विभागों की खींचतान में फंसा कैदियों का इलाज, जिंदगी से खिलवाड़ पर हाईकोर्ट सख्त, CM-CS तक पहुंचा मामला
साथ ही कोर्ट ने कहा कि कैदियों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना राज्य सरकार का सबसे बड़ा दायित्व है। न्यायमूर्ति जीएस अहलूवालिया और न्यायमूर्ति अनुराधा शुक्ला की युगलपीठ ने कहा कि बीमार कैदियों के प्रति पुलिस और जेल विभाग का यह रवैया बेहद खतरनाक है।
34 बार मांग भेजने पर भी नहीं मिला पुलिस एस्कॉर्ट
दरअसल यह पूरा मामला क्रिमिनल अपील की सुनवाई के दौरान सामने आया है। कोर्ट ने रिकॉर्ड देखने के बाद पाया कि केंद्रीय जेल ग्वालियर (Central Jail Gwalior) की तरफ से पुलिस एस्कॉर्ट उपलब्ध कराने के लिए एक या दो बार नहीं बल्कि पूरे 34 बार मांग भेजी गई थी। इसके बावजूद रिजर्व इंस्पेक्टर की ओर से किसी भी मांग का जवाब नहीं दिया गया था। पुलिस विभाग कोर्ट में यह भी साफ नहीं कर पाया कि 13 मार्च 2026 के बाद गंभीर मरीजों को एम्स दिल्ली भेजने के लिए पुलिस सुरक्षा क्यों नहीं दी गई थी।
संविधान के तहत कैदियों को जीवन का अधिकार
सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को उसके संवैधानिक कर्तव्यों की याद दिलाई। कोर्ट ने कहा कि पुलिस विभाग का काम कानून व्यवस्था बनाए रखना है। कैदियों को जरूरी इलाज मुहैया कराना भी सरकार की अनिवार्य जिम्मेदारी है। कोर्ट ने महत्वपूर्ण टिप्पणी करते हुए कहा कि कैदी राज्य के नियंत्रण में होते हैं। उनका स्वास्थ्य तथा जीवन का अधिकार संविधान के तहत सुरक्षित मौलिक अधिकार है।
इसके साथ ही कोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट के कई पुराने फैसलों का हवाला देते हुए कहा कि जीवन के अधिकार में गरिमा के साथ जीने का अधिकार भी शामिल होता है।
रिजर्व इंस्पेक्टर पर अवमानना की कार्रवाई
इस मामले में तथ्यों को छिपाने पर हाईकोर्ट ने रिजर्व इंस्पेक्टर रंजीत सिंह सिकरवार के खिलाफ कड़ा एक्शन लिया है। कोर्ट ने पाया कि सिकरवार ने अपने शपथपत्र में कई जरूरी बातों को छिपाया है। अब हाईकोर्ट ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
साथ ही उनसे पूछा है कि 34 बार भेजे गए पुलिस एस्कॉर्ट के अनुरोधों की जानकारी क्यों छिपाई गई। कैदी नरहरि को एम्स दिल्ली नहीं भेजने पर जवाब क्यों नहीं दिया गया था। कोर्ट ने उन्हें अपना जवाब पेश करने के लिए तीन कार्यदिवस का समय दिया है। इसके अलावा उनके खिलाफ अलग से अवमानना प्रकरण दर्ज करने के निर्देश भी दिए गए हैं। इस मामले की अगली सुनवाई 30 नवंबर 2026 को तय की गई है।
मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव को भेजी आदेश की कॉपी
पुलिस और जेल विभाग के बीच चल रहे इस आपसी विवाद को हाईकोर्ट ने गंभीर माना है। दोनों विभागों के बीच का यह टकराव खत्म हो और बीमार कैदियों को समय पर सही इलाज मिल सके, इसके लिए कोर्ट ने अपने आदेश की प्रति राज्य के मुख्यमंत्री मोहन यादव और मुख्य सचिव को भेजने का निर्देश दिया है। कोर्ट ने अंत में यह भी साफ कर दिया है कि राज्य सरकार इस मामले में अपनी जिम्मेदारी से बिल्कुल भी बच नहीं सकती है।