इंदौर में एक ही पद पर दो IPS अफसरों की नियुक्ति! कुछ घंटों में सुधारनी पड़ी गलती, आदेश रद्द

Manya Jain | Oct 29, 2026, 14:34 IST
इंदौर में एक ही पद पर दो IPS अफसरों की नियुक्ति, गृह विभाग ने कुछ घंटों में रद्द किया आदेश
MP Home Department cancelled IPS Abhishek Anand’s additional charge at Indore Police Training College, where IPS Vahini Singh was already serving as SP.
इंदौर में पुलिस अफसरों के तबादले को लेकर गृह विभाग की बड़ी चूक सामने आई है। विभाग ने एक ही पद पर दो आईपीएस अधिकारियों की नियुक्ति कर दी है। इंदौर के पुलिस ट्रेनिंग कॉलेज में 2014 बैच की आईपीएस अधिकारी वाहिनी सिंह पहले से पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात हैं।

इसके बावजूद देर रात जारी तबादला सूची में 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी अभिषेक आनंद को भी इसी पद का अतिरिक्त प्रभार दे दिया गया। इस आदेश की जानकारी सामने आते ही सवाल उठने लगे। मामला मीडिया में आने के बाद शासन स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद गृह विभाग ने कुछ ही घंटों में अपनी गलती सुधार ली है।



अतिरिक्त प्रभार देने वाला आदेश रद्द की कॉपी

अतिरिक्त प्रभार देने वाला आदेश रद्द

विभाग ने नया आदेश जारी कर अभिषेक आनंद को पुलिस अधीक्षक का अतिरिक्त प्रभार देने वाला आदेश रद्द कर दिया है। इस तरह एक ही पद पर दो अधिकारियों की नियुक्ति का मामला सामने आने के कुछ घंटों बाद ही सुधार कर लिया गया है। हालांकि, उनकी दूसरी जिम्मेदारियां पहले की तरह बनी रहेंगी। बता दें कि इंदौर में अभिषेक आनंद को विशेष सशस्त्र बल की 15वीं वाहिनी का सेनानी बनाया गया है। इससे पहले वे पहली वाहिनी की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।



देर रात दौड़ी थी तबादला एक्सप्रेस

बता दें कि मध्य प्रदेश सरकार ने बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात 12 आईपीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए थे। इसमें पांच पुलिस अधीक्षक (SP) भी शामिल हैं। अब नर्मदापुरम, बैतूल, पन्ना, हरदा और आलीराजपुर में नए एसपी तैनात होंगे।



वहीं भोपाल स्थित पुलिस मुख्यालय में भी तीन अधिकारियों को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी लिस्ट में आईपीएस अधिकारी अभिषेक आनंद का नाम था।



पांच जिलों में नए एसपी, किसे कहां मिली जिम्मेदारी?

नर्मदापुरम: दीपक कुमार शुक्ला को जिले का नया एसपी बनाया गया है। इससे पहले वे उज्जैन में विशेष सशस्त्र बल की 32वीं वाहिनी के सेनानी थे। वहीं वर्तमान में जिले के एसपी साईकृष्ण एस. थोटा को भोपाल पुलिस मुख्यालय में एआईजी बनाया गया है।



बैतूल: अमित सक्सेना अब बैतूल के नए एसपी होंगे। इससे पहले वे पुलिस मुख्यालय में एआईजी (कार्मिक) की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। वहीं एसपी वीरेंद्र जैन को भोपाल में डीसीपी (यातायात) बनाया गया है।



पन्ना: सव्यसाची सराफ को पन्ना का नया एसपी बनाया गया है। इससे पहले वे इंदौर में एसपी (साइबर) के पद पर तैनात थे। वहीं जिले की मौजूदा एसपी निवेदिता नायडू को सागर में विशेष सशस्त्र बल की 10वीं वाहिनी का सेनानी बनाया गया है।



हरदा: अंकित जायसवाल अब हरदा के नए एसपी होंगे। इससे पहले वे भोपाल में एसपी (रेल) की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। वहीं जिले के वर्तमान में एसपी शशांक को भोपाल पुलिस मुख्यालय में एआईजी बनाया गया है।



आलीराजपुर: समर वर्मा को जिले का नया एसपी बनाया गया है। इससे पहले वे उज्जैन में आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) के एसपी थे। वहीं, आलीराजपुर में डीआईजी और एसपी की जिम्मेदारी संभाल रहे रघुवंश कुमार सिंह को भोपाल पुलिस मुख्यालय में डीआईजी बनाया गया है।



तबादला सूची

पुलिस मुख्यालय में तीन अधिकारियों को नई जिम्मेदारी

तबादला आदेश के तहत रघुवंश कुमार सिंह को डीआईजी और साईकृष्ण एस. थोटा व शशांक को एआईजी बनाकर पुलिस मुख्यालय भोपाल भेजा गया है। वहीं अमित सक्सेना को पुलिस मुख्यालय से हटाकर बैतूल का एसपी बनाया गया है। इस तरह मुख्यालय और जिलों के बीच भी अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली हैं।



कौन हैं वाहिनी सिंह

वाहिनी सिंह 2014 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं। वे मूल रूप से राजस्थान की रहने वाली हैं। वे मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले में एसपी रह चुकी हैं।



वाहिनी सिंह को एक बड़े मामले की जांच की जिम्मेदारी मिली थी। यह मामला मंत्री कुंवर विजय शाह के विवादित बयान से जुड़ा था। विजय शाह ने सेना अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी पर टिप्पणी की थी।



इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने एसआईटी बनाने के निर्देश दिए थे। तीन सदस्यीय एसआईटी में वाहिनी सिंह को भी शामिल किया गया था। टीम में सागर जोन के आईजी प्रमोद वर्मा भी थे। डीआईजी कल्याण चक्रवर्ती को भी टीम में जगह मिली थी।



इस हाई-प्रोफाइल मामले की जांच में वाहिनी सिंह की अहम भूमिका रही है।



Tags:
  • IPS अफसरों की नियुक्ति
  • गृह विभाग की बड़ी चूक
  • इंदौर में पुलिस अफसरों के तबादले
  • तबादला सूची
  • आईपीएस अधिकारी अभिषेक आनंद
  • आईपीएस अधिकारी वाहिनी सिंह
  • मध्य प्रदेश सरकार
  • MP IPS Transfer 2026
  • MP Police Transfer List
  • मध्य प्रदेश पुलिस तबादले