इंदौर के बड़े होटलों के हाल- रेस्टोरेंट में बिल्ली, चूहे, कॉकरोच सब मिल रहे, गंदगी में बन रहा खाना
मध्यप्रदेश में खाद्य सुरक्षा को लेकर मुहिम शुरू हुई है। इसके तहत केंद्र की भी एजेंसी को साथ लेकर बड़े पांच सितारा होटलों, अन्य बड़े होटलों और रेस्टोरेंटों की जांच की जा रही है। खासकर सयाजी होटल इंदौर के किचन में जो हाल मिला, इसके बाद सभी नामी ब्रांड कठघरे में हैं। इंदौर में जगह-जगह पहुंची टीम ने इन सभी की पोल खोल कर रख दी है। सभी को 14 दिन में कमियां बताकर सुधार के आदेश दिए हैं। किचन में चूहे, बिल्ली, कॉकरोच सब मिल रहे हैं।
सयाजी में मिले थे कॉकरोच, चूहे
सबसे पहले पोल पांच सितारा होटल सयाजी की खुली। यहां पर अगस्त माह में टीम ने किचन में चूहे और कॉकरोच की गंदगी के बीच में भोजन का काम होते पाया। इसके साथ ही कई और गंदगी मिली। बाद में पांच सैंपल भी जांच में फेल हुए, इनमें दो तो असुरक्षित ही निकले।
अब यहां मिली बिल्ली-
वहीं पंजाबी ढाबा राऊ में खाद्य विभाग की टीम ने जांच की। यहां दौरे के समय ही किचन में बिल्ली घूमती हुई मिली। किचन तो गंदा था ही, दीवारों से तेल रिस रहा था। फ्रिज में एक्सपायर्ड कोल्डड्रिंक थी।
यहां मिले कॉकरोच-
वहीं फेयरफील्ड बाय मैरियट रिंग रोड पर टीम पहुंची तो यहां पर स्टोर रूम में कॉकरोच घूमते मिले। डस्टबिन खुले हुए थे और बदबू आ रही थी। सूखा-गीला कचरा भी अलग नहीं रखा था। बुफे का खाना भी ढककर नहीं रखा गया था।
यहां मिले थे कीड़े-
इसके पहले ग्रैंड शेरेटन होटल में भी हाल ही में प्रशासन की टीम ने जांच की थी। तब यहां पर सूरजमुखी के बीज में कीड़े घूमते हुए मिले थे। इसके बाद इन्हें मौके पर ही नष्ट कराया गया था।
चप्पल पहनकर घूम रहे, वहीं प्रसाद के लड्डू
वहीं सोमवार को एकदंत प्रसाद भंडार और भालचंद्र प्रसाद भंडार में गंदगी के बीच में लड्डू बनते मिले। यहां पर प्रशासन की टीम ने पाया कि जहां प्रसाद के लड्डू बन रहे हैं, वहीं कर्मचारी चप्पल पहनकर घूम रहे हैं। गंदगी भी थी और साथ ही लड्डुओं में भी अधिक रंग मिला होने की आशंका है। इन्हें जांच के लिए भेजा गया है।
ये खबरें भी पढ़िए...
ऐसी है आपके पसंदीदा होटलों की हालत, सयाजी से लेकर रेडिसन तक कोई अछूता नहीं
दिल्ली से कलेक्टर ने ली विशेष मंजूरी, इंदौर के सभी फाइव स्टार होटल में जांच, शेरेटन में मिले कीड़े
सयाजी होटल से जब्त पिस्ता में कलर, मूंगफली दाने में फंगस, सैंपल फेल, इन ब्रांड का घी भी फेल
होटल सयाजी में गंदे खाने से नाराज युवती ने अपनी शादी का आयोजन निरस्त किया