एमपी के किसानों की बल्ले-बल्ले! मध्य प्रदेश स्थापना दिवस पर सीएम मोहन यादव देंगे ट्रैक्टर, बुलेट और ई-स्कूटर

Sumit Kumar | Oct 27, 2026, 22:23 IST
एमपी के 40 हजार किसानों में से 165 की चमकी किस्मत, किसी को ट्रैक्टर तो किसी को मिलेगी बुलेट और ई-स्कूटर।
Selection committee members conduct a lottery in Bhopal to select 165 winners of the Kisan Kalyan Swabhiman Parv Quiz 2026.
मध्य प्रदेश के 165 किसानों के लिए अच्छी खबर है। किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व क्विज प्रतियोगिता के विजेताओं की घोषणा कर दी गई है। प्रदेश के सभी 55 जिलों से तीन-तीन किसानों का चयन लॉटरी के जरिए हुआ है। इनमें 55 किसानों को ट्रैक्टर, 55 को बुलेट मोटरसाइकिल और 55 को ई-स्कूटर दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मध्य प्रदेश स्थापना दिवस पर भोपाल में विजेता किसानों को पुरस्कार देंगे।

40 हजार किसानों ने लिया था क्विज प्रतियोगिता में हिस्सा

किसानों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए मध्य प्रदेश सरकार ने किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व क्विज प्रतियोगिता आयोजित की थी। यह प्रतियोगिता 29 जनवरी से 15 मार्च 2026 तक ऑनलाइन चली थी।



इसमें प्रदेशभर के करीब 40 हजार किसानों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में कृषि, किसान कल्याण और सरकारी योजनाओं से जुड़े 24 बहुविकल्पीय सवाल पूछे गए थे। किसानों को इन सवालों के जवाब देने के लिए 24 मिनट मिले थे।



हर सही जवाब के लिए एक अंक तय था। गलत जवाब देने या सवाल छोड़ने पर कोई अंक नहीं काटा गया। प्रतियोगिता में शामिल किसानों के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन को मान्य किया गया।



15 हजार 298 किसानों को मिले पूरे 24 अंक

प्रतियोगिता में 15 हजार 298 किसानों ने सभी 24 सवालों के सही जवाब दिए। इन किसानों को 24 में से पूरे 24 अंक मिले। इसके बाद इन्हें अंतिम मेरिट सूची में शामिल किया गया।



मेरिट सूची में 13 हजार 91 पुरुष, 2 हजार 201 महिलाएं और अन्य श्रेणी के छह प्रतिभागी शामिल थे।



उम्र के हिसाब से देखें तो 18 साल तक के 108 प्रतिभागियों ने पूरे अंक हासिल किए। वहीं, 19 से 40 साल के 9 हजार 408 और 40 साल से अधिक उम्र के 5 हजार 782 प्रतिभागी मेरिट सूची में शामिल हुए।



पूरे अंक हासिल करने वाले किसानों की संख्या ज्यादा होने के कारण पुरस्कार विजेताओं का चयन लॉटरी के माध्यम से करने का फैसला लिया गया।



लॉटरी से चुने गए 165 किसान, हर जिले से तीन विजेता

मंगलवार, 27 अक्टूबर 2026 को चयन समिति की मौजूदगी में लॉटरी निकाली गई। इसके जरिए मध्य प्रदेश के सभी 55 जिलों से तीन-तीन विजेताओं का चयन किया गया। प्रत्येक जिले से प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार के लिए एक-एक किसान चुना गया है। इस तरह प्रदेशभर से कुल 165 विजेता किसान सामने आए हैं।



लॉटरी से चुने गए किसान।

किसानों को ये पुरस्कार मिलेंगे

  • प्रथम पुरस्कार : 55 किसानों को ट्रैक्टर
  • द्वितीय पुरस्कार : 55 किसानों को बुलेट मोटरसाइकिल
  • तृतीय पुरस्कार : 55 किसानों को ई-स्कूटर

