MP हनी ट्रैप पार्ट 2: श्वेता मास्टरमाइंड, रेशू उसकी साथी, कई रसूखदारों के बनाए वीडियो

Sanjay Gupta | Aug 31, 2026, 13:20 IST
हनी ट्रैप पार्ट 2
मध्यप्रदेश में 18 मई को इंदौर में सामने आए हनी ट्रैप पार्ट टू का चालान पुलिस ने पेश कर दिया है। इस 600 पन्नों के चालान की कॉपी द सूत्र के पास एक्सक्लूसिव मौजूद है। मुख्य किरदार श्वेता जैन और रेशू चौधरी के राज द सूत्र खोल रहा है।

मध्यप्रदेश की राजनीति को हिला देने वाला हनी ट्रैप पार्ट वन इंदौर में ही साल 2019 में उजागर हुआ था। तब पलासिया थाने में तत्कालीन निगम सिटी इंजीनियर हरभजन सिंह ने केस दर्ज कराया था। इसके बाद 18 मई 2026 को मप्र के इंदौर में ही हनी ट्रैप पार्ट टू सामने आया, इसमें इंदौर क्राइम ब्रांच में एफआईआर हुई।



दोनों में ही एक ही कॉमन किरदार थी श्वेता विजय जैन। साथ ही एक मिस्ट्री गर्ल और सामने आई सागर की रेशू चौधरी। पुलिस ने इस घटना का चालान पेश कर दिया है। यह 600 पन्नों का चालान द सूत्र के पास मौजूद है। इस चालान में जो कहानी, राज हैं उन पर से द सूत्र पर्दा उठा रहा है।



कहां से खुला एमपी हनी ट्रैप पार्ट 2

शराब और प्रॉपर्टी कारोबारी हितेंद्र उर्फ चिंटू ठाकुर ने क्राइम ब्रांच में 18 मई को दोपहर दो बजकर 55 मिनट पर एफआईआर दर्ज कराई। इसमें बताया कि 28 अप्रैल की रात 11.15 बजे अलका दीक्षित, उनके बेटे जयदीप दीक्षित, लाखन चौधरी व अन्य ने सुपर कॉरिडोर पर रोका।



धमकाया कि प्रॉपर्टी कारोबार में हिस्सेदारी कर लो, नहीं तो एक करोड़ रुपए देना होंगे। ऐसा नहीं किया तो तुम्हें और परिवार को जान से मार देंगे, तुम्हारे सब फोटो/वीडियो हमारे पास हैं। एफआईआर होते ही पुलिस ने 18 मई की देर शाम को ही अलका, जयदीप, लखन को गिरफ्तार कर लिया।



इसी मामले में आरोपियों से पूछताछ के बाद उज्जैन के पत्रकार व लखन के साथी जितेंद्र पुरोहित को 19 मई को और पुलिस आरक्षक विनोद शर्मा को 21 मई की दोपहर पुलिस लाइन से गिरफ्तार किया गया। विनोद शर्मा को अलका दीक्षित ने मुंहबोला जीजा बताया है।



2044b529-2eb


चिंटू ने बाद में लिया श्वेता जैन का नाम

इस शिकायत पर जब एफआईआर हुई तब हनी ट्रैप पार्ट वन की मुख्य किरदार श्वेता विजय जैन, भोपाल का नाम नहीं था। वहीं, एफआईआर होने के बाद जब पुलिस ने औपचारिक तौर पर चिंटू ठाकुर के बयान लिए तब कहा कि घटना के दिन (28 अप्रैल) को इन लोगों ने मुझे धमकाते समय श्वेता विजय जैन का नाम लिया था, मेरे द्वारा दिए आवेदन में श्वेता जैन का नाम लिखना भूल गया था। वह भी इस षड्यंत्र में शामिल थी।



श्वेता के बाद रेशू आई पिक्चर में

चिंटू ठाकुर के कथन में श्वेता का नाम आने के बाद पुलिस ने 19 मई की रात करीब आठ बजे न्यू मीनाल रेसीडेंसी भोपाल से उसकी भी गिरफ्तारी कर ली और इंदौर ले आई। श्वेता से पूछताछ के बाद इस गिरोह में सागर की रेशू चौधरी (उम्र 36 साल) का नाम आया।



पुलिस ने चालान में बताया कि रेशू को 21 मई की दोपहर 1 बजकर 50 मिनट पर शिप्रा पुल के पास बायपास इंदौर से गिरफ्तार किया गया। सागर की रहने वाली रेशू, इंदौर में शिप्रा पुल पर कैसे मिली और गिरफ्तार हुई इसका जिक्र चालान में नहीं है।



