बाल विवाह पर लगेगी लगाम! मध्य प्रदेश की हर पंचायत में अब शादी का पंजीयन जरूरी, नियमों में होगा बदलाव
दरअसल शुक्रवार को राजगढ़ जिले की जीरापुर जनपद की ग्राम पंचायत बांगपुरा में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। यह कार्यक्रम अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस (International Day for the Elimination of Child Marriage) के मौके पर हुआ था। इस दौरान नई चेतना 5.0 जेंडर अभियान और बाल विवाह मुक्त भारत अभियान की राज्य स्तरीय शुरुआत की गई।
सरपंच ऑफिस में शादी का रजिस्ट्रेशन अनिवार्य
कार्यक्रम में पहुंचे पंचायत, ग्रामीण विकास और श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल (Prahlad Singh Patel) ने मंच से एक बड़ा ऐलान किया था। उन्होंने कहा था कि अब नियमों में ऐसा बदलाव किया जाएगा जिससे पंचायत क्षेत्र के अंदर होने वाली हर शादी का सरपंच कार्यालय में पंजीयन कराना अनिवार्य हो जाएगा।
मंत्री ने साफ कहा है कि पंचायत गांव के हर एक परिवार को अच्छी तरह पहचानती है। इसलिए बाल विवाह रोकने की मुख्य जिम्मेदारी भी अब पंचायतों को ही निभानी होगी।
झोले में नहीं, पंचायत के रिकॉर्ड में होनी चाहिए जानकारी
प्रहलाद पटेल ने पंचायतों की कार्यप्रणाली पर भी बात की। उन्होंने कहा कि पंचायत के पास गांव के हर परिवार की पूरी जानकारी होती है। गांव कब बसा, किसने बसाया, गांव का नाम क्यों रखा गया और यहां कौन-कौन से परिवार रहते हैं, इन सब बातों का पक्का रिकॉर्ड पंचायत के पास होना चाहिए।
श्रम ने नाराजगी जताते हुए कहा कि कई जगहों पर पंचायत का रिकॉर्ड एक झोले में घूमता रहता है। यह रिकॉर्ड कभी सरपंच के घर रहता है तो कभी सचिव के पास पड़ा रहता है। जबकि पंचायत एक ऐसी संस्था है जो गांव के हर व्यक्ति को जानती है। गांव में किसी नए शख्स के आने की खबर भी उससे छिपी नहीं रहती है।
बाल विवाह मुक्त ग्राम सभाओं को सम्मान
मंत्री ने कहा कि अगर पंचायत ठान ले तो अपने दम पर समाज की बुराइयों को खत्म कर सकती है। सरपंच दफ्तर में शादियों का रिकॉर्ड दर्ज होने से इस बात पर नजर रखना बेहद आसान हो जाएगा कि कहीं किसी नाबालिग की शादी तो नहीं हो रही है। उन्होंने यह भी घोषणा की है कि जिन ग्राम सभाओं में बाल विवाह का एक भी मामला सामने नहीं आएगा उन्हें खास तौर पर सम्मानित किया जाएगा।
बेटियों से दूरी क्यों?
अपने संबोधन में मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने समाज की दोहरी सोच और महिलाओं के अधिकारों पर भी तीखे सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि हम नवरात्रि में देवी की पूजा करते हैं। बुद्धि के लिए मां सरस्वती और शक्ति के लिए मां काली के आगे अपना सिर झुकाते हैं। उन्होंने बताया कि बुंदेलखंड में नर्मदा किनारे सुबह की पूजा के बाद बेटी के चरणों में सिर रखकर प्रणाम किया जाता है।
मंत्री ने लोगों से सवाल किया कि जब हम बेटी को प्रणाम करते हैं तो फिर उससे दूरी क्यों रखते हैं? बेटी, बहन और पत्नी को बराबरी का हक देने में हमारा समाज पीछे क्यों हट जाता है? आज भी जमीन, बैंक कर्ज और संपत्ति पुरुषों के नाम पर होती है। जब परिवार की महिलाओं के नाम अधिकार देने की बात आती है तो लोग कदम पीछे खींच लेते हैं। मंत्री ने कहा कि इस पुरानी सोच को बदलने की सख्त जरूरत है।
पुराने हालात बदलें और बेटियों पर भरोसा करें
बुंदेलखंड के पुराने समय को याद करते हुए मंत्री ने कहा कि पहले कुछ इलाकों में कमजोर परिवारों की बच्चियों को उठा ले जाने का डर रहता था। इसी डर की वजह से लोग अपनी बेटियों की कम उम्र में शादी कर देते थे या उन्हें कहीं बाहर भेज देते थे। अब उन पुराने हालात को समझकर मिल-जुलकर उन्हें बदलने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि हमारे शास्त्रों में देवी शक्ति की पूजा होती है। घर के अंदर महिलाओं के साथ वैसा व्यवहार नजर नहीं आता है। इस फर्क को खत्म करना होगा क्योंकि बेटियां घर का असली धन हैं। वही हमारी परंपरा को आगे बढ़ाती हैं। उन्हें पढ़ाई, सुरक्षा, सेहत और जिंदगी में आगे बढ़ने के पूरे मौके मिलने चाहिए। मंत्री ने कहा कि समाज में विश्वास किया तो जाता है लेकिन असल में होता नहीं है। इसलिए हमें अपनी बेटियों पर पूरा भरोसा करना होगा।