सभी चयनित किसानों को मध्य प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।



भोपाल के इन तीन किसानों को मुख्यमंत्री देंगे पुरस्कार

भोपाल जिले से भी तीन किसानों का चयन हुआ है। इनमें संदीप वर्मा प्रथम पुरस्कार के विजेता बने हैं। उन्हें ट्रैक्टर दिया जाएगा।



सुहानी राजपूत को दूसरा पुरस्कार मिला है। उन्हें बुलेट मोटरसाइकिल दी जाएगी। वहीं, समीर गौड़ तीसरे पुरस्कार के विजेता हैं। उन्हें ई-स्कूटर मिलेगा।



मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मध्य प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में इन तीनों किसानों को पुरस्कार प्रदान करेंगे।



प्रदेश के अन्य जिलों में विजेता किसानों को पुरस्कार बांटने की जिम्मेदारी संबंधित जिलों के प्रभारी मंत्रियों को दी गई है।



किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व क्विज प्रतियोगिता।

इन 55 जिलों के किसानों को मिलेगा ट्रैक्टर

किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व क्विज प्रतियोगिता में सभी 55 जिलों से प्रथम पुरस्कार के लिए एक-एक किसान चुना गया है। इन सभी किसानों को ट्रैक्टर मिलेगा।



भोपाल से संदीप वर्मा, श्योपुर से विपिन रावत, मुरैना से रामजी लाल धाकड़, भिंड से जगमोहन बघेल, ग्वालियर से कृष्णा रावत, शिवपुरी से उमेश कुमार लोधी, गुना से अंगूरी अग्रवाल, अशोकनगर से उपेन्द्र यादव, दतिया से जितेन्द्र अहिरवार, देवास से मनोहर पंवार, रतलाम से जितेंद्र गुर्जर, शाजापुर से तेजकुँवर बाई परमार, आगर मालवा से पवन कुमार, मंदसौर से खुमान सिंह, नीमच से जुगल गरासिया, उज्जैन से रोहित अंजना, इंदौर से जितेन्द्र मौर्य और धार से किशोर यादव प्रथम पुरस्कार के विजेता बने हैं।



इसी तरह अलीराजपुर से कलम सिंह डुडवे, झाबुआ से नरेन्द्र पोरवाल, खरगोन से श्याम पाटीदार, बड़वानी से राकेश सस्ते, खंडवा से विनोद पंवार, बुरहानपुर से पवन गढ़वे, सीहोर से हर्ष यादव, रायसेन से सतमेश बघेल, राजगढ़ से नवीन मीणा, विदिशा से प्रसेन सिंह, बैतूल से कमरजा काले, नर्मदापुरम से वीरेन्द्र लोवंशी, हरदा से कपिल जाट, सागर से जयहिंद राजपूत, दमोह से संध्या जैन, पन्ना से श्री कृष्ण पटेल, छतरपुर से जसवंत सिंह और टीकमगढ़ से अखलेश यादव को ट्रैक्टर के लिए चुना गया है।



निवाड़ी से राजेन्द्र कुमार कुशवाहा, जबलपुर से अनिल पटेल, कटनी से राजाराम पटेल, नरसिंहपुर से अरविंद कुमार मेहरा, छिंदवाड़ा से चंद्रा चंद्रवंशी, पांढुर्ना से लक्ष्मीकांत किंकर, सिवनी से विकास पंचेश्वर, मंडला से शालू बड़गैयां, डिंडौरी से विकास ठाकुर, बालाघाट से दिवला पटले, रीवा से संतोष द्विवेदी, सिंगरौली से आशीष सिंह, मऊगंज से दिनेश कुशवाहा, शहडोल से ब्रजराज सिंह जोधावत, अनूपपुर से चंदन सिंह, उमरिया से राम प्रमोद गुप्ता, सीधी से प्रांशु गुप्ता, सतना से विद्या सोनी और मैहर से कृष्णा तिवारी भी प्रथम पुरस्कार के विजेता बने हैं।