श्वेता जैन मास्टरमाइंड और सरगना, रेशू साथी

सभी आरोपियों ने पुलिस को दिए बयान में चिंटू ठाकुर को ब्लैकमेल करने की बात मानी है। इन सभी के बयान में आया है कि इस गैंग की सरगना, मास्टरमाइंड श्वेता जैन है। फोटो/वीडियो बनाने में माहिर होने के चलते श्वेता ने ही सागर की रेशू को साथ लिया था। वह उसकी गैंग की पुरानी साथी है। वहीं अलका, इंदौर जेल में श्वेता की दोस्त बनी थी। बाद में अलका ने साथ में लखन, जयदीप, विनोद शर्मा को इस कांड में साथ लिया।



9973a0cd-ad0


श्वेता ने नए सदस्य लेकर हनी ट्रैप-2 किया

पुलिस ने अपनी जांच में यह भी लिखा है कि श्वेता जैन द्वारा बीते दस सालों से अन्य सह आरोपियों के साथ मिलकर संगठित रूप से डरा-धमकाकर अवैध वसूली का काम लगातार किया जा रहा है। आरोपी अपने साथियों के साथ संगठन बनाकर पीड़ितों के अश्लील वीडियो व फोटो लेकर उन्हें डरा-धमकाकर ब्लैकमेल करती है। इसमें अन्य साथी सहयोग करते हैं।



श्वेता अपने संगठन के जरिए पीड़ितों का चुनाव कर उन्हें अपने षड्यंत्र में फंसाकर अपराध करती है। इस मामले में उस पर पहले भी पलासिया थाने इंदौर में साल 2019 में केस (जिसे हनी ट्रैप वन कहा जाता है) हो चुका है, साथ ही भोपाल सीआईडी में भी केस हुआ था। लेकिन जेल से बाहर आने के बाद श्वेता ने फिर से नए सदस्यों का गिरोह तैयार कर उनका सरगना बनकर इसी तरह का संगठित अपराध फिर किया गया।



इस तरह चिंटू को ब्लैकमेल की प्लानिंग

साल 2019 में जिला जेल इंदौर में अलका और श्वेता की दोस्ती हुई। श्वेता 2022 में जेल से बाहर आई। बाद में मिलने लगे, कोर्ट पेशी के लिए अक्सर श्वेता इंदौर कोर्ट आती थी। यहीं पर लखन को भी अलका ने श्वेता से मिलवाया। श्वेता ने अलका से कहा कि इंदौर के कारोबारी चिंटू ठाकुर से 50 फीसदी पार्टनरशिप करना है, थोड़ा डराएंगे तो मान जाएगा।



इससे अच्छा मुनाफा होगा, सागर की रेशू भी इस काम में हमारी मदद करेगी, उससे अश्लील फोटो/वीडियो लेकर चिंटू पर दबाव बना सकते हैं। इसके बाद साजिश में विनोद शर्मा को भी शामिल कर लिया और लखन का दोस्त जितेंद्र भी साथ था।



fca3d764-a46


रेशू कई रसूखदार को फोटो/वीडियो से ठग चुकी

श्वेता जैन ने पुलिस को बताया कि मैंने ही सागर की रेशू को इस काम में शामिल किया था। वह फोटो/वीडियो एडिट करने का काम कर रही थी। इसके पहले भी रेशू एडिट फोटो/वीडियो दिखाकर कई प्रतिष्ठितों (रसूखदारों) को ठग चुकी है। रेशू ने अपने बयान में माना कि चिंटू ठाकुर का फोटो एडिट करने के लिए श्वेता ने मुझे दिया था। यह फोटो सागर में रेशू के घर से बरामद की गई।



मोबाइल, पेनड्राइव में बंद वीडियो को लेकर यह आशंका

पुलिस ने आरोपियों के पास से जब्त नौ मोबाइल, दो पेनड्राइव, स्पाई कैमरा आदि को फॉरेंसिक लैब में जांच के लिए जून माह में भेज दिया है। अभी इनकी रिपोर्ट नहीं आई है। पुलिस को आशंका है इसमें कई वीडियो हैं। इसी के चलते पुलिस ने फॉरेंसिक लैब से इन इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स से इनकी जांच के लिए कहा है-



  • क्या इन उपकरणों (मोबाइल, पेनड्राइव) में अश्लील, यौन प्रकृति की मॉर्फ्ड या डीपफेक फोटो/वीडियो हैं?
  • क्या इसमें ऐसे ऐप, सॉफ्टवेयर, वेबसाइट हैं जिससे एआई जनरेटेड, डीपफेक अश्लील फोटो/वीडियो बनाने, एडिट करने का काम किया जा सकता है?
  • क्या ये फोटो/वीडियो किसी अन्य के साथ शेयर किए गए या भेजे गए?
  • क्या इसमें ऐसे चैट, ऑडियो, वीडियो हैं जिनसे किसी व्यक्ति से वसूली, ब्लैकमेलिंग का प्रयास हुआ हो?
  • क्या इन आरोपियों द्वारा फोटो/वीडियो साझा करने के लिए या अन्य काम के लिए इंस्टा, टेलीग्राम, फेसबुक आदि का उपयोग किया गया है?
90811c2a-03b


