मध्यप्रदेश के 4 IAS और 2 IPS शादी के बंधन में बंध रहे, एक आईपीएस गुजरात कैडर से, दो आईएएस इंदौर निगम में पदस्थ
खास बात यह है कि इंदौर नगर निगम में अपर आयुक्त के पद पर तैनात दो आईएएस अधिकारी भी इस लिस्ट में शामिल हैं। इनमें आईएएस अर्थ जैन का नाम खास चर्चा में है। वे मध्यप्रदेश के नए डीजीपी की दौड़ में शामिल वरिष्ठ आईपीएस उपेंद्र जैन के भतीजे और रिटायर्ड आईपीएस मुकेश जैन के बेटे हैं। इसी नगर निगम में अपर आयुक्त आईएएस आशीष भी शादी करने जा रहे हैं।
वहीं, बालाघाट जिला पंचायत की सीईओ आईएएस तनुश्री मीणा और धार में सहायक कलेक्टर आईएएस आशी शर्मा के घर भी शादी की तैयारियां चल रही हैं। यानी दिसंबर की शुरुआत में मध्यप्रदेश की अफसरशाही में सरकारी बैठकों और फाइलों के साथ शादी की रस्मों, बारात और बैंड-बाजे की भी खूब रौनक रहने वाली है।
आईएएस अर्थ जैन संग आईएएस आशी शर्मा
आईएएस अर्थ जैन 2021 बैच के आईएएस हैं। यह रिटायर्ड आईपीएस व पूर्व ट्रांसपोर्ट कमिश्नर मुकेश जैन के बेटे और ईओडब्ल्यू के डीजी उपेंद्र जैन (जो डीजीपी के मजबूत दावेदार हैं) के भतीजे हैं। अर्थ के छोटे भाई अयान जैन भी यूपी कैडर के आईएएस हैं। अर्थ वर्तमान में स्मार्ट सिटी सीईओ और इंदौर नगर निगम में अपर आयुक्त पद पर हैं। उन्होंने दूसरे प्रयास में यूपीएससी में 16वीं रैंक लाकर सफलता प्राप्त की थी।
आईएएस अर्थ ने आईआईटी दिल्ली से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। वहीं उनकी होने वाली जीवन संगिनी आशी शर्मा साल 2025 बैच की आईएएस हैं। वह वर्तमान में धार में सहायक कलेक्टर पद पर पदस्थ हैं। उनका जन्म उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में हुआ था। उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई नोएडा के एपीजे स्कूल से पूरी की है। इसके बाद आशी ने स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर से आर्किटेक्चर में डिग्री हासिल की है। उन्होंने तीसरे प्रयास में यूपीएससी में सफलता हासिल की है।
आईएएस आशीष संग आईपीएस कुहू गर्ग
इंदौर नगर निगम में ही पदस्थ 2022 बैच के आईएएस आशीष की भी शादी हो रही है। आशीष मूल रूप से बिहार के हैं। उन्होंने आईआईटी बीएचयू से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की है। उनकी शादी उत्तराखंड के पूर्व डीजीपी अशोक कुमार की बेटी और फिलहाल गुजरात कैडर की 2024 बैच की आईपीएस कुहू गर्ग से हो रही है।
आईपीएस कुहू भारत की इंटरनेशनल बैडमिंटन खिलाड़ी रही हैं। लेकिन चोट के बाद यूपीएससी की तैयारी की और आईपीएस बनीं। गर्ग को हैदराबाद की 78वीं RR पासिंग आउट परेड में स्वॉर्ड ऑफ ऑनर और सर्वश्रेष्ठ आउटडोर प्रोबेशनर का सम्मान मिला है। कुहू गर्ग की शुरुआती पढ़ाई देहरादून के सेंट थॉमस कॉलेज में हुई।
बाद में उन्होंने दिल्ली के प्रतिष्ठित श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स से स्नातक की पढ़ाई पूरी की। महज नौ साल की उम्र से बैडमिंटन खेलना शुरू करने वाली कुहू ने अपने खेल करियर में 56 राष्ट्रीय और 19 अंतरराष्ट्रीय पदक हासिल किए। माना जा रहा है कि विवाह के बाद वह भी मध्यप्रदेश कैडर में ट्रांसफर होकर प्रदेश में सेवाएं देंगी।
आईएएस तनुश्री संग आईपीएस अभिषेक सिर्रा
बालाघाट जिला पंचायत सीईओ के पद पर पदस्थ 2022 बैच की आईएएस तनुश्री मीणा की भी शादी है। उनका विवाह बालाघाट में ही पदस्थ आईपीएस सीएसपी अभिषेक सिर्रा के साथ हो रहा है। सिर्रा केरल कैडर (2024 बैच) के आईपीएस अधिकारी हैं। विवाह प्रस्ताव के आधार पर उनका कैडर मप्र में किया गया है, हालांकि वह मूल रूप से राजस्थान के हैं। वहीं तनुश्री मीणा भी मूल रूप से राजस्थान की हैं। वह छिंदवाड़ा में सहायक कलेक्टर और झाबुआ जिले के पेटलावद में एसडीएम के पद पर रह चुकी हैं।