अफसरों की बेरुखी पर HC का बड़ा एक्शन, 4 प्रिंसिपल सेक्रेटरी, 4 कलेक्टरों सहित अधिकारियों के खिलाफ वारंट

Neel Tiwari | Sootr Creatives | Published:
सरकारी आदेशों को नजरअंदाज करने पर एमपी हाईकोर्ट सख्त, भोपाल कलेक्टर पर 5 हजार समेत कई बड़े अफसरों पर जारी किए जमानती वारंट।
MP High Court issues bailable warrants against Bhopal Collector and senior IAS officers in 7 contempt cases for ignoring court orders
मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने सरकारी आदेशों को नजरअंदाज करने और कोर्ट में जवाब नहीं देने पर अधिकारियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। एक ही दिन में 7 अवमानना मामलों में प्रिंसिपल सेक्रेटरी, कलेक्टर समेत कई बड़े अधिकारियों के खिलाफ जमानती वारंट जारी कर अगली पेशी भी तय कर दी है।

नोटिस मिला, फिर भी नहीं पहुंचे अफसर

मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की जबलपुर बेंच में जस्टिस दीपक खोत ने 28 नवंबर 2026 को एक ही दिन में अवमानना (CONC) के सात मामलों में सख्त रुख अपनाया। आम लोगों से जुड़े मामलों में जब कोर्ट के आदेश के बाद भी विभाग जवाब नहीं देते या पालन की रिपोर्ट पेश नहीं करते, तो लोगों को न्याय मिलने में बहुत देर हो जाती है।



इन सभी मामलों में कोर्ट के रिकॉर्ड के मुताबिक संबंधित अधिकारियों को नोटिस मिल चुके थे। इसके बावजूद सुनवाई के दौरान न तो किसी ने जवाब दिया और न ही कोई अधिकारी कोर्ट में पेश हुआ। इस पर कोर्ट ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों के खिलाफ जमानती वारंट जारी कर दिए।



भोपाल कलेक्टर पर 5 हजार का वारंट

कोर्ट ने अलग अलग मामलों की स्थिति के हिसाब से वारंट की राशि तय की है। सबसे ज्यादा सख्ती भोपाल कलेक्टर के मामले में दिखी, जहां 5 हजार रुपए का जमानती वारंट जारी किया गया है। बाकी छह मामलों में संबंधित अधिकारियों के खिलाफ 2 हजार रुपए प्रत्येक का जमानती वारंट जारी हुआ है ताकि अगली सुनवाई में उनकी मौजूदगी पक्की हो सके।



आयुष और स्वास्थ्य विभाग के अफसरों पर एक्शन

नगरीय प्रशासन से जुड़े मामले में चार अधिकारियों के खिलाफ जमानती वारंट जारी हुए हैं। इनमें प्रिंसिपल सेक्रेटरी अर्बन एडमिनिस्ट्रेशन एंड डेवलपमेंट डिपार्टमेंट भोपाल, कमिश्नर डायरेक्टरेट ऑफ अर्बन एडमिनिस्ट्रेशन एंड डेवलपमेंट डिपार्टमेंट भोपाल शामिल हैं। इसके अलावा कलेक्टर नर्मदापुरम और कलेक्टर रतलाम पर भी कार्रवाई हुई है। सभी के खिलाफ 2-2 हजार रुपए के वारंट जारी किए गए हैं। अगली सुनवाई 14 दिसंबर 2026 को होगी।



वहीं, सेल्स टैक्स और रजिस्ट्रेशन से जुड़े मामले में तीन अधिकारियों के खिलाफ वारंट जारी हुआ है। इनमें प्रिंसिपल सेक्रेटरी सेल्स टैक्स डिपार्टमेंट भोपाल, इंस्पेक्टर जनरल ऑफ रजिस्ट्रेशन एंड सुपरिंटेंडेंट ऑफ स्टांप भोपाल और कलेक्टर खंडवा शामिल हैं। इन सभी के खिलाफ 2 हजार रुपए का जमानती वारंट जारी किया गया है।



