इधर बहाल होंगी याचिकाएं, उधर संवरेगा बच्चों का भविष्य... MP हाईकोर्ट ने शुरू की अनूठी पहल

Neel Tiwari | Published:
मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की जबलपुर पीठ ने याचिका बहाली पर लगने वाली कॉस्ट को बाल गृहों के बच्चों के कल्याण से जोड़ने की अनूठी व्यवस्था की है।
The MP High Court's Jabalpur Bench has directed petition restoration costs to be used for the welfare of children in government-run care homes.
खारिज याचिकाओं को दोबारा बहाल कराने के लिए अदालत में जमा होने वाली कॉस्ट अब बाल गृहों के बच्चों के बेहतर भविष्य का जरिया बनेगी। मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की जबलपुर मुख्य पीठ में जस्टिस हिमांशु जोशी ने न्यायिक प्रक्रिया को सामाजिक सरोकार से जोड़ने की अनूठी पहल की है।

वे लगातार ऐसे आदेश जारी कर रहे हैं, जिनमें याचिका बहाली (रिस्टोरेशन) की कॉस्ट बाल गृहों में रहने वाले बच्चों के कल्याण पर खर्च करने के निर्देश दिए जा रहे हैं। अलग-अलग मामलों में जमा होने वाली यह छोटी-छोटी रकम भविष्य में बच्चों के कल्याण के लिए एक बड़ा फंड तैयार कर सकती है।



एक-दो नहीं, लगातार जारी हो रहे हैं ऐसे आदेश

इस पहल की खास बात यह है कि यह केवल किसी एक दिन या चार मामलों तक सीमित नहीं है। कोर्ट द्वारा लगातार याचिकाओं की बहाली के मामलों में कॉस्ट की राशि बाल गृहों के बच्चों के कल्याण के लिए देने के निर्देश दिए जा रहे हैं। अलग-अलग मामलों में जमा होने वाली ये छोटी-छोटी रकम मिलकर समय के साथ एक बड़ा फंड तैयार कर सकती हैं। इस तरह न्यायिक प्रक्रिया से जुड़ी राशि सीधे जरूरतमंद बच्चों के हित में काम आएगी।



हाईकोर्ट की कॉस्ट से संवरेगा बच्चों का भविष्य!

पहले बार एसोसिएशन या रजिस्ट्री में जमा होती थी कॉस्ट

आमतौर पर याचिकाओं को बहाल करने के लिए लगाई जाने वाली कॉस्ट मध्य प्रदेश हाईकोर्ट बार एसोसिएशन या हाईकोर्ट रजिस्ट्री के खाते में जमा होती रही है। लेकिन अब जस्टिस हिमांशु जोशी के आदेशों में इस राशि के इस्तेमाल का उद्देश्य बदलता दिखाई दे रहा है। इसका लाभ राज्य सरकार द्वारा संचालित बाल गृहों और बाल देखरेख संस्थाओं में रहने वाले बच्चों को मिलेगा।



कलेक्टर के जरिए बच्चों तक पहुंचेगी राशि

अदालत ने व्यवस्था दी है कि याचिकाकर्ता निर्धारित कॉस्ट 15 दिनों के भीतर हाईकोर्ट रजिस्ट्री में जमा करेंगे। इसके बाद रजिस्ट्री यह राशि जबलपुर कलेक्टर के पास उपयुक्त फंड में भेजेगी। कलेक्टर को यह सुनिश्चित करना होगा कि राशि का इस्तेमाल जबलपुर स्थित राज्य सरकार द्वारा स्थापित और संचालित बाल देखरेख संस्थाओं में रहने वाले बच्चों के कल्याण और जरूरतों पर ही हो।



हर साल हाईकोर्ट में देनी होगी खर्च की रिपोर्ट

इस पहल में पारदर्शिता और जवाबदेही का भी ध्यान रखा गया है। जबलपुर कलेक्टर को हर कैलेंडर वर्ष में एक बार समेकित रिपोर्ट तैयार करनी होगी। इसमें यह जानकारी देनी होगी कि बाल गृहों के बच्चों के लिए कितनी राशि मिली और उसका किस तरह उपयोग किया गया। यह रिपोर्ट हाईकोर्ट की किशोर न्याय समिति (Juvenile Justice Committee) के सचिवालय और संबंधित न्यायालय को प्रस्तुत करनी होगी।



26 नवंबर को चार मामलों में 12 हजार रुपए की कॉस्ट

26 नवंबर 2026 को जस्टिस हिमांशु जोशी ने चार अलग-अलग मिसलेनियस सिविल केस (MCC) में मूल रिट याचिकाओं को बहाल करने की अनुमति दी। इन चार मामलों में कुल 12 हजार रुपए की कॉस्ट निर्धारित की गई। यह राशि भी बाल गृहों के बच्चों के कल्याण के लिए खर्च की जाएगी।



