एमपी हनी ट्रैप पार्ट 2 की मुख्य किरदार रेशू गिरफ्तार, नेताओं के साथ अधिकारियों के भी वीडियो
एमपी की राजनीति और सत्ता के गलियारों को फिर से हिलाने वाला हनी ट्रैप पार्ट टू सामने आ चुका है। पहला हनी ट्रैप पार्ट वन सितंबर 2019 में सामने आया था। अब यह पार्ट टू मई 2026 में आया है।
दोनों में दो बातें कॉमन हैं। पहले रसूखदार लोगों के वीडियो बनाना और दूसरा श्वेता विजय जैन। हनी ट्रैप पार्ट वन की मुख्य किरदार श्वेता जैन से ही हनी ट्रैप की चालें सीखने वाली उसकी चेली रेशू चौधरी इसकी मुख्य किरदार है। यह पुलिस की गिरफ्त में आ चुकी है।
चिंटू ठाकुर की ब्लैकमेलिंग से सामने आया राज
यह मामला 28 अप्रैल को शराब कारोबारी और गोलीकांड के आरोपी हितेंद्र सिंह चौहान उर्फ चिंटू ठाकुर के साथ हुई घटना से खुला है। क्राइम ब्रांच द्वारा 18 मई को एफआईआर दर्ज की गई थी। एफआईआर के अनुसार अलका दीक्षित, जयदीप दीक्षित, लाखन चौधरी ने चिंटू को बिजनेस पार्टनशिप के लिए धमकाया था और तो एक करोड़ रुपए की मांग की थी।
साथ ही ऐसा नहीं करने पर वीडियो, फोटो लीक करने और गोली मारने तक की धमकी भी दी। इसमें इंटेलिजेंस के ही हेड कांस्टेबल विनोद शर्मा का भी अलका से लिंक निकला है।
वहीं अलका को पकड़ा गया तो वह श्वेता जैन और रेशू से भी जुड़ी मिली है। इस तरह एक मामले से पूरी हनी ट्रैप की लिंक खुलती गई।
फर्राटेदार अंग्रेजी, तलाकशुदा, बीजेपी से जुड़ी
डीसीपी क्राइम राजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि 32 साल की रेशू फर्राटेदार अंग्रेजी बोलती है। यह हाईप्रोफाइल है। इसकी पढ़ाई विदेश में हुई है।
बताया जाता है कि कुछ साल पहले उसका तलाक हो चुका है। सूत्रों के अनुसार रेशू पहले सागर में बीजेपी में किसी मोर्चे में रही है। अपनी महत्वकांक्षाओं को पूरा करने के लिए उसने यह रास्ता चुना।
रेशू, श्वेता और अलका से कैसे जुड़ी
रेशू चौधरी सागर की रहने वाली है और पहले से ही श्वेता जैन को जानती थी। जब हनी ट्रैप पार्ट वन वाले मामले में श्वैता पकड़ी गई और बाद में रिहा हुई, तो रेशू उसके साथ जुड़ गई।
श्वैता ने रेशू को अपने तरीके और अंग्रेजी बोलने के स्टाइल के गुर सिखाए, ताकि वह नेताओं और अफसरों के पास आसानी से जा सके। इस दौरान दोनों की मुलाकातों के वीडियो भी बनते रहे।
वहीं लेडी शराब तस्कर अलका दीक्षित और श्वेता जैन जेल में रहते हुए दोस्त बन गए। जब श्वैता कोर्ट में पेशी के लिए आती, तो रेशू भी उसके साथ जाती और यहीं अलका से उनकी मुलाकात हो जाती। इसी तरह ये तीनों एक नेटवर्क में जुड़ गईं।
भोपाल में रणनीति, इंदौर होटल में वीडियो
भोपाल में रेशू और श्वेता दोनों लगातार मिलती थी। इसी दौरान रेशू बताती थी कि वह किन बड़े लोगों के साथ संपर्क में हैं। वहीं श्वैता उसे बताती थी कि कैसे वीडियो बनाने हैं।
