MLA लोधी के बाद अब मंत्री नागर सिंह चौहान का भाई विवादों में, महिला CEO को दी धमकी- दांत तोड़ दूंगा

Amresh Kushwaha | Apr 25, 2026, 08:43 IST
mp minister nagarsingh chouhan bhai mahila ceo threat alirajpur
आलीराजपुर में जिला पंचायत सीईओ के साथ बदसलूकी और धमकी का मामला सामने आया है। मंत्री नागर सिंह चौहान के भाई पर सीईओ प्रिया काग को धमकाने और रास्ता रोकने का आरोप है। शिकायत के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।

News In Short

  • 22 अप्रैल को आलीराजपुर जनपद कार्यालय में हंगामा हुआ।
  • मंत्री नागर सिंह चौहान के भाई इंदरसिंह चौहान वहां पहुंचे थे।
  • उन्होंने महिला सीईओ प्रिया काग को धमकाया और मारने दौड़ाया।
  • पुलिस ने इंदर सिंह के खिलाफ BNS की कई धाराओं में केस दर्ज किया है।
  • सीईओ ने कहा कि वे कार्यस्थल पर खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं।

News In Detail

मध्यप्रदेश में सत्ता पक्ष से जुड़े रसूखदार लोगों के परिजनों की दबंगई के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। अभी पिछोर विधायक प्रीतम लोधी के बेटे का थार कांड और आईपीएस अधिकारी को धमकी देने का मामला ठंडा भी नहीं पड़ा था कि आलीराजपुर से एक नया विवाद सामने आ गया है।



इस बार कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान के भाई इंदर सिंह चौहान निशाने पर हैं। इंदर सिंह पर एक महिला अधिकारी के साथ अभद्रता करने के गंभीर आरोप लगे हैं।



दोपहर 3 बजे का वो खौफनाक मंजर

यह पूरी घटना 22 अप्रैल की है। आलीराजपुर जनपद पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) प्रिया काग दोपहर 3 बजे अपने कार्यालय पहुंची थीं। कामकाज सामान्य चल रहा था, लेकिन तभी वहां इंदर सिंह चौहान पहुंचे। इंदर सिंह जनपद पंचायत अध्यक्ष के पति भी हैं। इंदर सिंह कन्या विवाह योजना (Kanya Vivah Yojana) में कुछ आवेदनों के निरस्त होने को लेकर नाराज थे।



जिंदा गाड़ दूंगा... रसूख की गर्माहट में खोई मर्यादा

विवाद की वजह वो आवेदन थे, जो एमपी कन्या विवाह योजना के तहत अपात्र होने के कारण रद्द कर दिए गए थे। सीईओ प्रिया काग ने बताया कि इसी बात से गुस्से में आकर इंदर सिंह चौहान महिला CEO को मारने के लिए दौड़े। उन्होंने कहा कि तेरे दांत तोड़ दूंगा, तुझे यहीं जिंदा गाड़ दूंगा, यहां सब मेरी मर्जी से होगा। प्रिया काग ने कहा कि वे अपने कार्यस्थल पर असुरक्षित महसूस कर रही हैं। प्रत्यक्षदर्शियों और शिकायत के मुताबिक, वहां मौजूद लेखाधिकारी सावन भिंडे ने बीच में आकर मामले को शांत करने की कोशिश की।



कानूनी शिकंजा और धाराओं का जाल

महिला अधिकारी की शिकायत पर पुलिस ने इंदर सिंह चौहान के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। आलीराजपुर एसपी रघुवंश सिंह भदौरिया के अनुसार, आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया था, जहां से उसे फिलहाल जमानत मिल गई है।



विवादों से है इंदर सिंह का पुराना नाता

यह पहली बार नहीं है जब इंदर सिंह चौहान सुर्खियों में आए हों। उनका विवादों से पुराना रिश्ता रहा है। इससे पहले भी उन पर खाद वितरण के दौरान एक सेल्समैन के साथ मारपीट करने के आरोप लग चुके हैं। इतना ही नहीं, सरकारी कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों को हटवाने की कोशिशों को लेकर भी उन पर सवाल उठते रहे हैं।



मंत्री ने पल्ला झाड़ा: मेरा भाई से कोई संबंध नहीं

कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान से सवाल किया गया, तो उन्होंने स्पष्ट रूप से खुद को इस विवाद से अलग कर लिया। मंत्री ने कहा कि सालों हो गए हैं, मैं अपने भाई से बात नहीं करता। वह अलग रहता है और अपना काम खुद संभालता है। कानून अपना काम करेगा। वह किसे क्या बोल रहा है, यह उसकी जिम्मेदारी है।



ये खबर भी पढ़िए...



सख्त एक्शन के नाम पर क्या प्रीतम लोधी का सफाई देना काफी है? विधायक का अब क्या होगा?



दहाड़ से माफी तक: ‘बागी’ तेवरों वाले विधायक प्रीतम लोधी संगठन के आगे पड़े फीके, हाईकमान की क्लास के बाद बदले सुर



MP News: बड़बोले प्रीतम लोधी पर पार्टी सख्त, नोटिस देकर तीन दिन में मांगा जवाब



Weather Update: MP-CG और राजस्थान में बढ़ रही तपिश, पारा पहुंचा 43 डिग्री के पार, अलर्ट जारी



Tags:
  • MP News
  • मध्यप्रदेश
  • आलीराजपुर
  • एमपी कन्या विवाह योजना
  • नागर सिंह चौहान
  • मंत्री नागर सिंह चौहान