न बार-बार फॉर्म भरने की टेंशन, न पासवर्ड याद रखने का झंझट: एमपी में एक ही लॉगइन से होंगे हजारों सरकारी काम

Sumit Kumar | Published:
मध्य प्रदेश में जनपरिचय से एक ही लॉगइन पर 22 हजार से ज्यादा सरकारी सेवाओं का लाभ मिलेगा।
Madhya Pradesh is moving towards a single-login system through Jan Parichay, offering access to thousands of government services, including competitive exam applications, ration, pensions and scholarships.
मध्य प्रदेश में सरकारी योजनाओं का लाभ लेने, प्रतियोगी परीक्षाओं के आवेदन करने और अलग-अलग विभागों की ऑनलाइन सेवाओं का इस्तेमाल करना अब पहले से आसान होने जा रहा है। जनपरिचय-मेरी पहचान सिस्टम के जरिए नागरिकों को एक ही डिजिटल आईडी से 22 हजार से ज्यादा सरकारी सेवाओं तक पहुंच मिलेगी। इससे बार-बार व्यक्तिगत जानकारी भरने, दस्तावेज अपलोड करने और नए पासवर्ड बनाने का झंझट कम होगा।

एक बार प्रोफाइल बनाइए, बार-बार फॉर्म भरने से पाइए छुटकारा

जनपरिचय (मेरी पहचान) केंद्र सरकार का नेशनल सिंगल साइन-ऑन (SSO) प्लेटफॉर्म है। इसका मकसद अलग-अलग सरकारी वेबसाइट और पोर्टल को एक ही लॉगइन व्यवस्था से जोड़ना है।



इस व्यवस्था में नागरिक को सबसे पहले अपनी डिजिटल पहचान बनानी होगी और जरूरी जानकारी का सत्यापन कराना होगा। इसके बाद जब वह जनपरिचय से जुड़े किसी सरकारी पोर्टल पर लॉगइन करेगा, तो उसकी पहले से दर्ज जानकारी संबंधित पोर्टल पर उपलब्ध हो सकेगी।



इसमें नाम, जन्मतिथि, लिंग और फोटो जैसी जानकारियां शामिल हैं। यानी हर बार किसी सरकारी योजना या सेवा के लिए आवेदन करते समय वही जानकारी दोबारा भरने की जरूरत नहीं पड़ेगी।



प्रतियोगी परीक्षाओं के फॉर्म खुद-ब-खुद भरेंगे (Ab competition exam form auto fill kaise hoga)

इस व्यवस्था का सबसे बड़ा फायदा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को मिल सकता है। अभी किसी भर्ती परीक्षा का फॉर्म भरते समय अभ्यर्थियों को नाम, पिता का नाम, जन्मतिथि, पता, मोबाइल नंबर और दूसरी व्यक्तिगत जानकारियां बार-बार दर्ज करनी पड़ती हैं। कई बार छोटी सी गलती होने पर आवेदन में सुधार कराने की परेशानी भी उठानी पड़ती है।



जनपरिचय से जुड़ी व्यवस्था में अभ्यर्थी की डिजिटल प्रोफाइल से संबंधित जानकारी आवेदन फॉर्म में ऑटो-फिल हो सकेगी। यानी एक बार जानकारी दर्ज और सत्यापित होने के बाद संबंधित परीक्षा पोर्टल पर लॉगइन करने पर उपलब्ध विवरण अपने आप भरे जा सकेंगे।



हालांकि, परीक्षा से जुड़ी अतिरिक्त जानकारी, योग्यता, श्रेणी और जरूरी प्रमाणपत्रों की जानकारी आवेदन के नियमों के अनुसार देनी होगी।



राशन, पेंशन और स्कॉलरशिप के लिए भी एक ही लॉगइन

जनपरिचय का इस्तेमाल केवल प्रतियोगी परीक्षाओं तक सीमित नहीं रहेगा। राशन, पेंशन, छात्रवृत्ति और दूसरी सरकारी योजनाओं से जुड़ी सेवाओं को भी इससे जोड़ने की व्यवस्था है। इसका फायदा अलग-अलग वर्गों के लोगों को मिलेगा।



  • विद्यार्थी: छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करते समय बार-बार व्यक्तिगत जानकारी भरने की जरूरत कम होगी।
  • किसान: किसान पंजीयन और संबंधित सरकारी सेवाओं तक पहुंच आसान हो सकती है।
  • पेंशनधारक: पेंशन से जुड़ी सेवाओं में डिजिटल पहचान का इस्तेमाल किया जा सकेगा।
  • आम नागरिक: राशन और दूसरी सरकारी योजनाओं से जुड़ी सेवाओं के लिए एक ही लॉगइन का इस्तेमाल कर सकेंगे।

यानी अलग-अलग विभागों की वेबसाइट पर अलग-अलग अकाउंट बनाने और पासवर्ड याद रखने की परेशानी कम होगी।



समग्र आईडी से लेकर प्रॉपर्टी टैक्स और वॉटर टैक्स तक जुड़ेंगी सेवाएं

मध्य प्रदेश में समग्र पोर्टल, परिवहन विभाग, नगरीय निकायों और पंचायतों की सेवाओं को भी इस व्यवस्था से जोड़ने की तैयारी है। पंचायत दर्पण के जरिए नागरिक प्रॉपर्टी टैक्स और वॉटर टैक्स जैसी सुविधाओं का इस्तेमाल कर सकेंगे। इसके अलावा किसान पंजीयन और अन्य विभागीय सेवाओं को भी एकीकृत लॉगइन से जोड़ने की योजना है।