पहले मामले में 2,500 रुपए की कॉस्ट

MCC-4272-2026 में माँ शारदा आदिवासी मत्स्य उद्योग समूह, घोघमा भैंसदेही, बैतूल की ओर से आवेदन पेश किया गया था। समूह की W.P. No. 13208/2023 को 29 अक्टूबर 2026 को अभियोजन के अभाव में खारिज कर दिया गया था। अधिवक्ता प्रमोद कुमार ठाकरे ने याचिका बहाल करने के लिए आवेदन दिया। कोर्ट ने कारणों को स्वीकार करते हुए 2,500 रुपए कॉस्ट जमा करने की शर्त पर मूल याचिका बहाल कर दी। शासन की ओर से शासकीय अधिवक्ता ऋत्विक पाराशर उपस्थित हुए।



दूसरे मामले में भी 2,500 रुपए जमा करने का आदेश

MCC-4274-2026 में जय भोले आदिवासी मछुआ समूह ने अपनी W.P. No. 14804/2023 को दोबारा बहाल करने की मांग की थी। यह याचिका भी 29 अक्टूबर 2026 को अभियोजन के अभाव में खारिज हुई थी। अधिवक्ता प्रमोद कुमार ठाकरे के माध्यम से प्रस्तुत आवेदन स्वीकार करते हुए कोर्ट ने 2,500 रुपए कॉस्ट जमा करने की शर्त पर याचिका बहाल करने का आदेश दिया।



2012 से लंबित मामले में 5,000 रुपए की कॉस्ट

MCC-4375-2026 में भगवानदास पटेल और अन्य ने W.P. No. 22063/2012 को बहाल करने की मांग की थी। यह याचिका 13 अक्टूबर 2026 को अभियोजन के अभाव में खारिज हुई थी। अधिवक्ता रोहित रघुवंशी ने आवेदकों की ओर से पक्ष रखा। कोर्ट ने आवेदन स्वीकार करते हुए 5,000 रुपए कॉस्ट जमा करने की शर्त पर मूल याचिका बहाल करने का आदेश दिया। शासन की ओर से शासकीय अधिवक्ता ऋत्विक पाराशर उपस्थित हुए।



बिजली कंपनी से जुड़े मामले में 2,000 रुपए की कॉस्ट

MCC-4422-2026 मेसर्स आदित्य एंटरप्राइजेज, महाराजपुर, जबलपुर से जुड़ा है। कंपनी ने मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के खिलाफ याचिका दायर की थी। W.P. No. 12644/2015 को 3 जुलाई 2026 को अभियोजन के अभाव में खारिज कर दिया गया था। अधिवक्ता अंकित सक्सेना ने याचिका बहाल करने का आवेदन पेश किया। कोर्ट ने देरी माफ करते हुए 2,000 रुपए कॉस्ट जमा करने की शर्त पर याचिका बहाल करने की अनुमति दी।



लगातार जमा होने वाली राशि से तैयार हो सकता है बड़ा फंड

26 नवंबर के इन चार मामलों में ही 12 हजार रुपए की कॉस्ट निर्धारित की गई है। लेकिन ऐसे आदेश लगातार जारी होने के कारण यह राशि समय के साथ काफी बढ़ सकती है। हर नए मामले में जमा होने वाली कॉस्ट बाल गृहों के बच्चों के कल्याण फंड में योगदान देगी। इस तरह अदालत की एक नियमित न्यायिक प्रक्रिया सामाजिक सरोकार से जुड़ रही है।



न्यायिक अनुशासन के साथ बच्चों के हितों की चिंता

इस पहल का महत्व केवल कॉस्ट की राशि तक सीमित नहीं है। एक तरफ याचिकाओं को बहाल करने के लिए निर्धारित राशि से न्यायिक प्रक्रिया में अनुशासन बनाए रखने का प्रयास है। दूसरी तरफ उसी राशि को जरूरतमंद बच्चों के कल्याण से जोड़ दिया गया है। लगातार जारी हो रहे आदेशों, कलेक्टर की जिम्मेदारी और सालाना रिपोर्टिंग की व्यवस्था से यह पहल न्यायिक संवेदनशीलता की एक अच्छी मिसाल बन रही है।

Tags:
  • Legal Costs for Orphanages
  • Madhya Pradesh High Court Initiative
  • मध्य प्रदेश हाईकोर्ट
  • याचिका रिस्टोर कॉस्ट
  • जस्टिस हिमांशु जोशी
  • MP High Court
  • किशोर न्याय समिति
  • Jabalpur High Court
  • बाल गृह बच्चों का कल्याण