रेशू चाहती थी विधानसभा का टिकट-

रेशू को लेकर उसके भाई ने पुलिस को पूरी डिटेल जानकारी दी है। भाई के बयान के अनुसार- रेशू प्रॉपर्टी कारोबार करती थी और स्टेशनरी कारोबार भी करती थी। वह मेडिकल की पढ़ाई के लिए यूक्रेन गई लेकिन एक साल में लौट आई। फिर राजस्थान की निजी यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन और सागर से एमएससी किया। कोचिंग भी खोली।



साल 2018 में दुर्ग के महेंद्र अहिरवार से शादी की और ओमान गई लेकिन जून 2019 में वापस आ गई। कोरोना में समाज सेवा की और खाना बांटने लगी और साथ ही राजनीति शुरू की। वह स्थानीय नेताओं और प्रदेश के नेताओं से संपर्क में थी, उसे सागर की नरयावली विधानसभा से चुनाव लड़ना था। इसके लिए वह भोपाल व दिल्ली आती-जाती रहती थी।



रेशू पर आरोप भी लगते रहे कि वह देह व्यापार में है, और डरा-धमकाकर अपना काम निकलवाती है। सागर और भोपाल में यह चर्चा आम रही कि रेशू ने आर्थिक लाभ और राजनीतिक फायदे के लिए ब्लैकमेलिंग की।



श्वेता जैन ने भी सागर से शुरू की थी राजनीति

वहीं श्वेता विजय जैन को लेकर परिजनों के लिखित बयान पुलिस ने लिए हैं। इसमें श्वेता के बारे में कहा गया है कि- वह महिला जागृति कला मंच एनजीओ चलाती थी और बीजेपी की सक्रिय सदस्य रही। यह एनजीओ साल 2009 में सागर से शुरू हुआ। सागर में राजनीति करते हुए श्वेता का दिल्ली और भोपाल आना-जाना होता था। वह सागर के स्थानीय व प्रदेश के नेताओं के साथ संपर्क में रही।



साल 2014 में भोपाल में रहने आ गए। साल 2019 में वह गिरफ्तार हुई। सुना है कि वह देह व्यापार के काम में है और इस काम के द्वारा लोगों को ब्लैकमेल करके अपने काम निकलवाती है। इस तरह काफी पैसा कमाया है।



आपस में बात करती थीं श्वेता, अलका और रेशू

पुलिस द्वारा सभी के मोबाइल की निकाली गई कॉल डिटेल में सामने आया है कि मुख्य आरोपी श्वेता, रेशू और अलका सभी आपस में लगातार बात करती थीं। श्वेता और रेशू नई दिल्ली में जंतर-मंतर, नेशनल गैलरी, रेलवे स्टेशन पर, टीटी नगर भोपाल में, बस स्टैंड भोपाल पर और मीनाल रेसीडेंसी भोपाल में आपस में मिली हैं। वहीं श्वेता और अलका भी जिला कोर्ट इंदौर में मिल चुकी हैं।



पुलिस के चालान के बाद अब यह होगा

पुलिस ने चालान पेश कर दिया है। नए सबूत आने पर पूरक चालान भी पेश किया जा सकता है। इसमें प्रारंभ में कम धाराएं थी बाद में श्वेता और रेशू का नाम आने के बाद इसमें संगठित अपराध की धाराएं 111 (2) (ख) और 111 (3) भी लगा दी गई हैं।



ऐसे में आरोपियों की जमानत आसान नहीं होगी। जिला कोर्ट से आरोपियों की जमानत खारिज हो चुकी है और कुछ आरोपी हाईकोर्ट पहुंचे हैं। उधर चालान के बाद अब आरोपियों पर आरोप तय होंगे और इसके बाद ट्रायल शुरू होगा।



ये खबरें भी पढ़िए... पर्दे के पीछे हनी ट्रैप की पटकथा, मंत्री महोदया की प्रयोगशाला...कीलन देव और धाकड़ ठेकेदार!



हनी ट्रैप पार्ट टू की मिस्ट्री गर्ल रेशू चौधरी की जमानत खारिज, जेल में ही रहेगी



हनी ट्रैप पार्ट 2 : रेशू के वीडियो एसडी कार्ड, दो पेन ड्राइव में, गोपनीय कैमरे से बने



हनी ट्रैप पार्ट टू: हेड कांस्टेबल विनोद शर्मा की भी जमानत याचिका खारिज, इसके पास थी फोटो



Tags:
  • मध्यप्रदेश की राजनीति
  • हनी ट्रैप
  • श्वेता विजय जैन
  • एमपी हनी ट्रैप पार्ट 2