उदाहरण के तौर पर किसी व्यक्ति को समग्र आईडी से जुड़ा काम कराना है और इसके बाद अपने मकान का प्रॉपर्टी टैक्स जमा करना है, तो संबंधित सेवाएं जुड़ने पर उसे दोनों कामों के लिए अलग-अलग यूजर आईडी और पासवर्ड बनाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।



एक बार ई-केवाईसी, फिर कई सेवाओं में इस्तेमाल

जनपरिचय पर अकाउंट बनाने के लिए मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी का इस्तेमाल किया जा सकता है। सामान्य अकाउंट के लिए मोबाइल नंबर या ईमेल पर आने वाले ओटीपी से सत्यापन किया जाएगा। वहीं, वित्तीय लेनदेन और निजी दस्तावेजों से जुड़ी सेवाओं के लिए पहचान का अतिरिक्त सत्यापन यानी ई-केवाईसी करानी होगी।



इसके लिए आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस या डिजिलॉकर जैसे विकल्पों का इस्तेमाल किया जा सकता है। पहचान सत्यापित होने के बाद डिजिटल प्रोफाइल तैयार होगी, जिसका इस्तेमाल संबंधित सरकारी सेवाओं में किया जा सकेगा।



पासवर्ड भूलने का भी डर नहीं, ओटीपी से होगा लॉगइन

जनपरिचय में लॉगइन करने के लिए कई विकल्प दिए गए हैं। नागरिक मोबाइल नंबर, ईमेल या सरकारी आईडी पर आने वाले ओटीपी के जरिए अकाउंट खोल सकेंगे।



इसके अलावा परिचय ऑथेंटिकेटर ऐप की मदद से एक टैप में भी लॉगइन किया जा सकेगा। इस तरह हर सरकारी पोर्टल के लिए अलग-अलग पासवर्ड याद रखने की परेशानी नहीं रहेगी।



यह प्लेटफॉर्म हिंदी और अंग्रेजी समेत सात भारतीय भाषाओं में उपलब्ध है। एक सत्यापित मोबाइल नंबर से परिवार के एक से अधिक सदस्यों के अकाउंट लिंक करने की सुविधा भी दी गई है।



अनजान डिवाइस से लॉगइन की कोशिश पर मिलेगा अलर्ट

डिजिटल पहचान के साथ सुरक्षा का भी ध्यान रखा गया है। अगर किसी अनजान डिवाइस या लोकेशन से अकाउंट खोलने की कोशिश होती है, तो नागरिक को ईमेल के जरिए अलर्ट मिल सकता है। इसके अलावा यूजर अपने डैशबोर्ड पर अकाउंट से जुड़ी संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी भी देख सकेंगे।



प्लेटफॉर्म पर ओटीपी, बैकअप कोड, टैप और टोकन जैसी सुरक्षा सुविधाएं दी गई हैं। व्यक्तिगत जानकारी को सुरक्षित रखने के लिए डेटा सुरक्षा की व्यवस्था भी की गई है।



देशभर में 83 करोड़ से ज्यादा नागरिक जुड़े होने का दावा

उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, जनपरिचय प्लेटफॉर्म से देशभर में अब तक 83 करोड़ से ज्यादा नागरिक जुड़ चुके हैं। इस पर हर दिन 170 करोड़ से अधिक ट्रांजेक्शन होने का भी दावा किया गया है। इस प्लेटफॉर्म का उद्देश्य सरकारी सेवाओं को एक जगह उपलब्ध कराना और नागरिकों के लिए डिजिटल प्रक्रिया को आसान बनाना है।



जनपरिचय पर अपनी आईडी कैसे बनाएं (How to Create Jan Parichay Id)

अगर आप भी इस सुविधा का इस्तेमाल करना चाहते हैं, तो इन स्टेप्स को फॉलो कर सकते हैं।



  1. सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट https://janparichay.meripehchaan.gov.in पर जाएं।
  2. वेबसाइट पर Sign Up के विकल्प पर क्लिक करें।
  3. अपना मोबाइल नंबर दर्ज करें और ओटीपी के जरिए उसे सत्यापित करें।
  4. नाम, जन्मतिथि और दूसरी जरूरी व्यक्तिगत जानकारी भरकर सबमिट करें।
  5. जरूरत के अनुसार आधार और दूसरे दस्तावेजों से ई-केवाईसी पूरी करें। आधार सत्यापन को शुरुआत में स्किप करने का विकल्प भी दिया गया है, लेकिन कुछ सेवाओं के लिए बाद में सत्यापन जरूरी हो सकता है।
  6. रजिस्ट्रेशन पूरा होने के बाद मोबाइल नंबर और ओटीपी की मदद से डैशबोर्ड पर लॉगइन करें।
  7. सेटिंग्स में जाकर प्रोफाइल के विकल्प में ईमेल और आधार से जुड़ा जरूरी वेरिफिकेशन पूरा करें।

इसके बाद आपकी डिजिटल प्रोफाइल तैयार हो जाएगी। जनपरिचय से जुड़ी सरकारी सेवाओं में इसी पहचान के जरिए लॉगइन किया जा सकेगा।



कुल मिलाकर, जनपरिचय व्यवस्था लागू होने और अधिक से अधिक सरकारी पोर्टल इससे जुड़ने पर नागरिकों को अलग-अलग वेबसाइट पर बार-बार रजिस्ट्रेशन कराने की जरूरत कम होगी। खासकर प्रतियोगी परीक्षाओं के अभ्यर्थियों के लिए ऑटो-फिल की सुविधा आवेदन प्रक्रिया को आसान बना सकती है।

Tags:
  • जनपरिचय
  • एकल लॉगिन
  • मध्य प्रदेश
  • मेरी पहचान
  • डिजिटल इंडिया
  • जनपरिचय मेरी पहचान
  • एमपी में जनपरिचय मेरी पहचान
  • जनपरिचय आईडी बनाने का तरीका