पीएम की सलाह के बाद भी इनएक्टिव MP भाजपा मंत्रियों का इंस्टाग्राम अकाउंट, किसके कितने फॉलोअर्स?
समझें क्या है पूरा मामला...
- मध्य प्रदेश सरकार के मंत्रियों का इंस्टाग्राम रिपोर्ट कार्ड सामने आया है।
- सीएम मोहन यादव सबसे ज्यादा फॉलोअर्स वाले नेता हैं।
- मंत्रियों में कैलाश विजयवर्गीय सबसे आगे हैं।
- तीन मंत्रियों के फॉलोअर्स 10 हजार से भी कम हैं।
- पीएम मोदी ने मंत्रियों को रील्स और वीडियो बढ़ाने की सलाह दी है।
देश की राजनीति में सोशल मीडिया अब सिर्फ प्रचार का जरिया नहीं रहा है। अब यह जनता तक सीधी पहुंच का सबसे बड़ा मंच बन गया है। इसी बीच मध्य प्रदेश के मंत्रियों के इंस्टाग्राम फॉलोअर्स का डेटा भी सामने आया है।
पीएम मोदी की नई सलाह
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में केंद्रीय मंत्रियों को इंस्टाग्राम पर सक्रिय रहने की सलाह दी थी। उन्होंने कहा था कि रील्स और शॉर्ट वीडियो के जरिए सरकारी योजनाएं युवाओं तक पहुंचाई जाएं।
सिर्फ तस्वीरें साझा करने की बजाय वीडियो कंटेंट को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं। पीएम की सलाह का मकसद युवाओं से सीधा संवाद बढ़ाना है।
दरअसल इसकी असल वजह हाल ही का एक घटनाक्रम भी है। जंतर मंतर पर छात्रों का प्रदर्शन मीडिया से ज्यादा इंस्टाग्राम पर वायरल हुआ।
देश भर में Gen-Z छात्रों का प्रदर्शन इस प्लेटफॉर्म पर खूब चर्चा में रहा। इसी दौरान पीएम मोदी ने भी इंस्टाग्राम पर वीडियो साझा किए।
खास बात यह है कि ज्यादातर मंत्रियों के इंस्टाग्राम अकाउंट वे खुद नहीं चलाते। उनके सलाहकार या सहयोगी ही यह हैंडल संभालते हैं। इसके बावजूद फॉलोअर्स की संख्या में भारी अंतर देखने को मिला है।
सीएम मोहन यादव सबसे आगे
इस मामले में सीएम मोहन यादव इंस्टाग्राम पर 20 लाख फॉलोअर्स के साथ सबसे आगे हैं। मंत्रियों में यह जिम्मेदारी नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने संभाली है। उनके 7 लाख 44 हजार फॉलोअर्स हैं।
दूसरे नंबर पर सहकारिता व खेल मंत्री विश्वास सारंग हैं। उनके करीब 3 लाख 84 हजार फॉलोअर्स हैं। पंचायत मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल तीसरे स्थान पर हैं, उनके 1 लाख 77 हजार फॉलोअर्स हैं। उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला चौथे नंबर पर हैं, उनके 1 लाख 55 हजार फॉलोअर्स हैं।
इस सूची में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपतिया उइके भी शामिल हैं। उनके करीब 1 लाख 50 हजार फॉलोअर्स हैं। यह आंकड़े दिखाते हैं कि शहरी और युवा वर्ग से जुड़े मंत्री डिजिटल मंच पर ज्यादा सक्रिय हैं।
कई मंत्री अब भी पीछे
हर मंत्री की डिजिटल पहुंच एक जैसी नहीं है। कई मंत्रियों के फॉलोअर्स की संख्या अब भी काफी कम है। सबसे कम फॉलोअर्स जनजातीय कार्य मंत्री कुंवर विजय शाह के हैं। उनके इंस्टाग्राम पर सिर्फ 3,924 फॉलोअर्स हैं।
इसके बाद राज्यमंत्री दिलीप जायसवाल का नंबर आता है। उनके 7 हजार 358 फॉलोअर्स हैं। कैबिनेट मंत्री नारायण सिंह कुशवाह तीसरे सबसे कम फॉलोअर्स वाले नेता हैं, उनके 9 हजार 484 फॉलोअर्स हैं। तीनों मंत्रियों के फॉलोअर्स 10 हजार से भी कम हैं।
इनके अलावा राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा, राज्यमंत्री राधा सिंह और स्वतंत्र प्रभार मंत्री गौतम टेटवाल जैसे कई नाम भी 25 हजार फॉलोअर्स से कम के दायरे में आते हैं। यह दिखाता है कि कैबिनेट में डिजिटल मौजूदगी को लेकर बड़ा फासला बना हुआ है।
पीएम मोदी 10 करोड़ फॉलोअर्स वाले पहले नेता
राष्ट्रीय स्तर पर पीएम मोदी का इंस्टाग्राम कद सबसे बड़ा है। उनके इस प्लेटफॉर्म पर 10 करोड़ 60 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हो गए हैं। वे इंस्टाग्राम पर 10 करोड़ फॉलोअर्स पार करने वाले दुनिया के पहले राजनीतिक नेता बन गए हैं।
ट्रंप से दोगुने फॉलोअर्स
पीएम मोदी वर्ष 2014 में इंस्टाग्राम से जुड़े थे। तब से उनकी लोकप्रियता लगातार बढ़ती गई। इस प्लेटफॉर्म पर उनके फॉलोअर्स अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प से भी दोगुने से ज्यादा हैं।
यह आंकड़ा बताता है कि भारतीय राजनीति में डिजिटल मौजूदगी कितनी अहम हो चुकी है। आने वाले समय में मंत्रियों की सोशल मीडिया सक्रियता और बढ़ने की उम्मीद है।
ये खबरें भी पढ़िए।
PM मोदी की 4 रील पर 95 करोड़ व्यूज, BTS, IShowSpeed को छोड़ा पीछे
पीएम मोदी का नया वीडियो- परीक्षा सुधार के लिए हाईपावर टास्क फोर्स बनाने की घोषणा
बीजेपी की पोस्ट से छिड़ा विवाद, Gen-Z छात्रा का करारा जवाब हुआ वायरल
भाजपा मंत्रियों की डिजिटल पकड़ कमजोर, जानें इंस्टाग्राम फॉलोअर्स का पूरा गणित