इसके लिए कई महंगे गैजेट्स और गोपनीय कैमरे भी लिए गए थे। इस तरह रेशू ने वीडियो बनाने शुरू कर दिए। वहीं यह भी सामने आया है कि रेशू ने कुछ वीडियो इंदौर की होटल में भी बनाए हैं।
उल्लेखनीय है कि हनी ट्रैप वन के भी कई वीडियो इंदौर के विजयनगर चौराहे पर स्थित दो होटलों में बने थे।
छत्तीसगढ़ के डीआईजी स्तर के अधिकारी भी
सूत्रों के अनुसार रेशू ने नेताओं के साथ ही आईएएस, आईपीएस को भी निशाने पर लिया था। इंदौर के एक होटल में छत्तीसगढ़ के डीआईजी स्तर के एक अधिकारी का भी वीडियो बनाए जाने की बात सामने आ रही हैं। हालांकि अभी इसकी पुष्टि किसी ने नहीं की है।
एमपी, दिल्ली, गुजरात के भी नेता
सूत्रों के अनुसार रेशू ने एमपी में निमाड़ के नेताओं के भी वीडियो बनाए हैं। इसके साथ ही गुजरात और दिल्ली के नेताओं तक भी पैठ की है। कुछ मामलों में वीडियो के सौदे को लेकर कुछ राजनीतिक दल के नेताओं के साथ सौदेबाजी की भी खबरें हैं। इनकी पुष्टि अभी तक किसी ने नहीं की है।
पुलिस सभी डिजिटल साक्ष्य खंगाल रही है कि किन-किन के वीडियो बने हैं। कितनों को ब्लैकमेल किया गया और यह वीडियो कहां-कहां शेयर किए गए और सुरक्षित रखे गए हैं।
पुलिस इन सभी को रिकवर करने में जुटी है। फॉरेंसिक टीम सभी डेटा जुटाने में लगी है।
श्वैता पूछताछ में बोली मैंने समझाया था ये बड़े लोग हैं
उधर एक बार पहले हनी ट्रैप वन में गिरफ्तार हो चुकी श्वेता जैन बचने की कोशिश में जुट गई है। वह इस पूरे मामले में खुद को अलग बता रही है।
वह पुलिस पूछताछ में सरकारी गवाह बनने की बात भी कह रही है। यह भी सामने आया कि उसने कहा कि मेरा इस मामले से लेना-देना नहीं है।
मैंने रेशू को समझाया था कि यह बड़े लोग हैं, इस तरह वीडियो बनाकर ब्लैकमेल मत करो उलझ जाओगी। इसके बाद भी वह नहीं मानी और अलका के साथ मिलकर आगे काम करने लगी।
पुलिस रिमांड में लिया जाएगा रेशू को
पुलिस पहले ही अलका, श्वेता व अन्य आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड में ले चुकी है। माना जा रहा है कि गुरुवार, 21 मई को रेशू को भी कोर्ट में पेश कर रिमांड लिया जाएगा।
इसके बाद सभी को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की जाएगी। अब सभी की नजरें इस रैकेट में फंसे बड़े नामों पर है, कि आखिर किनके वीडियो बने हैं और किन-किन को ब्लैकमेल किया गया है।
ये खबरें भी पढ़िए...
एमपी हनी ट्रैप पार्ट 2 की मुख्य किरदार बीजेपी से जुड़ी रेशू चौधरी गिरफ्तार
एमपी हनी ट्रेप पार्ट 2 : इस बार श्वेता विजय जैन नहीं, उसकी चेली रेशू उर्फ अभिलाषा के पास हैं वीडियो
इंदौर में शराब कारोबारी का हनी ट्रैप: कांस्टेबल और भोपाल की श्वेता जैन सब शामिल
श्वेतांबरी और विक्रम भट्ट के बैंक खाते फिर होंगे चालू, कोर्ट ने धोखाधड़ी के मामले में ये दिए आदेश