जा सकते थे।
इसी तरह विशेष राज्य सेवा परीक्षा के लिए मार्च 2027 में पदों की जानकारी आनी थी। सितंबर में मुख्य परीक्षा व दिसंबर 2027 में इंटरव्यू होने थे। मुख्य सचिव ने तय किया था कि 31 दिसंबर 2026 की स्थिति में संभावित खाली पदों की भर्तियों के प्रस्ताव 25 नवंबर तक परीक्षा एजेंसी को अनिवार्य रूप से भेज दिए जाएं। वहीं यह जानकारी अभी तक पूरी तरह नहीं पहुंच पाई है। ऐसे में अब परीक्षा की तारीखें आगे बढ़ सकती हैं।
2026-27 में कितने प्रतिशत पदों पर होगी भर्ती?
वित्त विभाग ने साल 2024 में एक सर्कुलर जारी कर भर्ती का फॉर्मूला तय किया था। इसके तहत साल 2024-25 में कुल खाली पदों का 8 प्रतिशत, 2025-26 में 46 प्रतिशत और 2026-27 में भी 46 प्रतिशत पदों पर भर्ती की जा सकती है। इसी नियम के आधार पर विभागों से प्रस्ताव मांगे गए हैं।
2027 की डीपीसी की तैयारी भी शुरू
नई भर्तियों की कवायद के बीच कर्मचारियों के प्रमोशन को लेकर भी अच्छी खबर है। लंबे इंतजार के बाद 1 जनवरी 2026 की स्थिति में प्रमोशन हुए थे। इसमें वर्ष 2026 में कुल 68 हजार 437 लोगों को प्रमोशन मिला है। अब साल 2027 के लिए भी सभी विभागों में डीपीसी की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
यह प्रमोशन 1 जनवरी 2027 की स्थिति में खाली पदों के आधार पर होंगे। इससे जल्द ही कई और अधिकारी कर्मचारियों को प्रमोशन मिल सकेगा। इसके बाद हर साल नियमित रूप से प्रमोशन की प्रक्रिया जारी रहेगी।