इस मामले में कोर्ट ने कहा कि रिट याचिका का आदेश जुलाई 2025 में और नोटिस मई 2026 में जारी हो चुका था, इसलिए एक प्रतिवादी को अनुपालन रिपोर्ट के लिए आखिरी मौका देते हुए चार सप्ताह का समय दिया गया है और अगली तारीख 5 जनवरी 2027 तय की गई है।



आयुष और ट्रेजरी विभाग के मामलों में भी सख्त कार्रवाई

आयुष विभाग से जुड़े मामले में नोटिस मिलने के बाद भी कोई अधिकारी कोर्ट में पेश नहीं हुआ। इस पर कोर्ट ने प्रिंसिपल सेक्रेटरी आयुष डिपार्टमेंट भोपाल और कमिश्नर आयुष डिपार्टमेंट भोपाल के खिलाफ 2-2 हजार रुपए के जमानती वारंट जारी किए हैं। मामले की अगली सुनवाई 15 दिसंबर 2026 को होगी।



वहीं, ट्रेजरी विभाग से जुड़े मामले में कमिश्नर ट्रेजरी भोपाल के खिलाफ 2 हजार रुपए का वारंट जारी हुआ है। दूसरे प्रतिवादी के वकील ने कोर्ट से कुछ समय मांगा था। इस पर कोर्ट ने अनुपालन रिपोर्ट पेश करने के लिए चार सप्ताह की मोहलत दी है। अब मामले की अगली सुनवाई 4 जनवरी 2027 को होगी।



बुरहानपुर स्वास्थ्य विभाग और भोपाल कलेक्टर मामले का हाल

जबलपुर वन वृत्त से जुड़े मामले में चीफ कंजरवेटर ऑफ फॉरेस्ट मस्तराम बघेल के खिलाफ 2 हजार रुपए का जमानती वारंट जारी हुआ है। कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई 6 जनवरी 2027 को तय की है।



वहीं, पब्लिक हेल्थ से जुड़े मामले में भी कोर्ट ने सख्ती दिखाई है। प्रिंसिपल सेक्रेटरी पब्लिक हेल्थ एंड मेडिकल एजुकेशन और सीएमएचओ (CMHO) बुरहानपुर के खिलाफ 2 हजार रुपए का जमानती वारंट जारी किया गया है। इस मामले की अगली सुनवाई भी 6 जनवरी 2027 को होगी।



सबसे पुराना मामला CONC 5946/2023 का है। इसमें याचिकाकर्ता के वकील ने कोर्ट को बताया कि सितंबर 2026 में तत्कालीन कलेक्टर के खिलाफ भी वारंट जारी हुआ था। इसके बावजूद कलेक्टर की ओर से कोई कोर्ट में पेश नहीं हुआ। इस पर कोर्ट ने भोपाल कलेक्टर के मौजूदा पदाधिकारी के खिलाफ 5 हजार रुपए का जमानती वारंट जारी कर दिया। मामले की अगली सुनवाई 16 दिसंबर 2026 को होगी।



कोर्ट के आदेशों को हल्के में लेने पर आगे और कड़े कदम संभव

लगातार नोटिस और पूर्व आदेशों के बावजूद अधिकारियों की गैरमौजूदगी और जवाब न आना सिस्टम की सुस्ती को उजागर करता है। हाईकोर्ट के इन आदेशों से साफ संदेश गया है कि यदि तय समय में आदेशों का पालन नहीं हुआ या जवाब नहीं आया, तो आने वाली सुनवाइयों में अफसरों के खिलाफ और भी सख्त फैसला लिया जा सकता है।



Tags:
  • मध्य प्रदेश हाईकोर्ट
  • जस्टिस दीपक खोत
  • भोपाल कलेक्टर
  • सेक्रेटरी आयुष डिपार्टमेंट भोपाल
  • कमिश्नर आयुष डिपार्टमेंट भोपाल
  • कलेक्टर रतलाम
  • कलेक्टर नर्मदापुरम