इन सभी किसानों को प्रथम पुरस्कार के रूप में ट्रैक्टर दिया जाएगा। अन्य दो पुरस्कारों के लिए भी प्रत्येक जिले से एक-एक विजेता चुना गया है।



भोपाल में किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व क्विज प्रतियोगिता के 165 विजेताओं के चयन के लिए लॉटरी निकालते
भोपाल में किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व क्विज प्रतियोगिता के 165 विजेताओं के चयन के लिए लॉटरी निकालते चयन समिति के सदस्य।

किसान ऐसे देख सकते हैं विजेताओं की पूरी लिस्ट

किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व क्विज प्रतियोगिता के विजेताओं की सूची ऑनलाइन जारी कर दी गई है। इसमें प्रदेश के सभी 55 जिलों के चयनित किसानों के नाम शामिल हैं।



प्रतियोगिता में भाग लेने वाले किसान वीर भारत न्यास की वेबसाइट पर जाकर विजेताओं की सूची देख सकते हैं।



विजेताओं की सूची देखने की वेबसाइट: https://quiz.veerbharatnyas.com/vijeta



इस वेबसाइट पर किसानों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार के लिए चयनित विजेताओं की जानकारी मिलेगी।



पुरस्कारों के मामले में देश की सबसे बड़ी पहल का दावा

मुख्यमंत्री के संस्कृति सलाहकार और वीर भारत न्यास के न्यासी सचिव श्रीराम तिवारी ने विजेता किसानों के चयन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुरस्कारों के लिहाज से यह प्रतियोगिता देश में अपने प्रकार की पहली और सबसे बड़ी पहल है।



श्रीराम तिवारी के मुताबिक, प्रतियोगिता के आयोजन का उद्देश्य किसानों को कृषि और सरकार की योजनाओं के बारे में जागरूक करना है। उन्होंने बताया कि जिन प्रतिभागियों ने सभी सवालों के सही जवाब दिए, उनकी जिलेवार मेरिट सूची तैयार की गई। इसके बाद चयन समिति ने निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार लॉटरी निकालकर विजेताओं का चयन किया।



किसानों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाना उद्देश्य

श्रीराम तिवारी ने बताया कि किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व के जरिए किसानों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ कृषि विकास और किसान सम्मान को जनभागीदारी से जोड़ने का प्रयास किया गया है। ऑनलाइन प्रतियोगिता के जरिए किसानों ने कृषि और किसान कल्याण से जुड़े सवालों के जवाब दिए। इससे उन्हें सरकारी योजनाओं के बारे में अपनी जानकारी परखने का मौका मिला।



इस आयोजन का उद्देश्य किसान कल्याण की जानकारी खेत-खेत तक पहुंचाना और किसानों को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना है। साथ ही, किसानों के योगदान को सम्मानित करने और कृषि क्षेत्र के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार करने की पहल भी की गई है।



इन विभागों ने मिलकर आयोजित की प्रतियोगिता

किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व क्विज प्रतियोगिता का आयोजन मध्य प्रदेश शासन के संस्कृति विभाग के अंतर्गत वीर भारत न्यास, संस्कृति संचालनालय और जनसंपर्क विभाग ने मिलकर किया है। इसमें किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग और संचालनालय कृषि अभियांत्रिकी ने भी सहयोग किया।



प्रतियोगिता के सभी 165 विजेताओं को मध्य प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर पुरस्कार दिए जाएंगे। भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विजेताओं को सम्मानित करेंगे, जबकि दूसरे जिलों में प्रभारी मंत्री पुरस्कार वितरित करेंगे।

Tags:
  • मोहन यादव
  • किसान
  • लॉटरी
  • एमपी किसान लॉटरी
  • किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व क्विज
  • मध्य प्रदेश