MP : थप्पड़ मारने पर बेटे ने किया मां का मर्डर, फिर किया ऐसा काम
शराबी बेटे को उसकी मां ने एक चांटा क्या मार दिया, कलयुगी बेटे ने मां को मौत के घाट उतार दिया। इतना ही नहीं, मां के शव को दफनाकर उसी कब्र पर अपने दोस्तों के साथ तीन दिन तक शराब पीता रहा। ये पूरा मामला है मंदसौर के भानपुरा इलाके का। शराब के नशे में चूर बेटे को देखकर मां गंगाबाई नाराज हो गई। उसने गुस्से में बेटे को थप्पड़ मार दिया। मां का थप्पड़ पड़ा तो बेटा आगबबूला हो गया। उसने दोस्त के साथ मिलकर मां को पीटना शुरू कर दिया। मारपीट में गंगाबाई का सिर पत्थर से टकरा गया। वह जमीन पर गिर गई और खून से लथपथ काफी देर तक तड़पती रही। इसके बाद उसकी मौत हो गई।
दोस्तों की मदद से आरोपी ने दफनाया शव
हत्या के बाद आरोपी ने अपने दोस्त की मदद से घर में सेप्टिक टैंक के लिए खोदे गए गड्ढे में मां की लाश को उठाकर दफना दिया इसके बाद ऊपर से रेत डाल दी, फिर गद्दा बिछा दिया। तीन दिनों तक दोनों कब्र के ऊपर बैठकर शराब पार्टी करते रहे। बदबू आने लगी तो आरोपी बेटा राजस्थान के पगारिया गांव स्थित अपने ननिहाल भाग गया।
ऐसे खुला हत्या का राज
बीते 17 जून को आरोपी कमलेश मुंडन करवाकर भानपुरा लौट आया। आरोपी के मुंडन करवाने से गांव में ही रहने वाले दामाद भगवान लाल शर्मा को शंका हुई। उन्होंने मुंडन का कारण और सास गंगाबाई के बारे में जानकारी मांगी तो आरोपी उसकी बात सुनकर घबरा गया और बिना कुछ कहे घर की ओर भाग गया।
साले की इस हरकत से बहनोई को आशंका हुई। वह सीधे घर पहुंचे जहां सेप्टिक टैंक के पास खोदे गए गड्ढे से दुर्गंध आ रही थी। उसने रेत हटाया तो एक लाश नजर आई। लाश सास गंगाबाई की थी। इसके बाद दामाद ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने कातिल बेटे और उसके दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है।
thesootr links
- मध्य प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- रोचक वेब स्टोरीज देखने के लिए करें क्लिक