MP हाईकोर्ट में जजों की नियुक्ति में आरक्षण की मांग खारिज, कॉलेजियम के अधिकारों पर कोर्ट ने कही बड़ी बात

Neel Tiwari | Published:
मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने जजों की नियुक्ति में आरक्षण और आनुपातिक प्रतिनिधित्व की मांग वाली याचिका खारिज कर दी।
Madhya Pradesh High Court dismisses petition seeking reservation and proportional representation in judicial appointments.
जबलपुर। मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने जजों की नियुक्ति में अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के लिए आरक्षण और आनुपातिक प्रतिनिधित्व की मांग वाली याचिका खारिज कर दी है। अदालत ने स्पष्ट किया कि जजों की नियुक्ति में जाति या वर्ग के आधार पर आरक्षण का संवैधानिक प्रावधान नहीं है। साथ ही कॉलेजियम की नियुक्ति प्रक्रिया में न्यायिक हस्तक्षेप का दायरा भी सीमित है।

सात अधिवक्ताओं की नियुक्ति की सिफारिश को दी थी चुनौती

दरअसल, ओबीसी एडवोकेट्स वेलफेयर एसोसिएशन ने सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की 26 अक्टूबर 2026 की अनुशंसा को चुनौती देते हुए रिट याचिका क्रमांक 45950/2026 दायर की थी। इस अनुशंसा में मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में सात अधिवक्ताओं को जज नियुक्त करने की सिफारिश की गई थी।



मामले की सुनवाई चीफ जस्टिस अल्पेश यशवंत कोग्जे और जस्टिस विवेक जैन की डिवीजन बेंच ने की। एसोसिएशन की ओर से अधिवक्ता उदय कुमार साहू ने पक्ष रखा।



सात नामों में SC-ST वर्ग से एक भी अधिवक्ता नहीं होने पर उठाए सवाल

याचिकाकर्ता का तर्क था कि जजों की नियुक्ति के लिए अनुशंसित सात अधिवक्ताओं में से एक भी अनुसूचित जाति या अनुसूचित जनजाति वर्ग से नहीं है, जबकि केवल एक अधिवक्ता अन्य पिछड़ा वर्ग से संबंधित है।



एसोसिएशन ने चयन प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। उसका कहना था कि 13 मई 2026 को हाईकोर्ट कॉलेजियम द्वारा अपनाई गई प्रक्रिया में अधिवक्ता संघों को सार्वजनिक सूचना नहीं दी गई। चयन के लिए स्पष्ट और पारदर्शी मानदंड भी निर्धारित नहीं किए गए। याचिका में दावा किया गया कि इसके चलते SC, ST, OBC और महिला अधिवक्ताओं को पर्याप्त अवसर नहीं मिल पाए।



सरकारी विधि अधिकारियों की नियुक्ति का भी उठाया मुद्दा

एसोसिएशन ने मध्य प्रदेश के पुनर्गठन के बाद से आरक्षित वर्गों के अधिवक्ताओं को सरकारी विधि अधिकारियों के पदों पर पर्याप्त अवसर नहीं मिलने का मुद्दा भी उठाया। इनमें अतिरिक्त महाधिवक्ता, उप महाधिवक्ता और शासकीय अधिवक्ताओं के पद शामिल हैं।



याचिकाकर्ता का कहना था कि इन पदों पर पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं मिलने का असर हाईकोर्ट में जजों की नियुक्ति के लिए उपलब्ध योग्य अधिवक्ताओं पर भी पड़ता है। हालांकि, हाईकोर्ट ने इस मुद्दे को जजों की नियुक्ति की संवैधानिक प्रक्रिया से अलग माना।



कॉलेजियम के फैसले में अदालत कितना दखल दे सकती है?

डिवीजन बेंच ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले अन्ना मैथ्यूज एवं अन्य बनाम सुप्रीम कोर्ट ऑफ इंडिया एवं अन्य (2023) 5 SCC 661 का हवाला दिया।



कोर्ट ने कहा कि अदालत कॉलेजियम की अनुशंसा को अपनी पसंद या राय के आधार पर निरस्त नहीं कर सकती। इसी तरह कॉलेजियम को किसी नाम पर दोबारा विचार करने का निर्देश देना भी सामान्य न्यायिक समीक्षा के दायरे में नहीं आता। ऐसा करना कॉलेजियम के फैसले की जगह अदालत की अपनी राय रखने जैसा होगा।



किन आधारों पर हो सकती है नियुक्ति प्रक्रिया की जांच?

हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि संविधान के अनुच्छेद 217 के तहत जजों की नियुक्ति से जुड़े कुछ सीमित पहलुओं की न्यायिक समीक्षा की जा सकती है।



इनमें अनुच्छेद 217(2) के तहत निर्धारित पात्रता और अनुच्छेद 217(1) के तहत प्रभावी परामर्श की प्रक्रिया शामिल है। यानी अदालत यह जांच सकती है कि नियुक्ति के लिए जरूरी संवैधानिक शर्तों का पालन हुआ है या नहीं।



आबादी के अनुपात में प्रतिनिधित्व की मांग पर क्या बोला कोर्ट?

हाईकोर्ट ने अपने पूर्व के फैसले मारुति सोंधिया बनाम भारत संघ एवं अन्य (WP 28550/2023), दिनांक 28 मई 2024 का भी उल्लेख किया।



डिवीजन बेंच ने कहा कि सभी वर्गों को उनकी आबादी के अनुपात में प्रतिनिधित्व देने की मांग के आधार पर जजों की नियुक्ति प्रक्रिया में आरक्षण लागू नहीं किया जा सकता। पूर्व के फैसले में भी इस संबंध में संवैधानिक प्रावधान नहीं होने की बात स्पष्ट की जा चुकी है।



जजों की नियुक्ति के लिए विज्ञापन जारी करना जरूरी नहीं

एसोसिएशन ने चयन प्रक्रिया में सार्वजनिक सूचना और पारदर्शिता की कमी का मुद्दा भी उठाया था। इस पर हाईकोर्ट ने कहा कि जज का पद कोई सामान्य सरकारी नौकरी या सिविल पद नहीं, बल्कि एक उच्च संवैधानिक पद है। इस पद पर नियुक्ति संविधान के अनुच्छेद 217 और सुप्रीम कोर्ट द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के तहत होती है।



ऐसे में नियुक्ति के लिए सार्वजनिक विज्ञापन जारी नहीं करना या सामान्य सरकारी नौकरी की तरह आवेदन आमंत्रित नहीं करना अपने आप में संविधान के अनुच्छेद 14 और 16 का उल्लंघन नहीं है।



राष्ट्रपति सचिवालय को भेजी गई शिकायतों पर भी कोर्ट की टिप्पणी

याचिकाकर्ता ने आरक्षित वर्गों के प्रतिनिधित्व को लेकर अलग-अलग समय पर दिए गए अभ्यावेदनों का भी हवाला दिया था।



कोर्ट ने कहा कि राष्ट्रपति सचिवालय द्वारा किसी शिकायत को उचित विचार के लिए राज्य सरकार के पास भेजे जाने को नियुक्ति प्राधिकारी के लिए बाध्यकारी संवैधानिक निर्देश नहीं माना जा सकता। कॉलेजियम द्वारा ऐसे अभ्यावेदनों पर अलग से कारण बताते हुए आदेश जारी नहीं करना भी उसकी अनुशंसा को अवैध नहीं बनाता।



अदालत ने माना कि पूर्व में भी इसी तरह के आधारों पर याचिका खारिज की जा चुकी है। मौजूदा मामले में ऐसा कोई नया आधार सामने नहीं आया, जिसके चलते अलग फैसला देने की जरूरत हो।



अब सुप्रीम कोर्ट जाएगी एसोसिएशन

हाईकोर्ट से याचिका खारिज होने के बाद ओबीसी एडवोकेट्स वेलफेयर एसोसिएशन ने इस आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देने की बात कही है। ऐसे में हाईकोर्ट के जजों की नियुक्ति में आरक्षित वर्गों के प्रतिनिधित्व का मुद्दा अब सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच सकता है।

Tags:
  • एमपी हाईकोर्ट जज नियुक्ति आरक्षण
  • कॉलेजियम के अधिकार
  • MP High Court
  • सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम
  • मध्य प्रदेश हाई कोर्ट
  • हाई कोर्ट
  • आरक्षण
  • सुप्रीम कोर्ट