MP में मोहन सरकार के 3 साल: पीएम नरेंद्र मोदी को अपनी सरकार की उपलब्धियों का रिपोर्ट कार्ड दिखाएंगे सीएम मोहन यादव, जानें क्या हैं मुख्यमंत्री की सिद्धि-साधना और संकल्प
रिपोर्ट कार्ड तैयार करने में जुटे सभी ACS और PS
मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) के उच्च पदस्थ सूत्रों के मुताबिक सरकार के हर विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव (ACS) और प्रमुख सचिव (PS) को 3 साल की प्रमुख उपलब्धियों को बुकलेट के रूप में प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। मुख्यमंत्री के इस निर्देश पर सभी विभागों के अतिरिक्त मुख्य सचिव और प्रमुख सचिव अपने-अपने विभाग की 3 साल की प्रमुख और बड़ी उपलब्धियों का पूरा ब्यौरा तैयार करने में जुट गए हैं।
रिपोर्ट कार्ड सिद्धि, साधना और संकल्प थीम पर केंद्रित
सीएमओ में बड़ी जिम्मेदारी संभाल रहे सूत्र के मुताबिक मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिखाई जाने वाली बुकलेट में शामिल की जाने वाली उपलब्धियों को सिद्धि, साधना और संकल्प की थीम में पिरोने का निर्देश दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बुकलेट में सिद्धि थीम के अंतर्गत सरकार के वे टॉप 10 जनहित से जुड़े और नीतिगत फैसलों की जानकारी दी जाएगी जिन पर सरकार ने अमल कर लिया है। जैसे प्रदेश सरकार के करीब 5.50 लाख अधिकारी-कर्मचारियों के बरसों से लंबित रेगुलर प्रमोशन का मामला।
रेगुलर प्रमोशन मोहन सरकार की सिद्धि
मुख्यमंत्री मोहन यादव की टॉप प्रायरिटी वाले इस मुद्दे पर उनकी मंशा के अनुसार सरकार के सभी विभागों में अधिकारियों और कर्मचारियों को नियमित पदोन्नति का लाभ देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इससे पहले की सरकारों में अधिकारियों और कर्मचारियों को नियमित प्रमोशन का लाभ देने के बजाय उन्हें कार्यवाहक पदोन्नति दी जा रही थी। इसके तहत उन्हें सिर्फ उच्च पद का पदनाम मिलता था, वेतन-भत्ते नहीं।
साधना थीम में होगा प्रमोशन और ओबीसी के आरक्षण का मुद्दा
मुख्यमंत्री ने साधना थीम के अंतर्गत ऐसे टॉप 10 मुद्दों और कार्यों को शामिल करने को कहा है जो सरकार के लिए चुनौतीपूर्ण हैं। जैसे प्रदेश में सरकारी नौकरियों में अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) का आरक्षण 14 फीसदी से बढ़ाकर 27% करने और अधिकारी-कर्मचारियों के प्रमोशन में आरक्षण का विवादित मामला। अर्थात साधना थीम में सरकार के लिए चुनौतीपूर्ण समझे जाने वाले उन टॉप 10 मुद्दों को शामिल किया जाएगा जिनका समाधान सरकार अगले 2 साल में करेगी।
दुग्ध उत्पादकों को बोनस पर अमल बाकी
साधना थीम के अंतर्गत मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप उन मुद्दों या लक्ष्यों को पूरा करने का प्रयास किया जाएगा जो सीएम मोहन यादव की सरकार के कार्यकाल के शेष 2 सालों में पूरे किए जाएंगे। जैसे प्रदेश में लाखों दुग्ध उत्पादक किसानों को प्रति लीटर बोनस राशि के नकद भुगतान का लंबित मामला। मुख्यमंत्री मोहन यादव कई बार प्रदेश में दुधारू पशुओं को पालने वाले किसानों को प्रति लीटर के हिसाब से बोनस दिए जाने की घोषणा कर चुके हैं लेकिन अभी इस पर अमल शुरू होना बाकी है।
पीएम को अगले महीने रिपोर्ट कार्ड दिखाएंगे सीएम
मध्य प्रदेश में मोहन यादव सरकार की 3 साल की उपलब्धियों पर केंद्रित यह विशेष बुकलेट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अगले महीने नई दिल्ली में भेंट करने की योजना है। उल्लेखनीय है कि नवंबर 2023 में विधानसभा चुनाव के बाद भारतीय जनता पार्टी के विधायक दल का नेता मनोनीत किए जाने के बाद डॉ. मोहन यादव ने 13 दिसंबर 2023 को प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उनके शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल हुए थे।
CM मोहन यादव सरकार के बड़े फैसले
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली सरकार ने दिसंबर 2023 से नवंबर 2026 तक कई महत्वपूर्ण नीतिगत और जनकल्याणकारी फैसले लिए हैं। इनमें से बड़े फैसले इस प्रकार हैं:-
- लाड़ली बहना योजना की राशि में वृद्धि - महिलाओं को मिलने वाली मासिक सहायता राशि 1250 से बढ़ाकर 1500 रुपए करने का निर्णय।
- महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 35% आरक्षण - राज्य सरकार की सीधी भर्ती में महिलाओं के लिए 35 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान।
- भावांतर भुगतान योजना - किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए भावांतर योजना लागू करना।
- परिवहन चेकपोस्ट बंद करने का फैसला - प्रदेश की सीमाओं पर संचालित पारंपरिक परिवहन चेकपोस्ट बंद कर परिवहन व्यवस्था में बदलाव।
- धार्मिक स्थलों पर लाउडस्पीकर नियंत्रण - धार्मिक एवं अन्य स्थलों पर निर्धारित मापदंडों के अनुसार ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग का निर्णय।
- सड़क दुर्घटना पीड़ितों के लिए राहवीर योजना - दुर्घटना में घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने वाले मददगार को 25 हजार रुपए और प्रशस्ति पत्र देने का प्रावधान।
- सांदीपनि विद्यालयों का विकास - सीएम राइज स्कूलों को सांदीपनि विद्यालयों के रूप में विकसित करने का निर्णय।
- रेगुलर प्रमोशन - सरकार के करीब 5.50 लाख अधिकारी-कर्मचारियों को कार्यवाहक पदोन्नति के बजाय रेगुलर प्रमोशन का लाभ देना।