गजब MP में AI का अजब खेल! बैठे-बिठाए बना दिए तीन नए जिले, फर्जी आदेश देख निर्वाचन आयुक्त भी हैरान

Aman Vaishnav | Sootr Creatives | Published:
मध्य प्रदेश में AI से बने फर्जी सरकारी आदेश वायरल हुए, जिनमें पिपरिया, बरेली और पिछोर को नया जिला बताया गया।
Fake AI generated government orders declaring Pipariya, Bareli, and Pichhore as new districts in Madhya Pradesh exposed by officials
मध्य प्रदेश में नए जिले बनाने की मांग लंबे समय से उठ रही है। सरकार कब और किस शहर को जिला बनाएगी इसका इंतजार लोगों को है। दूसरी ओर लगता है कि कुछ लोगों को सरकार के फैसले का इंतजार करना भी मंजूर नहीं है। उन्होंने AI की मदद से बैठे-बिठाए तीन नए जिले बना दिए।

बता दें कि पिपरिया, बरेली और पिछोर को जिला घोषित करते हुए बाकायदा सरकारी आदेश तक जारी कर दिए। इतना ही नहीं आदेश पर राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज श्रीवास्तव के फर्जी हस्ताक्षर और मुहर भी लगा दी। जब ये पत्र सोशल मीडिया पर वायरल हुए तो खुद निर्वाचन आयुक्त भी हैरान रह गए। उन्होंने फेसबुक पर पोस्ट कर इस फर्जीवाड़े की पोल खोली।



AI से बना दिए तीन नए जिले

दरअसल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की ओर से पिछोर को जिला बनाने की घोषणा के बाद प्रदेश में नए जिलों को लेकर चर्चाएं तेज हैं। इसी बीच कुछ शरारती तत्वों ने AI का इस्तेमाल कर राज्य परिसीमन आयोग के नाम से तीन फर्जी सरकारी आदेश तैयार कर दिए।



इनमें नर्मदापुरम के पिपरिया, रायसेन के बरेली और शिवपुरी के पिछोर को नया जिला घोषित किया गया। इन Fake Orders पर 16 नवंबर 2026 की तारीख के साथ मनोज श्रीवास्तव के फर्जी हस्ताक्षर और मुहर भी लगाई गई।



MP में AI से बना दिए तीन नए जिले

जिस आयोग को छोड़े दो साल हुए, उसी के नाम से आदेश

राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज श्रीवास्तव ने इन फर्जी पत्रों को अपने फेसबुक अकाउंट पर शेयर करते हुए तंज कसा। उन्होंने लिखा कि धीरे धीरे लोग कृत्रिम दुनिया में जीने लगे हैं। AI की मदद से भीड़ दिखाकर फ्लॉप प्रदर्शन को हिट बताया जा सकता है। अब तो नए जिले भी बनाए जाने लगे हैं। उन्होंने हैरानी जताई कि जिस परिसीमन आयोग को छोड़े उन्हें करीब दो साल हो चुके हैं उसी के फर्जी लेटरहेड पर उनके हस्ताक्षर से आदेश जारी किए जा रहे हैं।



AI ने बना दिए जिले, लेकिन नियम नहीं देते इजाजत

फर्जी आदेश बनाने वालों ने भले ही तीन नए जिले घोषित कर दिए हों, लेकिन फिलहाल प्रशासनिक सीमाओं में बदलाव नहीं किया जा सकता है। मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि जनगणना की प्रक्रिया के दौरान प्रशासनिक इकाइयों की सीमाएं फ्रीज रहती हैं। इस दौरान नए जिले और तहसील बनाने की प्रक्रिया नहीं हो सकती है।



भारत सरकार के निर्देश के मुताबिक मध्य प्रदेश सहित संबंधित राज्यों में 1 जनवरी 2026 से 31 मार्च 2027 तक जिले, तहसील और अन्य प्रशासनिक इकाइयों की सीमाएं फ्रीज हैं। श्रीवास्तव ने फर्जी आदेश बनाने वालों पर तंज कसते हुए कहा कि यह दुनिया माया है, इतना तो पहले से पता था, लेकिन AI रोज इसकी याद दिलाता रहता है।



राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज श्रीवास्तव

दो साल पहले ही आयोग छोड़ चुके मनोज श्रीवास्तव

राज्य सरकार ने 9 सितंबर 2024 को रिटायर्ड आईएएस अधिकारी मनोज कुमार श्रीवास्तव को मध्य प्रदेश प्रशासनिक इकाई पुनर्गठन आयोग का अध्यक्ष बनाया था।



राज्य निर्वाचन आयुक्त नियुक्त होने के बाद उन्होंने 31 दिसंबर 2024 को आयोग के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद 1 जनवरी 2025 को राज्य निर्वाचन आयुक्त का पदभार संभाला। उनका कार्यकाल छह साल या 66 वर्ष की उम्र पूरी होने तक निर्धारित है।



MP के इन शहरों को जिला बनाने की उठ रही मांग

मध्य प्रदेश में कई शहरों और तहसीलों को जिला बनाने की मांग लंबे समय से चली आ रही है। इनमें ये प्रमुख हैं।



क्रमांकवर्तमान जिलाप्रस्तावित नए जिले
1सागरबीना और खुरई
2उज्जैननागदा
3शिवपुरीपिछोर
4नर्मदापुरमपिपरिया
5रायसेनबरेली
6छिंदवाड़ाजुन्नारदेव
7गुनाचांचौड़ा
8देवासबागली
9विदिशासिरोंज
10मंदसौरगरोठ और भानपुरा

सरकारी आदेश दिखे तो पहले करें चेक

AI के इस दौर में सरकारी लेटरहेड, मुहर और हस्ताक्षर की नकल करना आसान हो गया है। ऐसे में सोशल मीडिया पर वायरल होने वाला हर सरकारी आदेश सही हो यह जरूरी नहीं है।



फिलहाल पिपरिया, बरेली और पिछोर को जिला घोषित करने वाले वायरल आदेश फर्जी हैं। ऐसे किसी भी आदेश पर भरोसा करने या उसे आगे शेयर करने से पहले संबंधित सरकारी विभाग की आधिकारिक वेबसाइट से उसकी पुष्टि जरूर करें।



FAQ



1. क्या मध्य प्रदेश में पिपरिया, बरेली और पिछोर को नया जिला बना दिया गया है?



जी नहीं, पिपरिया, बरेली और पिछोर को नया जिला बनाने की खबर पूरी तरह से झूठी है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे सरकारी आदेश फर्जी हैं, जिन्हें कुछ शरारती तत्वों ने AI की मदद से तैयार किया है। राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज श्रीवास्तव ने खुद इस फर्जीवाड़े की पुष्टि की है।



2. मध्य प्रदेश में अभी नए जिले या तहसील क्यों नहीं बनाए जा सकते हैं?



भारत सरकार के निर्देशों के मुताबिक, जनगणना की प्रक्रिया के कारण प्रशासनिक इकाइयों की सीमाओं को फ्रीज कर दिया गया है। मध्य प्रदेश में 1 जनवरी 2026 से लेकर 31 मार्च 2027 तक जिले, तहसील और अन्य प्रशासनिक सीमाओं में किसी भी तरह का बदलाव नहीं किया जा सकता है।

Tags:
  • मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
  • AI से बना दिए तीन नए जिले
  • राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज श्रीवास्तव
  • आईएएस अधिकारी मनोज कुमार श्रीवास्तव
  • मध्य प्रदेश प्रशासनिक इकाई पुनर्गठन आयोग
  • भारत सरकार
  • सोशल मीडिया
  • राज्य निर्वाचन आयुक्त